महानगर हों या छोटे शहर आए दिन चोरी की घटनाएं सुनने को मिल जाती हैं. चोर घर को खाली देख तुरंत हाथ साफ कर लेते हैं. लेकिन अब आप को चोरों से डरने की जरूरत नहीं और न ही अपने घूमने के प्रोग्राम को कैंसल करने की, क्योंकि आज की हाईटैक, स्मार्ट टैक्नोलौजी के जमाने में अपने घर को सुरक्षित रखने के लिए हर तरह के सस्ते, सुंदर और टिकाऊ विकल्प उपलब्ध हैं, जिन के जरीए आप कहीं भी रह कर अपने घर पर नजर रख सकती हैं. नीबू लटकाने से या पूजा करवाने से आप का घर सुरक्षित नहीं होगा, यह याद रखें.
1. वाई-फाई सर्विलांस कैमरा
आजकल ज्यादातर नौकरीपेशा हैं. ऐसे में घर की चिंता हमेशा सताती रहती है. लेकिन अब आप वाईफाई कैमरा लगा कर बेफिक्र हो सकती हैं, क्योंकि इस में लगा सैंसर किसी भी तरह की आवाज या चहलकदमी को पहचान लेता है और आप को ईमेल के जरीए अलर्ट भेज देता है. इस में नाइट विजन की भी सुविधा है, जिस से अंधेरे में भी यह काम करता है और इस से आप को चित्र, वीडियो मिल सकते हैं. यह आप के फोन से भी कनैक्ट हो सकता है जिस से कहीं भी रह कर आप अपने घर पर होने वाली गतिविधि को देख सकती हैं.
