सवाल-
मेरी मां को डिंबाशय का कैंसर था. लेकिन अब वे उपचार से ठीक हो चुकी हैं. हाल ही में मेरी चाची को भी डिंबाशय के कैंसर का पता चला है. मैं ने सुना है कि डिंबाशय का कैंसर आनुवंशिक रोग है, जिस के कारण मुझे इस की चपेट में आने की आशंका है. कृपया बताएं कि मुझे किन लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए और क्या मुझे किस प्रकार की जांच करानी चाहिए?
जवाब-
डिंबाशय के कैंसर के कुल मामलों में 5 से 10% मामले ही आनुवंशिक होते हैं. इस रोग का पारिवारिक इतिहास होने के कारण आप के समक्ष जीन के उत्परिवर्तित होने का उच्चस्तरीय खतरा रहता है. कैंसर के शीघ्र डाइग्नोसिस के लिए कुछ जांचें कराना जरूरी होता है. डिंबाशय के कैंसर के शुरू के चरणों में कोई लक्षण प्रकट नहीं होता, लेकिन यदि आप श्रोणिक्षेत्र अथवा आमाशय अथवा गैस, पेट फूलने जैसी आंत्रजठरीय समस्याओं जैसे लक्षणों को महसूस करती हैं, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें. अल्ट्रासाउंड के जरीए इस का डाइग्नोसिस किया जा सकता है.
सवाल-
मैं 30 वर्षीय कामकाजी महिला हूं. मैं और मेरे पति 2 वर्षों से गर्भधारण के लिए प्रयास कर रहे हैं. हाल ही में मुझ में गर्भग्रीवा के कैंसर का पता चला है. क्या मैं भविष्य में गर्भवती हो सकती हूं? यदि मैं गर्भवती हो जाती हूं, तो क्या कैंसर का उपचार बच्चे के लिए नुकसानदायक होगा?
जवाब-
ऐसी स्थिति में गर्भधारण मुमकिन नहीं है. विकिरण चिकित्सा से आप के डिंबाशय काम करना बंद कर सकते हैं तथा आप के गर्भाशय को रिमूव कर दिए जाने के कारण गर्भधारण मुमकिन नहीं हो सकता. यदि 2 सैंटीमीटर से कम ग्रोथ वाले गर्भग्रीवा के कैंसर का पहला चरण होता है, तो लैप्रोस्कोपिक पैल्विक लिंफैडेनैक्टोमी के साथ वैजाइनल ट्रैचेलैक्टोमी की सर्जरी के द्वारा गर्भाशय को बचाया जा सकता है. इस औपरेशन के बाद गर्भधारण के मामले देखे गए हैं. यदि कैंसर का जल्दी पता लग जाता है अथवा गर्भावस्था की आखिरी तिमाही में कैंसर का पता चलता है, तो इस के उपचार को प्रसव के बाद तक टाला जा सकता है.
ये भी पढ़ें- हार्ट फेल्योर से जुड़े सवालों का जवाब दें?
सवाल-
मैं 27 वर्षीय युवती हूं. मैं स्वस्थ हूं और नियमित व्यायाम करती हूं. मेरा मासिकचक्र भी नियमित रहता है. लेकिन इस की उत्तरावस्था में माह में मुझे कम से कम 2 बार रक्तस्राव होता है, जिस से दूसरा रक्तस्राव लंबे समय तक नहीं होता. इस के अलावा योनि से सफेद डिस्चार्ज भी होता है. मुझे सहवास के दौरान भी हलका दर्द होता है लेकिन प्रारंभिक प्रवेश के बाद दर्द समाप्त हो जाता है. क्या मुझे ऐंडोमैट्रियल कैंसर हो सकता है? इस का उपचार क्या है?
जवाब-
27 वर्ष की अवस्था में ऐंडोमैट्रियल कैंसर की संभावना काफी कम होती है. लक्षणों का कारण पैल्विक इन्फ्लैमेट्री डिजीज होता है, जिस का ऐंटीबायोटिक्स द्वारा आसानी से उपचार किया जा सकता है. यदि मासिकधर्म लंबे समय तक अनियमित रहता है, तो डायलेशन ऐंड क्योरटेज (डीएनसी) किया जा सकता है.
सवाल-
मैं 33 वर्षीय महिला हूं. 3 माह का गर्भ है. करीब 2 वर्ष पूर्व गर्भपात हो गया था. मेरे गर्भाशय का आकार सामान्य से बड़ा है. मैं ने सुना है कि यह कैंसर का लक्षण है. क्या मुझे कैंसर है?
जवाब-
यह जैस्टेशनल ट्रोफोब्लास्टिक डिजीज (जीटीडी) का लक्षण है. यदि आप का चिकित्सक यह सोचता है कि इस में चिंता की कोई बात नहीं है, तो फिर चिंता नहीं करनी चाहिए. अल्ट्रासाउंड से इस की पुष्टि की जा सकती है. प्राय: गर्भावस्था के दौरान खून की कमी हो जाती है. अत: आयरन से भरपूर भोजन कीजिए.
ये भी पढ़ें- मैंने कभी अपर लिप्स नहीं बनवाए, इसे बनवाने का सही तरीका क्या है?
सवाल-
मैं 22 वर्षीय लड़की हूं. मेरी मां 2 माह पहले स्तन कैंसर से गुजर गई थीं. कैंसर उन के फेफड़ों और अन्य अंगों तक पहुंच गया था. मैं भी स्वयं को कैंसर के खतरे के दायरे में मानती हूं तथा यह जानना चाहती हूं कि मुझे कितनी पहले जांच करा लेनी चाहिए? मेरे लिए इस से बचने का कोई उपाय है?
जवाब-
आप जांच के लिए देरी न करें. किसी भी आयु में अल्ट्रासाउंड कराया जा सकता है. लेकिन मैमोग्राफी 40 वर्ष की अवस्था में कराई जानी चाहिए. बीआरसीए के उत्परिवर्तन के साथ नवीनतम डाइगनोज्ड महिलाओं के लिए सुनियोजित उपचार की अब भी खोज की जा रही है. किसी ओन्कोलौजिस्ट से संपर्क करें.
–डा. एस.के. दास
सीनियर कंसल्टैंट, गाइनी–ओन्कोलौजी,
ऐक्शन कैंसर हौस्पिटल.
ये भी पढ़ें- क्या लंबाई बढ़ाने वाले कैप्सूल इस में कुछ मदद कर सकते हैं?
अगर आपकी भी ऐसी ही कोई समस्या है तो हमें इस ईमेल आईडी पर भेजें- submit.rachna@delhipress.biz सब्जेक्ट में लिखे… गृहशोभा-व्यक्तिगत समस्याएं/ Personal Problem
