अगर गलती से आप के हाथ 35.2 करोड़ लग जाएं तो जरा सोचिए आप इस रकम से क्या क्या खरीद सकते हैं? इतनी रकम में अनिल अंबानी या लक्ष्मी मित्तल के आलीशान बंगला सरीखा बंगला बनाएंगे. अगर पैसे बच गए तो शानदार कार खरीदेंगे. जाहिर है, और पैसे बचे तो शानोशौकत के हर उस विकल्प को आजमाना चाहेंगे जो आप की जिंदगी को अर्श पर पहुंचा दे. कुछ लोग दुनिया दर्शन करना चाहेंगे और कुछ लोग दुनिया भर के जेवरों का ढेर लगा लेंगे. 35.2 करोड़ में यह काम आसानी से हो भी जाएगा. ऐशोआराम के तमाम जरीयों और खरीदारी के अनगिनत विकल्पों के बीच अगर कोई आप से पूरे 35.2 करोड़ का एक अदना सा मोबाइल फोन लेने को कहे तो वह शख्स आप को पागल ही नजर आएगा. आप कहेंगे कि बेवकूफ किसी और को बनाना.  35.2 करोड़ का फोन भी भला कहीं होता है?

मगर जरा ठहरिए, आप को बेवकूफ नहीं बनाया जा रहा, बल्कि इस कीमत का शानदार फोन मौजूद है और किसी रईसजादे की जेब की शोभा भी बढ़ा रहा है. जी हां, दुनिया का सब से महंगा मोबाइल है आईफोन 4 डायमंड्स रोस एडिशन. इस की कीमत सुन कर अच्छेअच्छों के होश उड़ जाते हैं.  35.2 करोड़ के इस फोन की बौडी 100 कैरेट के दोषरहित डायमंड से सज्जित है और इस पर 53 हीरों के साथ एप्पल का लोगो लगा है. इस का होम बटन दुर्लभ7.4 कैरेट के गुलाबी डायमंड का है.

विशेषता

दरअसल, यह फोन इंगलैंड के नामी डिजाइनर स्टुअर्ट ह्यूज अपने खास ग्राहकों के लिए बनाते हैं. इस फोन की खासीयत है इस में जडे़ खालिस महंगे और दुर्लभ हीरे. इस की एक और विशेषता यह है कि यह पूरी तरह से हाथ से बनाया जाता है. एक फोन को बनाने और उस में हीरे जड़ने में कई महीने लग जाते हैं.

इस फोन को 32 जीबी की मैमोरी के साथ पेश किया गया है, जिस का मौडल रोज गोल्ड जैसा है. रोज पैनल फोन में अतिरिक्त 500 हीरे जड़े हुए हैं, जिन का कुल कैरेट 100 है. इस के प्लैटिनम नैविगेशन बटन पर 7.4 कैरेट पिंक डायमंड लगा है. अगर आप को गुलाबी रंग पसंद नहीं तो कंपनी इस की जगह 8 कैरेट का डायमंड भी लगा कर दे सकती है.

क्या है खास

जब फोन इतना महंगा है तो इस का बौक्स भी कम शाही मिजाज का थोड़े ही होगा.

7 किलोग्राम भारी वजन वाले इस के कैरी बौक्स को चैस्ट कहते हैं, जो सिंगल ग्रेनाइट ब्लौक से खासतौर पर इस मोबाइल के लिए बनाया जाता है. इंपीरियल गुलाबी रंग से सजे इस चैस्ट के अंदरूनी हिस्से में सर्वोत्तम गुणवत्ता का लैदर कोट किया जाता है. बाकी सारे फीचर्स तो आईफोन 4 वाले हैं, लेकिन इस की कीमत बढ़ाती है. इस की विशेष डिजाइन और कीमती हीरे.

दुनिया भर में इस के शौकीन खरीदार हैं. स्टुअर्ट ह्यूज और एलिट क्लास के लिए खासतौर से गैजेट्स बनाते हैं. वे लग्जरी को टैक्नोलौजी से जोड़ने में विश्वास रखते हैं. इस से पहले वे 24 कैरेट सोने वाला एक मोबाइल फोन बना चुके हैं. स्टुअर्ट को यह फोन आस्ट्रेलिया के व्यापारी ने स्पैशल और्डर दे कर बनवाया था.

