आप की सगाई हो चुकी है और शादी होने में कुछ वक्त बाकी है, तो ऐसे में आप मोबाइल पर एकदूसरे से बात भी करते होंगे या व्हाट्सऐप के जरिए संदेशों का आदानप्रदान करते होंगे. यदि मंगेतर उसी शहर में है, तो व्यक्तिगत रूप से मुलाकात भी होती होगी. यहां तक तो सब सामान्य है, लेकिन जब आप घंटों आपस में बतियाते हैं या रूबरू होते हैं तो जानेअनजाने कोई बात बुरी भी लग सकती है, जिस की वजह से मंगेतर रूठ सकता है.
यदि आप का मंगेतर आप से रूठ गया है तो क्या किसी बिचौलिए का इंतजार करेंगी या स्वयं इस की पहल करेंगी? कैसे मनाएंगी रूठे मंगेतर को?
रूठे मंगेतर को मनाना आसान भले ही न हो, लेकिन मुश्किल भी नहीं है. उस का आप से रूठना, नाराज होना थोड़े समय के लिए ही होता है, क्योंकि लंबे समय तक वह भी बात किए बिना नहीं रह सकता. हां, पुरुष होने का अहम उसे हो सकता है, इस के चलते वह सोचता है कि आप उसे मनाएंगी.
यदि आप दोनों के बीच असंवाद की स्थिति बनी हुई है, तो इसे लंबा न खींचें. कई बार यह रिश्ता टूटने का कारण भी बन जाती है. इसलिए सौरी कहने में देर न करें.
