क्रैडिट कार्ड के जरिए होने वाली धोखाधड़ी इन दिनों चरम पर है. यह बहुत आसानी से मगर बिना शोर के किया जाने वाला शातिराना अपराध है. जब तक आप को इस अपराध की भयावहता का पता चलता है तब तक आप लुट चुके होते हैं. यह एक इलैक्ट्रौनिक उपकरण, जिस का आकार आप की हथेली से बड़ा नहीं है, के जरिए होता है. इस छोटे से उपकरण का नाम स्किमर है. फिलहाल यह स्किमर पूरी दुनिया में कहर बरपाए हुए है.
आप नियमित क्रैडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो एक बात गंभीरता से समझ लीजिए कि जब भी आप अपना क्रैडिट कार्ड भुगतान करने के लिए किसी को देते हैं या फिर किसी एटीएम मशीन में डालते हैं तो आप स्किमिंग नामक अंतर्राष्ट्रीय अपराध का शिकार बनने की जद में होते हैं या दूसरे शब्दों में इस अपराध के जोखिम जोन में होते हैं. एक बार यदि आप का कार्ड क्लोन कर लिया गया तो आप का सारा पैसा किसी दूसरे देश में खाली कर दिया जाएगा.
पश्चिमी देशों की तरह अब यह अपराध भारत में भी धड़ल्ले से हो रहा है. हर वह भारतीय जिस के पास क्रैडिट कार्ड है, कभी भी और कहीं भी इस लूट का शिकार बन सकता है. कैसे? आइए जानते हैं.
