सवाल

मेरा 11 साल का बेटा पिछले कुछ समय से बहुत उदास रहता है. मैं जानना चाहती हूं क्या बच्चों में भी डिप्रैशन होता है?

जवाब

बच्चों में ऐंग्जाइटी और डिप्रैशन दोनों के मामले बहुत होते हैं जो उन की पूरी जिंदगी पर प्रभाव डालते हैं और इन के कारण उन का शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित होता है. उन की समझ पूरी तरह विकसित नहीं हुई होती है इसलिए वे समझ नहीं पाते कि उन के साथ समस्या क्या है. न ही अपनी परेशानी किसी से साझा कर पाते हैं. बचपन का समय तो बहुत बेफिक्री का होता है. उस में उदासी और परेशानी जैसी समस्याएं सामान्यत: नहीं होती हैं. अगर घर और स्कूल में कोई समस्या नहीं है फिर भी आप का बच्चा उदास है और उस का व्यवहार सामान्य नहीं है तो तुरंत किसी साइकोलौजिस्ट या साइकिएट्रिस्ट को दिखाएं.

ये भी पढ़ें…

सवाल

मेरे पति पिछले 2 सालों से डिप्रैशन के शिकार हैं. डाक्टर ने उन्हें काउंसलिंग के साथ कुछ दवाइयां भी दी थीं, लेकिन कुछ दिनों से वे मैडिसिन नहीं ले रहे हैं. क्या करूं?

दवाइयां बीच में बिलकुल नहीं रोकनी चाहिए. उपचार पूरा न कराने से बहुत ज्यादा नुकसान होता है. डिप्रैशन के लक्षण गंभीर हो जाते हैं और दूसरे मानसिक विकारों का खतरा भी बढ़ जाता है. दवाइयां छोड़ने के कुछ दिन बाद तक तो मरीज सामान्य महसूस करता है लेकिन फिर से उस में घबराहट, बेचैनी, रोने का मन करना और आत्महत्या की प्रवृत्ति बढ़ना जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं. अपने पति को दवाइयां लेने के लिए समझाएं. अगर वे आप की बात नहीं मानें तो उन की फिर से काउंसलिंग कराएं.

सवाल

मैं 38 वर्षीय घरेलू महिला हूं. 2-3 महीनों से मेरा घर से बाहर निकलने का मन ही नहीं करता. मैं हंसना और खुश रहना चाहती हूं, लेकिन ऐसा कर नहीं पा रही हूं. कृपया कोई हल बताएं?

अधिकतर लोगों का अपनी भावनाओं पर काबू नहीं होता, यह बहुत सामान्य है. लेकिन थोड़े से प्रयास से अपने व्यवहार में बदलाव लाना संभव होता है. अगर आप का अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं है तो व्यवहार में बदलाव लाएं. व्यवहार बदलने से भावनाओं को बदलना संभव होता है. आप एक अनुशासित जीवनशैली का पालन करें, नियत समय पर सोएं, उठें और खाएं, पीएं. रोज 20-30 मिनट अपना मनपसंद वर्कआउट करें. इसे घर में करने के बजाय पार्क या अपने घर के टैरेस पर करें. वीकएंड पर गैजेट्स का इस्तेमाल न करें या बहुत जरूरी हो तभी करें. अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं.

डा. जया सुकुल

क्लीनिकल साइकोलौजिस्ट, हैडस्पेस हीलिंग, नोएडा 

पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें : गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055.

स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...