Instant Food: आज का जमाना तेजी से बदल रहा है. पहले जहां रसोई का काम महिलाओं की सब से बड़ी जिम्मेदारी माना जाता था, वहीं अब वक्त और जरूरतें दोनों बदल चुके हैं. महिलाएं अब सिर्फ घर तक सीमित नहीं रहीं. वे नौकरी कर रही हैं, पढ़ाई कर रही हैं, बच्चों की देखभाल कर रही हैं और साथ ही खुद के लिए भी कुछ कर रही हैं. ऐसे में उन के लिए सब से बड़ा बोझ होता है रोजरोज का खाना बनाना. यही वजह है कि अब इंस्टैंट फूड और फूड वैंडिंग मशीनें एक नया विकल्प बन कर उभरी हैं जो न सिर्फ समय बचाती हैं बल्कि उन्हें रसोई के बंधन से कुछ हद तक फ्री भी करती हैं.
इंस्टैंट फूड का मतलब होता है ऐसा खाना जिसे बहुत जल्दी, कम मेहनत में तैयार किया जा सके. जैसे रैडीमेड उपमा मिक्स, नूडल्स, इंस्टैंट खिचड़ी, रैडी टू कुक परांठा जिसे सिर्फ गरम करना हो और उसी बरतन में खाना हो. ये सब चीजें अब हर मिडल क्लास घर में दिखने लगी हैं. पहले लोग इन्हें बाजारू और बिना पोषण वाला मानते थे लेकिन अब कंपनियां भी इन्हें हैल्दी, स्वादिष्ठ और घरेलू स्टाइल में बनाने लगी हैं ताकि महिलाओं को लगे कि ये भी घर के बने जैसे ही हैं. अब बात करें वैंडिंग मशीनों की तो ये मशीनें पहले सिर्फ चायकौफी या स्नैक्स देने के लिए जानी जाती थीं लेकिन अब इस में भी बड़ा बदलाव आ गया है.