इस मौडल के 2 ही पीस तैयार किए जाते हैं. अब तक आप समझ गए होंगे इसे खरीदना सब के बस की बात नहीं है. स्टुअर्ट बताते हैं कि जब उन्हें इतने महंगे फोन को डिजाइन करने का काम मिला तो पहले तो वे नर्वस हो गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने इस काम को एक चुनौती की तरह लिया. इस में लगे हीरे बेहद दुर्लभ हैं और स्टोंस से भी रोचक इतिहास जुड़ा हुआ है. स्टुअर्ट को यह जान कर बेहद खुशी हुई कि कोई इतनी भारी रकम एक मोबाइल पर खर्चने को तैयार है, लेकिन जरा सोचिए अगर यह फोन खो गया तो करोड़ों के इस फोन के खोने पर एक जानलेवा दिल का दौरा तो बनता ही है.

सब से सस्ता मोबाइल भी

अगर करोड़ों रुपए, हीरों की बातें और महंगा शब्द सुन कर आप बुरा मान जाते हैं तो चलिए आप का मूड़ ठीक करने के लिए आप को ले चलते हैं दुनिया के सब से सस्ते फोन की सैर पर. सस्ता इतना कि एक फिल्म का टिकट भी इस की कीमत देख कर महंगा लगे. किसी दोस्त को कोल्डड्रिंक पिलाने या समोसे खिलाने जितना सस्ता

है यह फोन.  35.2 करोड़ में अगर दुनिया का सब से महंगा मोबाइल है तो सिर्फ  60 में ले आइए दुनिया का सब से सस्ता मोबाइल. अब इस से सस्ता भला और क्या हो सकता है? नाम है फायर फोन. सिर्फ 99 सैंट यानी 60 रुपए में अमेजन इसे बेच रही है. हालांकि अपनी लौंचिंग के दौरान मोबाइल  198 का था, लेकिन कंपनी इसे सीधे 99 सैंट पर ले आई. यह कोई आम जावा या पुराना मौडल नहीं, बल्कि बाकायदा स्मार्ट फोन है. इसलिए कीमत देख कर इस के फीचर्स को हलके में न लें तो बेहतर होगा. कंपनी यह फोन दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ अनुबंध के तहत ग्राहकों को बेचती है.

यह भी जानिए

32 जीबी संस्करण वाला यह फोन वाकई चौंकाने वाला है. वहीं मोबाइल ऐक्सपर्ट इस के हाई क्वालिटी कैमरे और इस की बेहतरीन 3 डी स्क्रीन के लिए पीठ थपथपा चुके हैं. 4.7 इंच डिस्प्ले वाले इस फोन की जबरदस्त खरीदारी हुई. हालांकि कंपनी के मुताबिक यह मात्र 99 सैंट में 2 साल के लिए उपलब्ध होगा. इस में से 1 साल के लिए प्रीमियम सदस्यता और अन्य क्लाउड सेवाओं पर वायरस सेवा उपलब्ध कराएगी. वैसे ब्रिटेन और जरमनी में भी उपभोक्ताओं को करीबकरीब मुफ्त या 1 यूरो में यह फोन मिल रहा है.

इस से पहले सब से सस्ते मोबाइल का रुतबा कार फोन वेयरहाउस नाम की कंपनी के नाम था, करीब  81.34 कीमत वाला मोबाइल उतार चुकी है. वहीं कम कीमत के हैंडसैट बनाने वाली अल्कापटेल ने दुनिया का सब से सस्ता मोबाइल बनाने का दावा करते हुए ओटी 232 नाम का हैंडसैट बाजार में  90 में उतारा था. लेकिन पिछले साल इन सब का रिकौर्ड तोड़ते हुए फायर फोन ने सब से सस्ते मोबाइल के सैगमैंट में अपना नाम दर्ज कर लिया. हालांकि कई चाइनीज कंपनियां अभी भी बाजार में बेहद कम प्राइस रेंज में अपने मोबाइल फोन बेच रही हैं, लेकिन इन की बिक्री गे्र मार्केट तक ही सीमित है यानी इन पर किसी तरह की वारंटी नहीं दी जाती है.

बहरहाल  60 से ले कर करोड़ों के महंगे मोबाइल का सफर सब का अपनाअपना होता है. भले ही मुकम्मल जहां न मिले, लेकिन शाही ठाट दिखाने के लिए ये तकनीकी तोहफे किसी से कम थोड़े ही हैं.                   

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...