Body Shaming : असल में खूबसूरती 2 प्रकार की होती है. एक वह जो कुदरती होती है, जो हमें अपने मांबाप के अच्छे दिखने की वजह से उन के जीन्स के जरीए हम प्राकृतिक रूप से ही खूबसूरत हो जाते हैं. मगर यह खूबसूरती कुछ समय की होती है क्योंकि अगर हम उम्र के साथसाथ मोटे होते जाते हैं और जवानी में मुंहासों की वजह से अगर चेहरे पर दागधब्बे पड़ जाएं तो यह प्राकृतिक खूबसूरती को भी नष्ट कर देते हैं.
जैसे कि लड़कियां कम उम्र में कितनी खूबसूरत और कोमल होती हैं. लेकिन वही लड़कियां कुछ सालों बाद शादी, बच्चा होते ही बेडौल सी हो जाती हैं, शादी के बाद यही लड़कियां अपने ऊपर पूरा ध्यान देना बंद कर देती हैं और जो प्राकृतिक खूबसूरती होती है वह जाती रहती है. इस के अलावा अक्ल और मेहनत कर के जो लड़कियां अपनेआप को खूबसूरत बनाती हैं वे आत्मविश्वास से भरी होती हैं.
अपनेआप को खूबसूरत बनाना भी एक कला है, जिस में आत्मविश्वास, अपने लुक्स और शारीरिक रखरखाव पर कड़ी मेहनत कर के साधारण सी दिखने वाली लड़कियां भी बेहद खूबसूरत नजर आने लगती हैं. उसे अक्ल से पैदा की गई खूबसूरती कहते हैं. इस में हम अपने शरीर को अच्छा बनाने के लिए तनमनधन से जुट जाते हैं. ऐसी खूबसूरती हमेशा टिकी रहती है. मेहनतमशक्कत से संवारी गई खूबसूरती हमें समाज में एक मुकाम भी दिलाती है.
मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी
यह खूबसूरती साबित करती है कि अगर एक आम लड़की भी चाहे तो वह अपनेआप को खूबसूरत बना कर मिस वर्ल्ड, मिस यूनिवर्स का खिताब तक जीत सकती है. सुष्मिता सेन और प्रियंका चोपड़ा इस बात का उदाहरण हैं जो मध्यवर्ग की सांवली रंगत वाली लड़कियां थीं. ये न तो बहुत ज्यादा खूबसूरती थीं और न ही अपनेआप को खूबसूरत बनाने के लिए उन के पास ढेर सारा पैसा था. मगर अपनी बुद्धिमत्ता, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ न सिर्फ ये खूबसूरती की मिसाल बनीं बल्कि मिस यूनिवर्स और मिस वर्ल्ड का खिताब जीत कर हिंदुस्तान का नाम भी रोशन किया.
ऐसा नहीं है कि इन्हें लोगों के ताने नहीं सुननी पड़े या इस की कभी आलोचना नहीं हुई. यह सब इन के साथ भी हुआ लेकिन इन्होंने अपना आत्मविश्वास डगमगाने नहीं दिया उलटे अपनेआप को दुनिया की सब से खूबसूरत लड़की साबित किया और राष्ट्रीयअंतर्राष्ट्रीय ख्याति पाई.
बौडी शेमिंग से घबराए नहीं
इस में कोई दोराय नहीं है कि कोई भी इंसान परफैक्ट नहीं होता. हर किसी में कोई न कोई कमी होती है जो उस का आत्मबल कमजोर करने के लिए काफी होती है. लेकिन अगर आप ने उस कमजोरी को अपनी ताकत बना लिया तो कोई भी आप को नीचा नहीं दिखा सकता, जैसेकि ऐक्टर ऋतिक रोशन को हकलाने की आदत थी, अमिताभ बच्चन जरूरत से ज्यादा लंबे और पतले थे, कौमेडियन जौनी लीवर काले और साधारण से दिखने वाले इंसान थे, शहनाज गिल, सोनाक्षी सिन्हा, सारा अली खान का वजन बहुत ज्यादा था, शाहिद कपूर बहुत दुबलेपतले थे जिस वजह से उन्हें हीरो बनने का चांस नहीं मिल रहा था.
इन सभी लोगों ने अपने ऊपर काम कर के अपनेआप को न सिर्फ बदला बल्कि अपनेआप को इतना खूबसूरत बना लिया कि आज उन के लाखोंकरोड़ों फैन हैं. कहने का मतलब यह है कि आज के समय में खूबसूरती किसी की बपौती नहीं. अगर एक आम इंसान भी चाहे तो वह अपने ऊपर मेहनत कर के खूबसूरत और नामचीन बन सकता है.
दुनिया झुकाने वाला बनें
कहते हैं खूबसूरती देखने वाले की नजर में होती है जैसेकि एक मां की नजर में उस का बच्चा दुनिया का सब से खूबसूरत बच्चा होता है. कहने का मतलब यह है कि खूबसूरती सिर्फ शक्ल से नहीं बल्कि टेलैंट से, अच्छे स्वभाव से, अच्छी पर्सनैलिटी और बात करने के स्टाइल से भी झलकती है. जैसेकि एक लड़की अगर खूबसूरत है लेकिन बदतमीज है, बात करने का तरीका नहीं है, स्वार्थी और खराब स्वभाव की है तो आप खुद उसे 5 मिनट भी अपने साथ खड़ा नहीं रखेंगे.
वहीं दूसरी तरफ अगर आप टेलैंटेड हैं, आप में कूटकूट कर हुनर भरा है, आप अपनी बातों से सब का दिल जीतना जानती हैं तो कई सारी खूबसूरत लड़कियां आप के अंडर काम कर रही होंगी, जैसे कौमेडियन भारती सिंह बतौर ऐंकर न सिर्फ पूरा शो अपने दम पर चलाती हैं बल्कि मिथुन चक्रवर्ती, सलमान खान, अमिताभ बच्चन, सुनील शेट्टी जैसे दिग्गज कलाकारों को भी शो के दौरान अपने इशारों पर नचाती हैं और सभी कलाकार उन्हें सपोर्ट भी करते हैं. इसी तरह कोरियोग्राफर निर्मातानिर्देशक फराह खान, दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान बहुत ज्यादा खूबसूरत न होते हुए भी पूरी इंडस्ट्री पर रूल करती हैं.
फैसला आप के हाथ
कहने का मतलब यही है कि अगर आप को कोई आप की कमजोरी बता कर जलील करने की कोशिश करता है, आप का कोई खास, कोई करीबी बौडी शेमिंग के नाम पर आप को दुख पहुंचाता है तो आप दुखी या निराश न हों बल्कि अपने हुनर, अपने काम, अपने टेलैंट के जरीए उस इंसान को ईंट का जवाब पत्थर से दें और अपनी वैल्यू कराने पर मजबूर कर दें यह कहते हुए कि हम किसी से कम नहीं.
सच्ची बात तो यह है कि जो आप से प्यार करते हैं वे आप को हर रूप में पसंद करते हैं. आप मोटे हैं, काले हैं, ठिगने हैं इस से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता. आप से प्यार करने वाले आप की कमियों को गिनाने के बजाय आप की तारीफ कर के आप का आत्मविश्वास बढ़ाने की कोशिश करेंगे.
