Dinaz Vervatwala: डिजिटल कंटैंट क्रिएटर अवार्ड (हैल्थ ऐंड फिटनैस)- जहां आज भी कोई फिटनैस की बात छेड़ता है तो सब से पहले हमारे दिमाग में सुडौल पुरुष की छवि आती है क्योंकि बरसों से हम सेहत और ताकत का प्रतीक पुरुषों को ही मान रहे हैं. हमारी इसी सोच को चुनौती देते हुए दिनाज 3 दशकों से फिटनैस वर्ल्ड में अपना सिक्का जमाए हुए हैं. दिनाज का फिटनैस वर्ल्ड में हर चुनौती को पार करते हुए यों डटे रहना, उन सभी लड़कियों के लिए मिसाल है जो सिर्फ इस डर से आगे नहीं आतीं कि फिटनैस तो लड़कों की ताकत दिखाने का क्षेत्र है या फिटनैस वर्ल्ड में लड़कियों के लिए ज्यादा स्कोप या कमाई के मौके नहीं.
आज दिनाज को दुनिया में ऐरोबिक्स के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकौर्ड होल्डर और स्वास्थ्य एवं कल्याण कोचिंग के क्षेत्र में एक अग्रणी कोच के रूप में जाना जाता है. दिनाज शारीरिक प्रशिक्षण और माइंड प्रोग्रामिंग के माध्यम से व्यक्तियों, समुदायों और नैशनल ऐथलीटों को सशक्त बनाती हैं. दिनाज के इसी जोश को सलाम करते हुए गृहशोभा ने अपने इंस्पायर अवार्ड्स में उन्हें डिजिटल फिटनैस अवार्ड से नवाजा. दिनाज उन सभी लोगों के लिए एक बहुत बड़ा उदाहरण हैं जो फिटनैस वर्ल्ड में अपना नाम बनाने की चाह रखते हैं खासकर लड़कियां.
कौरपोरेट से फिटनैस कोच की राह
दिनाज मुंबई के एमएमके कालेज से कौमर्स ग्रैजुएट हैं और अपने कैरियर की शुरुआत उन्होंने बतौर एक प्रोफैशनल ट्रेंड चार्टर्ड अकाउंटैंट के रूप में की. अपने 1 साल के बेटे को संभालते समय ही उन्हें अपनी फिटनैस पर गौर करने की प्रेरणा मिली. उन्होंने फिटनैस के साथ ऐरोबिक्स क्लासेज जौइन कीं और देखते ही देखते अपनी कड़ी मेहनत से एक प्रसिद्ध उ-मी और फिटनैस ट्रेनर बन गईं. दिनाज अपने सोशल मीडिया हैंडल के द्वारा बहुत से लोगों को फिटनैस से जोड़ रही हैं. उन्हें फिट और हैल्दी रहने के लिए प्रोत्साहित करती हैं. हैल्थ से जुड़ी बहुत सारे महत्त्वपूर्ण टिप्स ऐंड ट्रिक्स और आसान ऐक्सरसाइज शेयर कर उन के जीवन में हैल्दी बदलाव ला रही हैं, जिस वजह से उन्हें लोगों की बहुत तारीफ और शुभकामनाएं मिलती रहती हैं.
फिटनैस में अपने कैरियर को बढ़ाते हुए दिनाज ने 1992 में हैदराबाद के पहले महिला ऐरोबिक्स सैंटर की स्थापना की. आगे के 3 दशकों में उनका काम बहुत फूलाफला और दिनाज फिटनैस स्टूडियो पर्सनल कोचिंग, वैलनैस प्रोग्राम, बड़े कौरपोरेट्स और नामी एवं नैशनल ऐथलीटों के लिए फिटनैस प्रोग्राम का एक प्रमुख केंद्र बन गया, साथ ही एक प्रेरक वक्ता के रूप में दिनाज भारत और विदेशों में फिटनैस, पोषण, वजन घटाने, मधुमेह शिक्षा और लचीलेपन पर कई वर्कशौप प्रदान करती हैं.
उल्लेखनीय भूमिका और उपलब्धियां
– 26 घंटे की नौनस्टौप ऐरोबिक्स मैराथन की गिनीज वर्ल्ड रिकौर्ड होल्डर.
– तीसरी रनर अप मिस फिटनैस यूनिवर्स (2011, रियो डी जनेरियो).
– संस्थापक और प्रबंध निदेशक, दिनाज फिटनैस स्टूडियो.
– ‘वेटलौस ऐक्सट्रीम’ कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 70 फिटनैस पेशेवरों को प्रशिक्षित किया गया.
– राष्ट्रीय खेल आइकनों की ट्रेनर (साइना नेहवाल, वी.वी.एस. लक्ष्मण, पुलेला गोपीचंद).
– प्रमुख मैराथन और सैन्य खेलों में 30 हजार प्रतिभागियों के लिए सामूहिक वार्मअप का नेतृत्व.
– पूरे भारत में चिकित्सा सम्मेलनों, TED3/TED कार्यक्रमों और संस्थानों में वक्ता.
– 2005 में एक भीषण अग्नि दुर्घटना से बचने पर- मनोबल और विपरीत स्थितियों पर दिमागी तालमेल पर चर्चा.
दक्षिण भारत ही नहीं संपूर्ण भारतीय महिलाओं के लिए प्रेरणा
दिनाज वर्वतवाला को दक्षिण भारत में ऐरोबिक्स और आधुनिक कल्याण की शुरुआत करने का श्रेय दिया जाता है. दिनाज ने अपनी पहल से एक ऐसा इकोसिस्टम बनाया, जहां फिटनैस सयुंक्त, टिकाऊ और मजेदार हो. विशिष्ट ऐथलीटों के लिए उन का मार्गदर्शन, युवा महिला प्रशिक्षकों के लिए समर्थन और प्रेरक भाषण ने आम स्तर और कौरपोरेट दोनों स्तरों पर स्वास्थ्य के प्रति अपनाई गई धारणा में बदलाव लाया है.
व्यक्तिगत मसलों से लड़ कर बाहर आ कर और अपनी असफलताओं को खुले तौर पर साझा कर वे हर महिला के लिए एकदृढ़ संकल्प और सशक्तीकरण के रोल मौडल के रूप में नजर आती हैं खासकर उन महिलाओं के लिए जो फिटनैस समुदायों से जुड़ी और इस में कुछ कर गुजरना चाहती हैं.
Dinaz Vervatwala
