Divorce : परंपरागत शादियों के टूटने पर सारा दोष परिवार पर मढ दिया जाता है. मांबाप की पसंद से की थी इसलिए शादी चल नहीं पाई, लव मैरिज की होती तो शादी कभी नहीं टूटती. परिवार की मरजी से की जानी वाली शादियों में तलाक की नौबत आने पर लोग ऐसी ही बातें करते हैं. इस में कोई दो राय नहीं कि अरेंज्ड मैरिज के मुकाबले लव मैरिज ज्यादा टिकाऊ होती है क्योंकि इस में दोनों एकदूसरे की पसंद होते हैं लेकिन मनपसंद शादी का मतलब यह नहीं है कि यह कभी नहीं टूट सकती.
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव के बीच ताजा मामला काफी सुर्खियों में है. यह मुलायम सिंह यादव के परिवार का निजी मामला है जो अब पब्लिक हो गया है. मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव ने 19 जनवरी, 2026 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी पत्नी अपर्णा यादव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए और तलाक की बात की. अपर्णा यादव भाजपा नेत्री हैं और यूपी राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन भी हैं.
इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रतीक ने अपर्णा पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि अपर्णा बहुत स्वार्थी महिला हैं. उन्होंने उन के परिवार के रिश्तों को बरबाद कर दिया. मां से रिश्ता तोड़ दिया, पिता से रिश्ता तोड़ा, भाई से रिश्ता तोड़ा. अपर्णा ने यह सब सिर्फ मशहूर होने की चाहत में किया. प्रतीक यादव ने अपर्णा को परिवारनाशक, सब से बड़ा झूठा इंसान और खुदगर्ज इंसान बताया. उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति खराब होने की भी बात कही. उन्होंने अपर्णा की एक तसवीर शेयर की और लिखा कि जल्द से जल्द उनसे तलाक ले लेंगे.
पर्सनल मामला
यह पोस्ट काफी वायरल हुई और इस की मीडिया में खूब चर्चा हुई. हालांकि अपर्णा यादव ने इसे साजिश बताया और कहा कि उन के और प्रतीक के रिश्ते ठीक हैं और कुछ लोग रिश्ते तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. प्रतीक ने बाद में इसे पर्सनल मामला बताया और इस पर ज्यादा बात करने से इनकार कर दिया.
प्रतीक यादव और अपर्णा बिष्ट ने 2011 में लव मैरिज की थी. दोनों की मुलाकात किसी शादी फंक्शन में हुई थी. प्रतीक अपर्णा की आवाज पर फिदा हो गए थे और दोनों के बीच प्यार का इजहार ईमेल के जरीए हुआ. दोनों ने 2011 में लव मैरिज कर ली और उस वक्त यह शादी सैफई में बहुत धूमधाम से हुई थी. 15 साल बाद दोनों के प्यार के द एंड होने की खबरें हैं वह भी संगीन आरोपों के साथ.
अपर्णा और प्रतीक ने लव मैरिज की थी और उस की परिणति कुछ इस तरह हुई कि दुनिया में ढिंढोरा पीट दिया गया. सिर्फ लव मैरिज के मामले में ही ऐसा नहीं होता
अरेंज्ड मैरिज तो इस मामले में ज्यादा बदनाम है. प्यार खत्म होने पर रिश्ते इतने खराब हो जाएं कि घर की लड़ाई सड़कों पर आ जाए. लव हो या अरेंज्ड रिश्ते खराब हो जाएं तो अकसर ऐसा ही होता है.
पवन सिंह और ज्योति सिंह की लड़ाई भोजपुरी के मशहूर अभिनेता और गायक पवन सिंह पर उन की पत्नी ज्योति सिंह ने मीडिया के सामने घरेलू हिंसा, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, गर्भपात कराने के लिए दवाएं देने और बेवफाई जैसे संगीन आरोप लगाए. ज्योति सिंह ने अप्रैल, 2022 में तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिस में उन्होंने पवन सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने उन्हें 2 बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया. उन्हें यातनाएं दीं जिस की वजह से एक बार उन्होंने 25 नींद की गोलियां ले कर आत्महत्या करने की कोशिश की. 2025 में ज्योति ने तलाक के लिए 30 करोड़ रुपए का गुजाराभत्ता की मांग की. मामला अदालत में है.
पवन सिंह और ज्योति सिंह की 2018 में अरेंज्ड मैरिज हुई थी. ज्योति सिंह ने खुद यह खुलासा किया कि शादी उन की मरजी से नहीं हुई थी और शादी से पहले उन्होंने पवन से कभी बात तक नहीं की थी.
