महिलाएं किचन में कैबिनेट और काउंटर टौप के चुनाव पर तो खास ध्यान देती हैं पर किचन सिंक पर उतना नहीं जबकि यह भी किचन का एक अहम हिस्सा है. अत: सिंक लगाते समय इन बातों का ध्यान रखा जाए तो यह सुविधाजनक होने के साथसाथ अच्छा लुक भी देगा:
किस चीज का हो किचन सिंक: किचन में सब से ज्यादा स्टेनलैस स्टील के सिंक का प्रयोग होता है. सौंदर्य और सफाई के नजरिए से यह उत्तम है. कम गेज की चादर का भारी व मजबूत होता है तो ज्यादा गेज का हलका व कमजोर. अपनी जरूरत के अनुसार उचित गेज का स्टील का सिंक लगवाएं.
पहले सिंक ढलवा लोहे के होते थे, पर उन की साफसफाई कठिन होती थी. इस के लिए उन के ऊपर चीनीमिट्टी का कवर देते थे. आजकल ग्रेनाइट या क्वार्ज के सिंक भी मिलते हैं. सुंदरता के लिहाज से ये काफी अच्छे होते हैं. सिरैमिक के सिंक भी आते हैं, पर इन के टूटने का खतरा रहता है.
सिंक का डिजाइन: सिंक की धातु के चुनाव के बाद सिंक का डिजाइन कैसा हो, यह आप की जरूरत और किचन के साइज पर भी निर्भर करता है. आप किचन में सिंगल बेसिन सिंक या डबल बेसिन सिंक अपनी सुविधा से लगवा सकती हैं.
