नींद हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है. स्वस्थ जीवन के लिए अच्छा खानपान जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है अच्छी नींद लेना. यह हमारे शरीर के अंदरूनी अंगों के साथ साथ त्वचा के लिए भी फायदेमंद है, क्योंकि जिस वक्त हम सोते हैं उस वक्त हमारे कई अंग शरीर के विषाक्त पदार्थों को साफ करने का काम करते हैं ताकि जब हम सुबह उठें तो हमें हल्का महसूस हों.
यदि आप रात में भरपूर नींद नहीं ले रहीं हैं? तो आपको सावधान होने की जरूरत है, क्योंकि अच्छी नींद नहीं मिलने पर हमारे अंदर शुगर से भरपूर और जंक फूड खाने की इच्छा बढ़ जाती है. इससे हाई ब्लड प्रेशर, वजन बढ़ने के साथ-साथ मधुमेह का खतरा भी बढ़ सकता है. एक शोध के दौरान पाया गया है कि रात में छह घंटे की नींद लेने वाले लोगो के कमर की माप, नौ घंटे की नींद ले रहे लोगों की कमर की माप से 3 सेमी ज्यादा होती है.
कई शोधों में ये बात सामने आई है कि कम नींद लेने की वजह से ब्रेस्ट कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही शरीर में कोशिकाओं को भी काफी नुकसान होता है.
जो लोग नाइट शिफ्ट की जौब करते हैं उन्हें हमेशा कोई न कोई स्वास्थ्य समस्या बनी ही रहती है. इसके अलावा शरीर में दर्द, थकान, वजन बढ़ना और तनाव जैसी कई समस्याएं होती हैं इसकी वजह से हाई ब्लड प्रेशर की आशंका बढ़ जाती है. और हार्ट अटैक होने का खतरा भी बढ़ता है.
