किसी भी लड़की के जीवन में शादी का दिन सब से महत्त्वपूर्ण दिन होता है. इस दिन वह एक खूबसूरत सफर के लिए निकल रही होती है. पहली बार अपने हमसफर से उस का सामना होता है. उस की दिली ख्वाहिश रहती है कि इस दिन वह बेहद खूबसूरत दिखे. वैसे भी हर किसी की निगाहें दुलहन पर ही टिकी होती हैं.
केवल हैवी वर्क वाला खूबसूरत लहंगाचोली पहन लेने या मेकअप कर लेने से ही दुलहन सुंदर नहीं दिख सकती. इस के लिए जरूरी है अच्छी सेहत और चमकती त्वचा. चेहरे पर स्वाभाविक लाली और कांति के बिना लाख मेकअप या महंगे कपड़े भी दुलहन का श्रृंगार पूरा नहीं कर सकते.
हमारे शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए कई पोषक तत्त्वों में से किसी एक की भी कमी हो जाए तो सेहत बिगड़ने लगती है. खासतौर पर महिलाओं और लड़कियों को अपनी सेहत और पोषण का खास खयाल रखना चाहिए.
आजकल ज्यादातर लड़कियां कामकाजी हैं और इस वजह से व्यस्तता के चलते वे अपने खानपान से समझौता करती हैं. कई शोधों में यह बात सामने आई है कि गड़बड़ खानपान के चलते भारतीय लड़कियों को जरूरी पोषण नहीं मिलता जिस के चलते वे कई तरह की शारीरिक समस्याओं का शिकार बन रही हैं.
