कहा जाता है कि बच्चे कच्ची मिट्टी के समान होते हैं. उन्हें क्या रूप देना है यह आप के ऊपर निर्भर करता है. बड़ा हो कर बच्चा अच्छे व्यक्तित्व का स्वामी बने , उन्नति करे और आप का नाम रोशन करे इस की चाह तो हर मांबाप को होती है. मगर ऐसा मुमकिन तभी होगा जब आप शुरू से बच्चे की अच्छी परवरिश पर ध्यान दें. अच्छी परवरिश के लिए दूसरी बातों के साथसाथ एक बात काफी अहम है जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर जाते हैं और वह है बच्चों को रिस्पैक्ट देना.
- बच्चे को कभी उस के छोटे भाई/बहन के आगे न डांटें
यदि आप के बच्चे ने कोई काम आप के मनमुताबिक नहीं किया, उस ने कोई शरारत कर दी , नंबर अच्छे नहीं आए या किसी और कंपटीशन में पिछड़ गया या फिर उस के झूठ बोलने पर आप को गुस्सा आया हो, बात कितनी भी बड़ी हो पर बच्चे को कभी उस के छोटे भाई बहनों के आगे अपमानित न करें. क्योंकि छोटा भाई/बहन जो बड़े को आप से डांटमार खाता हुआ देख रहा है, समय आने पर खुद भी बड़े की कद्र करना छोड़ देगा। छोटे भाई/बहन की नजर में बड़े का सम्मान घट जाएगा. वह बड़े भाई/बहन का मजाक उड़ाएगा और बड़े के मन में कुंठा बैठती जाएगी. इसलिए यदि बड़े बच्चे को कुछ समझाना है तो छोटे के आगे नहीं बल्कि अकेले में कहें.
