कोरोनाकाल में कोचिंग का धंधा खूब फलफूल रहा है. वैसे तो यह धंधा पहले भी खूब फलफूल रहा था, मगर जब से स्कूलकौलेज बंद हुए हैं तब से इस ने कारोबार का शक्ल ले लिया है और लोग जम कर चांदी काट रहे हैं.
अगर आप भी घर में खाली बैठे हैं अथवा आप नौकरी नहीं करते या फिर आप का बिजनैस मंदा चल रहा है तो आप औनलाइन कोचिंग को बिजनैस के तौर पर शुरू कर सकते हैं.
आइए, जानते हैं कि किस तरह का बिजनैस आप को अधिक मुनाफा दे सकता है :
घर बैठे सीखें केक बनाना : घर में किसी का बर्थडे हो, शादी की सालगिरह या फिर न्यू बोर्न बेबी के वैलकम की बात, हर अवसर पर केक कटिंग का चलन आम हो गया है. ऐसे में कोरोना की दस्तक ने इस बिजनैस को तेजी से बढ़ाने का काम किया है.
अब लोग बाजार से केक लाने से परहेज करने लगे हैं. इस की जगह उन्हें अपने करीबी से या फिर खुद घर पर केक बनाना ज्यादा अच्छा लगता है.
ऐसे में अगर आप में केक बनाने की कला है तो आप अपने इस हुनर को खुद तक ही सीमित न रखें बल्कि दूसरों को भी सिखा कर आप अच्छाखासा पैसा बना सकते हैं.
