Health Tips : अगर आपकी भी ऐसी ही कोई समस्या है, तो ये लेख अंत तक जरूर पढ़ें…

मैं 45 वर्षीय कामकाजी महिला हूं. मुझे पिछले कुछ महीनों से उच्च रक्तचाप की शिकायत हो गई है. क्या मुझे नमक खाना पूरी तरह बंद कर देना चाहिए?

शरीर के सुचारु रूप से काम करने के लिए उचित मात्रा में नमक का सेवन जरूरी है. मगर आप का रक्तचाप सामान्य से अधिक रहने लगा है, इसलिए नमक का सेवन थोड़ा कम जरूर कर दीजिए पर पूरी तरह बंद मत कीजिए. अधिक नमक का सेवन उन लोगों के रक्तचाप को खतरनाक स्तर तक बढ़ा सकता है, जिन्हें हाइपरटैंशन है, क्योंकि नमक में सोडियम होता है.

यह रक्त नलिकाओं को कड़ा और संकरा कर देता है. इस से हृदय को शरीर में रक्त पंप करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है. लेकिन अगर आप नमक का सेवन पूरी तरह से बंद कर देंगी तो आप का रक्तचाप खतरनाक स्तर तक कम हो जाएगा और इस से शरीर के दूसरे अंगों की कार्यप्रणाली भी प्रभावित होगी.

मेरी उम्र 27 साल है. मैं पेशे से वकील हूं. अभी परिवार बढ़ाना नहीं चाहती, इसलिए गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हूं. क्या इन से उच्च रक्तचाप की शिकायत हो सकती है?

गर्भनिरोधक गोलियों से रक्तदाब मामूली से ले कर खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है. इन के सेवन से रक्त का थक्का बनने का खतरा भी बढ़ जाता है. जो महिलाएं लंबे समय तक गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं उन का रक्तदाब कभीकभी अत्यधिक बढ़ जाता है इसलिए आप को गर्भधारण से बचने के दूसरे उपाय अपनाने चाहिए.

जिन महिलाओं को पहले से ही उच्च रक्तचाप की शिकायत हो, अगर वे गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं तो ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक आने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसा माना जाता है कि इन गोलियों में ऐस्ट्रोजन होता है जो रक्तदाब को बढ़ा देता है.

मेरी उम्र 52 वर्षीय एक घरेलू महिला हूं. मेरा रक्तदाब अकसर सामान्य से थोड़ा कम रहता है. आगे चल कर मेरे लिए बीमारियों का खतरा तो नहीं बढ़ जाएगा?

रक्तदाब सामान्य से थोड़ा कम रहना कई प्रकार से हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक भी है. अगर रक्त का दाब लगातार सामान्य से थोड़ा कम बना रहता है तो स्ट्रोक और हार्ट अटैक की आशंका कम हो जाती है. स्वस्थ लोगों में अगर निम्न रक्तदाब बिना किसी लक्षण के है तो चिंता की कोई बात नहीं है और इस का उपचार करने की जरूरत भी नहीं है. वैसे कई लोगों का ब्लड प्रैशर आनुवंशिक रूप से ही कम होता है.

पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :

गृहशोभा, ई-8, रानी    झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055

कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें. व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...