Relationship Tips : रीमा और आदित्य, कभी एक-दूजे की आंखों में सुबह ढूंढ़ते थे, अब काम के मेलबौक्स में खो गए थे. मीटिंग्स, डेडलाइन और मोबाइल स्क्रीन ने रिश्ते में सन्नाटा भर दिया था. एक दिन आदित्य ने रीमा को बिना वजह कौफी पर बुलाया. दोनों अचकचाए, मुस्कुराए, और बातों में पुराने किस्से लौट आए. रीमा बोली, “हम थक गए थे... साथ चलना भूल गए थे.”
आदित्य ने उसका हाथ थामते हुए कहा, “तो क्या हुआ? फिर से चलना शुरू कर लेते हैं.”
कभी-कभी दूरी नहीं, एक कौफी और इरादा ही कौफी होता है... एक नई शुरुआत के लिए.
आजकल की ज़िंदगी में काम और करियर की रेस इतनी तेज हो गई है कि हम अक्सर वो लोग पीछे छोड़ देते हैं जिनके साथ ये सफर शुरू किया था. सुबह की नींद औफिस कौल्स से टूटती है और रातें लैपटौप की नीली रोशनी में बीत जाती हैं. ऐसे में ना जाने कब रिश्तों के बीच एक खामोशी आकर बैठ जाती है — जो बोलती कुछ नहीं, पर बहुत कुछ कह जाती है.
कभी जिनसे घंटों बात करते थे, अब उनसे हफ्तों तक सिर्फ "ठीक हूं" या "बिज़ी हूं" में बातचीत सिमट जाती है. क्या ये सच में बिज़ीनेस है या हम खुद ही अपने रिश्तों से दूरी बना बैठे हैं? लेकिन अच्छी बात ये है कि रिश्ते टूटते नहीं, बस थम जाते हैं. और हर थमे रिश्ते को फिर से चलाने के लिए बस एक छोटी-सी कोशिश काफी होती है.
