Late-Comers: यहां बात सिर्फ आप के मजे की नहीं हो रही, बल्कि आप के साथ जो लोग टूर में ट्रेवल कर रहे हैं उन का भी मजा खराब होता है और आप को बेवजह दूसरों की घूरती आंखें और डांट सुननी पड़ती हैं वह अलग. यकीनन इस से आप का भी मूड औफ होता होगा.
जैसेकि अगर आप ने कहीं पर बस टूर लिया है और बस टूर में कहा कि अब हम यहां 3 बजे मिलते हैं तो आप आराम से 4 बजे चलते हुए आ रहे हैं और बाकी सब बैठे हैं. गाड़ी में आप का इंतजार कर रहे हैं, तो यह वाकई बहुत गलत बात है. अब वक्त आ गया है कि अपनी इस आदत को बदल डालिए क्योंकि जब हम किसी ग्रुप टूर या और्गेनाइज्ड ट्रिप का हिस्सा होते हैं, तो समय की पाबंदी न केवल शिष्टाचार है, बल्कि यह दूसरों के प्रति सम्मान भी है.
सब का समय खराब होना
अगर हरकोई इसी तरह लेट आएं, तो सब का समय खराब होगा. हरकोई जल्दीजल्दी तैयार हो कर आते हैं. जब वे आते हैं और देखते हैं कि किसी एक के लिए बस नहीं चल रही है, तो उन्हें लगता है कि बेकार ही हम ने जल्दी की. हम भी आराम से आते. इस का नतीजा यह होता है कि हरकोई लेट आने लगता है जिस से सारा समय जो घूमने का था वह इंतजार में ही निकल जाता है. इस वजह से लोग आप के साथ घूमने जाने से बचने लगेंगे और एक दिन आएगा जब आप को अकेले ही ट्रैवल करना पड़ेगा.
