UTI after menopause : "मैं साफसफाई का और अपना पूरा ध्यान रखती हूं. फिर भी पिछले 2 साल में मुझे 4 बार यूटीआई हुआ है..." यह सवाल एक 46 वर्षीय महिला का है जो बारबार होने वाले यूटीआई से परेशान थी और उसे इस की कोई भी वजह समझ नहीं आ रही थी.
अकसर महिलाएं इस समस्या के समाधान के लिए डाक्टरों द्वारा सुझाई गई ऐस्ट्रोजन क्रीम का सहारा लेती हैं, लेकिन कई बार इस का असर कुछ ही समय तक सीमित महसूस होता है. ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या ऐस्ट्रोजन क्रीम वाकई इस समस्या का स्थायी इलाज है या इस के साथ अन्य उपायों को भी अपनाना जरूरी है?
आइए, समझते हैं कि मेनोपौज के बाद यूटीआई से राहत पाने के लिए सही इलाज क्या है :
डाक्टर राधा का कहना है कि अगर कोई महिला मेनोपौज के दौरान बारबार यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फैक्शन का सामना कर रही है, जिसे 6 महीने में 2 बार या 1 साल में 3 बार से ज्यादा संक्रमण हुआ है तो उसे डाक्टर से तुरंत बात करनी चाहिए.
दरअसल, इस का सीधा संबंध मेनोपौज से है. मेनोपौज के बाद यूटीआई की समस्या कई महिलाओं में और भी ज्यादा बढ़ सकती है.
कनाडा के मेनोपौज फाउंडेशन के एक सर्वे मुताबिक, कनाडा की 82% महिलाओं को यह नहीं पता है कि इन दोनों कंडीशन का आपस में कोई संबंध भी है.
