कोरोना ने अच्छेअच्छों की कमर तोड़ कर रख दी है. इसलिए इस दीवाली लेनदेन के चक्कर में अपनी पौकेट पर बोझ न डालें, बल्कि जो भी खरीदना है खुद के लिए खरीदें. अपने घर को, अपनी स्टडी टेबल को, अपने घर के इंटीरियर को नया रूप दें ताकि आप का पैसा आप के घर में ही रहे और आप अपना घर भी खूबसूरत बना सकें. यह समय ऐसा नहीं है कि हम सोशल डिस्टैसिंग को ब्रेक कर के बाहर जाएं, लोगों से मिलेंजुलें, शौपिंग करें, गिफ्ट्स खरीदें और एकदूसरे को दें.
इतने साल आप ने त्योहार दूसरों के लिए मनाए हैं, दूसरों के लिए गिफ्ट्स खरीदे हैं, लेकिन इस बार आप गिफ्ट्स अपने लिए खरीदें. यकीन मानिए आप को ऐसा कर के अलग ही खुशी होगी, क्योंकि आप इस बार खुद के लिए जो सोच पा रही हैं.
किचन को दें स्टाइलिश लुक
घर में किचन ऐसी जगह होती है, जहां हम अपनों की हैल्थ का खास ध्यान रखते हैं और महिलाओं का तो अधिकांश समय किचन में ही बीत जाता है. ऐसे में अगर आप की तरह आप की किचन भी स्टाइलिश होगी तो आप को वहां काम करने में ज्यादा मजा आएगा, साथ ही आप का किचन आप के घर के लुक को भी बदल देगा. क्योंकि आजकल ओपन मौडलर किचन का जो चलन है.
