सवाल

मेरी उम्र 22 साल है और मैं ने अपना ग्रेजुएशन कंप्लीट कर लिया है. इसी साल मार्च में मेरी सगाई हो गई है और अक्तूबर में शादी है. मेरा मंगेतर विदेश में रहता है. मेरे वीजा का प्रौसेस चल रहा है ताकि मैं अक्तूबर में शादी के बाद नवंबर में पति के साथ विदेश चली जाऊं. मेरे और मेरे मंगेतर के बीच रोज 3-4 बार बात जरूर होती है. बहुत अच्छी सी फीलिंग है यह. ऐसा लगता है जैसे हम गर्लफ्रैँडबौयफ्रैंड हैं. हमारे बीच बहुत अच्छी बौंडिंग बन चुकी है. मैं अपने मंगेतर के प्यार में इतनी डूब चुकी हूं कि उस के सिवा मुझे और कोई नहीं दिखता. वह भी मुझ पर जीजान से फिदा है. कभीकभी मैं सोचती हूं कि यह हमारा प्यार शादी के बाद भी ऐसा ही रहेगा या शादी के बाद जब हम एक हो जाएंगे, वही पतिपत्नी वाला ठंडा प्यार रह जाएगा? मैं ऐसा हरगिज नहीं चाहती. मैं ऐसा क्या करूं जिस से हमारे बीच प्यार की गरमी यों ही बरकरार रहे?  

जवाब

प्यार का आप का यह पहला अनुभव है और उस में आप पूरी तरह डूबी हुई हैं. ऐसा होना कोई नई बात नहीं है. पहले प्यार का नशा ऐसा ही होता है और अच्छा भी है कि आप अपनी सगाई और शादी के बीच के टाइम को प्यार से भर रहे हैं.

आप चाहती हैं ऐसा ही प्यार शादी के बाद भी रहे. देखिए, जिंदगी के हर पड़ाव के साथ प्रेम का रूप भी बदल जाता है. अभी आप दोनों की शादी हुई नहीं है. प्यार करने के अलावा आप दोनों के पास दूसरा और कोई जरूरी काम नहीं है. लेकिन शादी के बाद कई जिम्मेदारियां आ जाती हैं जिन के बीच में प्यार का जोश ठंडा पड़ने लगता है लेकिन जिस तरह ज्वालामुखी ऊपर से ठंडा लेकिन अंदर आग जलती रहती है वैसी ही प्यार में अंदर की आग जलती रहनी चाहिए. उस के लिए अपनी आपसी बौंडिंग को मजबूत बनाए रखें.

प्यार में गर्मजोशी को बनाए रखें ताकि एकरूपता से बोरियत पैदा न हो. एकदूसरे पर विश्वास रखें. आपसी बहसबाजी से बचें. एकदूसरे की जरूरतों, कम्फर्ट का ध्यान रखें. यही छोटीछोटी बातें होती हैं जिन से पतिपत्नी के बीच प्यार की गर्मजोशी बनी रहती है. आप इन बातों को ध्यान में रखेंगी तो सब अच्छा रहेगा. विश यू वैरी हैप्पी मैरिड लाइफ.

पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें : गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055.,

व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...