अपर्णा और प्रतीक का मामला हो या पवन सिंह और ज्योति सिंह का मामला दोनों केसों में घर की लड़ाई सड़कों पर आ गई. विवाद को सुल झाया जा सकता था या शांति से अलग हुआ जा सकता था लेकिन दोनों मामलों में ऐसा नहीं हुआ. प्यार खत्म तो नफरत शुरू और ऐसी नफरत कि वह पार्टनर जिस के साथ बंद कमरों में खूब प्यार हुआ वही दुनिया के सामने सब से बुरा इंसान बना दिया गया.
आमिर खान और किरण राव
जब रिश्ते बो झ बन जाएं तो एकदूसरे के सम्मान को बनाए रखते हुए भी तलाक लिया जा सकता है, इस का सब से बेहतरीन उदाहरण किरण राव और आमिर खान ने दुनिया के सामने पेश किया.
पहली पत्नी रीना दत्ता बचपन की दोस्त और पड़ोसिन थीं. दोनों के प्यार में दोनों का धर्म आड़े आ रहा था. दोनों का परिवार इस शादी के खिलाफ था. दोनों ने 18 अप्रैल, 1986 में भाग कर शादी कर ली. यह क्लासिक लव मैरिज का केस था. बिलकुल फिल्मों जैसा. लेकिन 19 साल बाद आमिर को फिर से प्यार हो गया. इस बार किरन राव से.
आमिर और किरण साथ में ‘लगान’ और दूसरे कई प्रोजैक्ट्स में काम कर चुके थे. दोनों की शुरुआती मुलाकातें काम के सिलसिले में हुई थीं. पहली बीवी रीना दत्ता को अपने पति के इस नए प्यार के बारे में जब पता चला तब तक देर
हो चुकी थी. प्यार गहरा हो चुका था. इतना गहरा कि रीना दत्ता और आमिर खान अलग हो गए और 2005 में आमिर ने किरण राव से लव मैरिज कर ली.
16 साल के प्यार के बाद आमिर खान और किरण राव ने 3 जुलाई, 2021 को एक सा झा बयान जारी कर प्यार खत्म होने का ऐलान कर दिया. किरण राव ने इंटरव्यू में बताया कि वे अपनी खुद की स्पेस चाहती थीं इसलिए आमिर के साथ शादी के रिश्ते से अलग हो रही हैं लेकिन भविष्य में दोनों एकदूसरे के बहुत अच्छे दोस्त बने रहेंगे.
एकदूसरे को सपोर्ट
आमिर खान ने भी कहा कि रिश्ता पतिपत्नी के रूप में नहीं चल पा रहा था फिर भी वे दोनों परिवार की तरह साथ रहना चाहते थे. तलाक के बाद भी वे एकदूसरे के साथ अच्छे संबंध रखेंगे. आज दोनों के बीच तलाक हो चुका है फिर भी दोनों परिवार की तरह साथ समय बिताते हैं,
काम करते हैं और एकदूसरे को सपोर्ट करते हैं. दोनों के बीच यह एक म्यूचुअल अलगाव था. एकदूसरे पर लांछन लगाए बिना और आज 5 साल बाद भी दोनों अच्छे दोस्त की तरह एकदूसरे के साथ खड़े हैं.
तलाक को सैलिब्रेट करें
तलाक जीवन का अंत नहीं बल्कि इसे जीवन की नई शुरुआत की तरह देखना चाहिए. पश्चिमी देशों में लोग तलाक के बाद पार्टी आयोजित करते हैं, केक काटते हैं, दोस्तों को इनवाइट करते हैं और पुरानी यादों को अलविदा कह कर नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाते हैं. कुछ लोग तो मेहंदी लगाते हैं, डिवोर्स रिंग पहनते हैं या ट्रैवल कर के खुद को आजाद महसूस करते हैं.
अरेंज्ड हो या लव भारत में शादी को ऐसा पवित्र बंधन सम झा जाता जिसे जीवनभर निभाना जरूरी हो, यह मानसिकता ही गलत है. शादी 2 लोगों की म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग से साथ रहने और परिवार बनाने का एक जरीया है.
यह तभी तक सही है जब तक दोनों के बीच के प्यार में ब्रेक न लगे. किसी भी कारण से जब प्यार बाकी न रहे तो अलग होने के लिए भी दोनों के बीच फिर से म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग की जरूरत होगी. तमाशा बनाने की जरूरत नहीं है. लांछन लगाए बिना भी तलाक हो सकता है.
तलाक खुद को महत्त्व देने का रास्ता है. आजादी का एहसास करने का जरीया है. शादी में प्यार की जगह दर्द ने ले ली है तो दर्द को खुशी में बदलने का माध्यम है तलाक.
