Health Issue : अगर आपकी भी ऐसी ही कोई समस्या है, तो ये लेख अंत तक पढ़ें

मुझे नैक फीमर फ्रैक्चर है, यह समस्या इतनी गंभीर है कि फरवरी के महीने से मैं चल भी नहीं पा रही हूं. मेरे फिजिशियन ने सलाह दी है कि मुझे जितनी जल्दी से जल्दी हो सके सर्जरी करा लेनी चाहिए. ऐसे में मुझे क्या करना चाहिए?

अगर फ्रैक्चर के कारण रक्त नलिकाओं में टूटफूट हो गई है तो फेमोरल हैड को रक्त की सप्लाई बंद हो जाएगी, जिस से अंतत: हड्डियों के ऊतक मरने लगेंगे, जिसे ऐस्क्युलर नैक्रोसिस कहते हैं. यह एक आपातकालीन स्थिति है, इसलिए आप को सर्जरी कराने में बिलकुल भी देरी नहीं करना चाहिए.

युवावस्था में मेरा ऐक्सीडैंट हो गया था, जिस से मेरे कूल्हे के साकेट में फ्रैक्चर हो गया था. उस समय औपरेशन नहीं किया गया. इतने वर्षों तक मुझे कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अब मुझे कूल्हे में लगातार दर्द रहने लगा है और चलनेफिरने में भी परेशानी हो रही है. बताएं क्या करूं?

लगता है आप कूल्हे के जोड़ के पोस्ट ट्रामैटिक आर्थाइटिस के शिकार है. अपने कूल्हे का एक्सरे कराएं, बेहतर डायग्नोसिस के लिए एमआरआई और सीटी स्कैन भी कराएं. अगर समस्या गंभीर है तो हिप रिप्लेसमैंट सब से बेहतर समाधान है. हिप रिप्लेसमैंट सर्जरी में हिप जौइंट के क्षतिग्रस्त भाग को सर्जरी के द्वारा निकाल कर धातु या अत्याधिक कड़े प्लास्टिक के इंप्लांट से बदल दिया जाता है. मिनिमली इनवैंसिव हिप रिप्लेसमैंट सर्जरी ने सर्जरी को काफी आसान और सरल बना दिया है, परिणाम भी बहुत बेहतर आते हैं और औपरेशन के बाद ठीक होने में अधिक समय भी नहीं लगता है.

मेरी उम्र 58 वर्ष है. मुझे दोनों घुटनों के जोड़ों का औस्टियोआर्थ्राइटिस है. डाक्टर ने मुझे नीरिप्लेसमैंट की सलाह दी है, लेकिन कोविड-19 के कारण में सर्जरी कराने से डर रही हूं. कृपया बताएं कि मुझे क्या करना चाहिए?

कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान सर्जरी को थोड़ा समय रुक कर कराने की सलाह दी जा रही है खासकर बुजुर्गों को जो पहले से ही किसी स्वास्थ्य समस्या जैसे डायबिटीज और फेफड़ों से संबंधित किसी बीमारी के शिकार हैं, उन के लिए खतरा अधिक है. इन लोगों को संक्रमण से बचने के लिए जितना अधिक से अधिक समय तक हो सर्जरी से बचना चाहिए, क्योंकि अस्पताल में रहने के दौरान या सर्जरी के पश्चात रिकवरी के समय जैसे फिजियोथेरैपी या फोलोअप ड्रैसिंग संक्रमण की चपेट में आने का खतरा बढ़ा सकती है. वैसे आप की उम्र बहुत अधिक नहीं है, अगर आप को कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या नहीं है और सर्जरी कराना बहुत जरूरी है तो आप अपने डाक्टर की सलाह से नीरिप्लेसमैंट सर्जरी का सही समय चुन सकती हैं.

क्या यह संभव है कि मैं अपने एक घुटने की नीरिप्लेसमैंट सर्जरी के लिए सुबह सर्जरी के लिए आऊं और सर्जरी कराने के बाद शाम तक घर वापस आऊं. कोरोना संक्रमण से खुद को बचाने के लिए मुझे रात को अस्पताल में न रुकना पड़े?

आप ऐसा कर सकती हैं, लेकिन ऐसा कर पाएं यह जरूरी नहीं है, क्योंकि अगर सर्जरी के बाद आप को दर्द होगा तो अस्पताल में रुकना जरूरी हो जाएगा. लेकिन अगर आप घर पर ही दर्द के प्रबंधन के लिए मैडिकल केयर की सुविधा जुटा सकती हैं, जरूरत पड़ने पर अपने सर्जन और ऐनेस्थीसिस्ट (सर्जरी के लिए बेहोश करने वाला डाक्टर) से आ कर मिल सकती हैं, तो आप रात में अस्पताल में न रुक कर घर जा सकती हैं. वैसे आंशिक घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी अधिक सुरक्षित है, इसे कराने के पश्चात मरीज उसी दिन घर जा सकता है, लेकिन इस के लिए औपरेशन से पहले काउंसलिंग और पूरी प्लानिंग की जरूरत होती है.

मैं 42 वर्षीय कंटैंट राइटर हूं. मुझे पिछले कुछ समय से बल्जिंग डिस्क की समस्या है. लौकडाउन के कारण पिछले 2-21/2 महीने घर से ही काम कर रहा हूं. लगातार कंप्यूटर पर काम करने और घर पर औफिस जैसा प्रोफैशनल सैटअप नहीं होने के कारण मेरी समस्या और बढ़ गई है. कृपया बताएं कि इस से बचने के लिए क्या करूं?

सब से पहले तो घर पर काम करने के लिए सही व्यवस्था करें. अपने ऐर्गोनामिक्स को सुधारें, ऐर्गोनामिक्स में आता है कि आप कैसे बैठें, कंप्यूटर की पोजीशन क्या हो. बोर्ड कहां हो, टेबल और कुरसी की हाइट कितनी हो. इस के अलावा एक ही जगह लगातार न बैठें, थोड़ीथोड़ी देर में बे्रक लें, उठें और चलें. बैठने और खड़े रहने के दौरान अपना पोस्चर ठीक रखें ताकि रीढ़ और डिस्क पर दबाव कम पड़े. हर दिन 20-30 मिनट ऐक्सरसाइज जरूर करें.

पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :

गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055 कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें. स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...