Salt intake for high BP : मैं 45 वर्षीय कामकाजी महिला हूं. मुझे पिछले कुछ महीनों से उच्च रक्तचाप की शिकायत हो गई है. क्या मुझे नमक खाना पूरी तरह बंद कर देना चाहिए?
शरीर के सुचारु रूप से काम करने के लिए उचित मात्रा में नमक का सेवन जरूरी है. मगर आप का रक्तचाप सामान्य से अधिक रहने लगा है, इसलिए नमक का सेवन थोड़ा कम जरूर कर दीजिए पर पूरी तरह बंद मत कीजिए. अधिक नमक का सेवन उन लोगों के रक्तचाप को खतरनाक स्तर तक बढ़ा सकता है, जिन्हें हाइपरटैंशन है, क्योंकि नमक में सोडियम होता है.
यह रक्त नलिकाओं को कड़ा और संकरा कर देता है. इस से हृदय को शरीर में रक्त पंप करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है. लेकिन अगर आप नमक का सेवन पूरी तरह से बंद कर देंगी तो आप का रक्तचाप खतरनाक स्तर तक कम हो जाएगा और इस से शरीर के दूसरे अंगों की कार्यप्रणाली भी प्रभावित होगी.
मेरे बेटे की उम्र केवल 13 साल है. उसे उच्च रक्तदाब की शिकायत है. मुझे उस के भविष्य को ले कर बहुत चिंता होती है. बताएं क्या करूं?
खराब जीवनशैली, खानपान की अस्वस्थ आदतें, शारीरिक सक्रियता की कमी और बढ़ता मोटापा बच्चों में उच्च रक्तदाब का कारण बन रहा है. आप अपने बच्चे की जीवनशैली में बदलाव लाएं. अगर उस का वजन अधिक है तो उसे सामान्य स्तर तक लाएं. उसे जंक फूड न खाने दें. घर का बना संतुलित और पोषक भोजन खिलाएं और नियमित रूप से ऐक्सरसाइज करने या आउटडोर गेम्स खेलने के लिए प्रेरित करें.
अगर किसी और स्वास्थ्य समस्या के कारण उच्च रक्तदाब की समस्या हो रही हो तो उस के प्रबंधन से भी इसे नियंत्रित किया जा सकता है. बचपन में ही रक्तदाब को नियंत्रित करना जरूरी है वरना उम्र बढ़ने के साथ यह समस्या गंभीर हो कर हृदय रोगों, डायबिटीज, ब्रेन स्ट्रोक और गुरदों से संबंधित बीमारियों का कारण बन सकती है.
मेरी उम्र 52 वर्षीय एक घरेलू महिला हूं. मेरा रक्तदाब अकसर सामान्य से थोड़ा कम रहता है. आगे चल कर मेरे लिए बीमारियों का खतरा तो नहीं बढ़ जाएगा?
रक्तदाब सामान्य से थोड़ा कम रहना कई प्रकार से हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक भी है. अगर रक्त का दाब लगातार सामान्य से थोड़ा कम बना रहता है तो स्ट्रोक और हार्ट अटैक की आशंका कम हो जाती है. स्वस्थ लोगों में अगर निम्न रक्तदाब बिना किसी लक्षण के है तो चिंता की कोई बात नहीं है और इस का उपचार करने की जरूरत भी नहीं है. वैसे कई लोगों का ब्लड प्रैशर आनुवंशिक रूप से ही कम होता है.
मैं और मेरे पति दोनों निम्न रक्तदाब के मरीज हैं. हमें अपने रक्तदाब को नियंत्रित रखने के लिए अपनी जीवनशैली में क्या परिवर्तन करने चाहिए?
आप नमक का सेवन बढ़ा दें. जो लोग लो ब्लड प्रैशर से पीडि़त हैं उन्हें नमक ज्यादा खाना चाहिए. डाक्टर की सलाह से खाने के साथ एक कप चाय या कौफी पीएं. अगर खाने के बाद ब्लड प्रैशर कम हो होता है तो थोड़ी मात्रा में खाएं. दिन में 3 बार अधिक मात्रा में खाने के बजाय 6 बार थोड़ी मात्रा में खाएं. नियमित रूप से ऐक्सरसाइज करें. इस से रक्त संचरण सुधरता है और रक्तदाब को नियंत्रित करने में मदद मिलती है.
अगर अचानक ब्लड प्रैशर कम हो जाए तो पानी में थोड़ा सा इलैक्ट्रोल पाउडर घोल कर पी लें. इस से आराम मिलेगा. इस के बाद पीठ के बल लेट जाएं और पैरों को थोड़ा ऊपर उठा लें. इस से सिर और छाती की ओर ज्यादा मात्रा में रक्त का संचरण होगा.
मेरी उम्र 27 साल है. मैं पेशे से वकील हूं. अभी परिवार बढ़ाना नहीं चाहती, इसलिए गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हूं. क्या इन से उच्च रक्तचाप की शिकायत हो सकती है?
गर्भनिरोधक गोलियों से रक्तदाब मामूली से ले कर खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है. इन के सेवन से रक्त का थक्का बनने का खतरा भी बढ़ जाता है. जो महिलाएं लंबे समय तक गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं उन का रक्तदाब कभीकभी अत्यधिक बढ़ जाता है इसलिए आप को गर्भधारण से बचने के दूसरे उपाय अपनाने चाहिए.
जिन महिलाओं को पहले से ही उच्च रक्तचाप की शिकायत हो, अगर वे गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करती हैं तो ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक आने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसा माना जाता है कि इन गोलियों में ऐस्ट्रोजन होता है जो रक्तदाब को बढ़ा देता है.
मेरे परिवार में हृदय रोगों का पारिवारिक इतिहास रहा है. मुझे उच्च रक्तदाब की शिकायत है, ऐसे में मेरे लिए हृदय रोगों का खतरा कितना बढ़ जाता है?
हृदय रोगों का पारिवारिक इतिहास होने पर वैसे ही आप के लिए सामान्य लोगों से खतरा अधिक है. उच्च रक्तदाब हृदय रोगों का सब से बड़ा रिस्क फैक्टर माना जाता है. इसलिए आप के लिए स्थिति और गंभीर है. आप अपने रक्तदाब को नियंत्रित रखने के साथ रक्त में शुगर और कोलैस्ट्रौल के स्तर को भी स्वस्थ सीमा से अधिक न बढ़ने दें. अत्यधिक मानसिक तनाव से भी बचें.
पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :
गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055
कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें.
स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो
से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.
