सवाल

मैं 1 महीने से बाईं ऐड़ी और तलवे में चुभन भरे दर्द से परेशान हूं. यह दर्द चलते वक्त होता है. पैर में कभी कोई चोट नहीं लगी, लेकिन जैसे ही चलने के लिए पांव नीचे रखती हूं, दर्द शुरू हो जाता है. बताए मैं क्या करूं?

जवाब

आप के लक्षण प्लांटर फेशियाइटिस के हैं. यह विकार पांव के तले में ऐड़ी से पैर की उंगलियों तक फैली मोटी ऊतकीय तह में सूजन आने से उपजता है. ऐसे जूतेचप्पल जिन के तले में ठीक से कुशनिंग नहीं होती, उन्हें पहनने, देर तक खड़े रह कर काम करने, शरीर का वजन अधिक होने और धावक होने पर प्लांटर फेशियाइटिस होने का रिस्क बढ़ जाता है.

पांव की नैचुरल आर्च को मजबूत बनाने वाले व्यायाम करने, दिन में 3-4 बार 15-20 मिनट के लिए ठंडा सेंक करने, ठीक कुशनिंग वाले जूतेचप्पल पहनने और वजन घटाने से इस तकलीफ से राहत पाई जा सकती है. यदि रोग इस से काबू में न आए, तो किसी और्थोपैडिक सर्जन से मिलना वाजिब है. कुछ मामलों में ऐड़ी में स्टेराइड का टीका लगाने से भी आराम मिलता है. पर यह टीका किसी अनुभवी सर्जन से ही लगवाना चाहिए वरना कौंप्लिकेशंस का डर रहता है.

ये भी पढ़ें- मुझे मुस्लिम लड़की से प्यार हो गया है, मैं क्या करुं?

ये भी पढ़ें…

हाई हील सताए तो अपनाएं ये उपाय

फैशन और ग्लैमर वर्ल्ड की ओर आकर्षित महिलाएं अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखे बिना ही किसी भी प्रकार की हाई हील पहनने लगती हैं. एक सर्वेक्षण के मुताबिक हाई हील पहनने वाली 90% महिलाएं घुटनों, कमर, कूल्हों, कंधों और जोड़ों के दर्द से परेशान रहती हैं.

और्थोपैडिक सर्जन हमेशा हाई हील पहनने से होने वाली इन परेशानियों से महिलाओं को अवगत कराते हैं. पर महिलाएं इस पर ध्यान न दे कर हाई हील पहनती हैं. फलस्वरूप वे जोड़ों में दर्द, नसों में खिंचाव, कमर के आसपास चरबी बढ़ना आदि समस्याओं से ग्रस्त हो जाती हैं. कई बार तो कम उम्र में ही नी कैप बदलने तक की नौबत आ जाती है.

इस बारे में मुंबई के और्थोफिट के मोबिलिटी कंसलटैंट और पीडियाट्रीशियन, जो 15 सालों से इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं, कहते हैं कि 10 में से 1 महिला सप्ताह में कम से कम 3 बार हाई हील पहनती है. इस से एडि़यां ऊंची हो जाती हैं, जिस से शरीर का झुकाव आगे की ओर हो जाता है. फलस्वरूप शरीर की मुद्रा बिगड़ जाती है. पंजों एवं एडि़यों में दर्द के अलावा पीठ दर्द, नसों में खिंचाव, घुटनों में दर्द जैसी समस्याएं भी हो जाती हैं.

हाई हील सोचसमझ कर खरीदें

अब महिलाएं हील न पहनें ऐसा तो मुमकिन ही नहीं, लेकिन वे परेशानियों से बचने के लिए इन बातों पर ध्यान दें:

– हाई हील कम से कम पहनें.

– 1 से डेढ़ इंच की हाई हील पहनने में कोई हरज नहीं पर 4-5 इंच की पहने पर परेशानी होती है. अत: 4-5 इंच की हाई हील कभीकभार ही पहनें.

– कम समय के लिए शौपिंग पर जाती हैं, तो हील पहन सकती हैं. शौपिंग मौल में जाते समय हील पहनने से बचें.

– घूमनेफिरने जाते समय हाई हील कभी न पहनें.

– पैंसिल हील से आप के पैरों पर शरीर का वजन बढ़ता है, जिस से कमर और हिप्स में दर्द होता है. अत: इन्हें कम पहनें.

– औफिस में पूरा दिन हाई हील न पहनें. बीचबीच में उन्हें उतार दें.

– हमेशा हील शाम को ही खरीदें, क्योंकि पूरा दिन काम करने के बाद शाम तक पैरों का आकार थोड़ा बढ़ जाता है.

– हील खरीदते समय ध्यान दें कि वे कंफर्टेबल हैं या नहीं. फैंसी फुटवियर पर न जाएं. कोई भी ब्रैंड यह दावा नहीं कर सकता कि उस की हाई हील पहनने पर पैरों में दर्द न होगा.

– कभी औनलाइन हील की खरीदारी न करें.

– पैरों के दर्द को कभी सहन न करें. उसे व्यायाम या चिकित्सा से दूर करें. 

ये भी पढ़ें- पार्किंसंस बीमारी का क्या कोई और इलाज संभव है?

अगर आपकी भी ऐसी ही कोई समस्या है तो हमें इस ईमेल आईडी पर भेजें- submit.rachna@delhipress.biz   सब्जेक्ट में लिखे…  गृहशोभा-व्यक्तिगत समस्याएं/ Personal Problem

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...