Marriage : मध्य प्रदेश के पिपरिया की रहने वाली 30 साल की संजना बैंगलुरु की एक आईटी कंपनी में सौफ्टवेयर इंजीनियर है. पिछले 2-3 सालों से शादी के लिए उसे बहुत से लड़कों के बायोडाटा आ रहे थे. संजना के मम्मीपापा को जो लड़के पसंद आते हैं, वे संजना को पसंद नहीं आते. इस बजह से मामला टलता रहा. 2024 की दीपावली के बाद एक शुभम नाम के लड़के का बायोडाटा जब उस के पापा ने संजना को भेजा तो उसे देख कर संजना की आंखों में चमक आ गई.
शुभम भी पुणे की एक औटोमोबाइल कंपनी में सौफ्टवेयर इंजीनियर है, परंतु उस की उम्र 26 साल है. संजना ने जब पहल कर के शुभम से बात की तो पाया कि वैचारिक रूप से उन में काफी समानता है. रिश्ते की बात आगे बढ़ाई तो कुछ रिश्तेदारों ने लड़के की उम्र का हवाला दे कर रिश्ता न करने की सलाह दे डाली.
संजना से जब उस के पापा ने इस संबंध में बात की तो संजना ने दो टूक जबाब देते हुए कहा, ‘‘पापा शादी के लिए उम्र के बजाय लड़के की योग्यता और उस की आपसी सम झ ज्यादा महत्त्वपूर्ण है. यदि लड़के वालों को कोई आपत्ति न हो तो मु झे यह रिश्ता पसंद है.’’
संजना से हरी झंडी मिलते ही दोनों की शादी 15 दिसंबर, 2024 को धूमधाम से हो गई और समाज के लिए एक संदेश भी छोड़ गई कि शादी के लिए लड़के का लड़की से बड़ा होना जरूरी नहीं है. आज के दौर में संजना और शुभम की शादी कोई अकेली मिसाल नहीं है. अब इस तरह की शादियों का ट्रैंड चल निकला है.
आपसी सूझबूझ
ऐसा नहीं है कि कम उम्र के लड़कों से शादी मौजूदा वक्त में ही हो रही है. वर्षों पहले भी कभीकभार इस तरह की शादियां समाज में होती रही हैं. रिटायरमैंट के करीब पहुंच रहीं स्कूल टीचर शहनाज बानों ने 36 साल पहले अपने से कम उम्र के जाफर खान से शादी की थी. जाफर की उस समय सरकारी स्कूल में टीचर की नौकरी लगी थी. ऐसे में घर वालों ने उम्र न देख कर दोनों के एक ही फील्ड और नौकरीपेशा होने की वजह से शादी कर दी थी. आपसी सू झबू झ से उन का जीवन आज भी खुशहाल है और उम्र का बंधन कभी रिश्ते में बाधा नहीं बन सका. कहने का मतलब यही है कि लड़कालड़की के व्यवसाय, आपसी समन्वय और रुचियों को ध्यान में रखते हुए सुखद दांपत्य के लिए इस तरह की शादियां की जा सकती हैं.
लड़का भले ही अपने से कम उम्र का हो, यदि वह अच्छाखासा कमाने वाला है तो उम्र का बंधन कोई माने नहीं रखता. नौकरी करने वाली लड़कियों को यदि अपने से बड़ी उम्र का बेरोजगार लड़का मिला तो जीवनभर पत्नी की कमाई खाएगा, इस से अच्छा तो यही है कि कम उम्र के लड़के से शादी कर लड़कियां अपना भविष्य सुखद बना सकती हैं. कम उम्र के लड़कों से शादी करने का एक फायदा लड़कियों को यह भी रहता है कि ऐसे लड़के उन पर रोब झाड़ने के बजाय उन का सम्मान करते हैं.
भारत के मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की शादी 24 मई, 1995 को अंजलि से हुई थी. अंजलि अपने पति सचिन तेंदुलकर से 6 साल बड़ी हैं. शादी के पहले सचिन और अंजलि ने 5 साल तक एकदूसरे को डेट किया था. सचिन और अंजलि ने अपने रिश्तों का खुलासा 1994 में किया, जब उन्होंने न्यूजीलैंड में सगाई की. सगाई के कुछ समय बाद अगले साल 1995 में दोनों ने शादी भी कर ली और आज 30 साल बाद भी ये खूबसूरत जोड़ा लोगों के लिए मिसाल बना हुआ है.
परिपक्व सोच
फिल्म ‘दिल चाहता है’ में अक्षय खन्ना ने जिस लड़के का किरदार निभाया है, उसे खुद से उम्र में बड़ी महिला से प्यार हो जाता है. यह बात वे अपने सब से जिगरी 2 दोस्तों को बताते हैं, लेकिन उन के दोस्त उन के प्यार की गहराई को सम झने की जगह उन का मजाक बनाने लगते हैं. इस फिल्म में दिखाए गए मजाकिया सीन दरअसल इस तरह के रिश्तों की हकीकत बयां करते हैं.
मैरिज काउंसलर के पास बहुत से ऐसे क्लाइंट आते हैं जिन के बीच अनबन की वजह दोस्तों का मजाक या रिश्तेदारों के ताने होते हैं. पतिपत्नी को चाहिए कि समाज के तानों की परवाह न करते हुए अपने रिश्ते को मजबूत बनाने पर ज्यादा ध्यान दें. वैसे तो कोई भी रिश्ता आम सहमति और पसंद के साथ ही शुरू होता है. खुद से कम उम्र के लड़कों को पसंद करते समय लड़कियों के दिमाग में एक ही बात चलती है- पुराने रिश्तों को भुलाना.
कई उदाहरण हैं
अगर दोनों की आपसी सम झ बेहतर है तो लड़का और लड़की एकदूसरे की जरूरतों को पूरा कर देते हैं. बड़ी उम्र की लड़कियां आत्मनिर्भर होती हैं. ऐसी लड़कियों के साथ लड़कों को बहुत अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ती है. उम्र के लिहाज से रिश्तों के सफल या असफल होने के उदाहरण आसानी से मिल जाते हैं. जहां सैफ अली खान और उन की पहली पत्नी अमृता सिंह के बीच उम्र का बड़ा फासला था और उन की शादी कामयाब नहीं रही. बाद में सैफ ने खुद से उम्र में काफी छोटी करीना कपूर से शादी की.
वहीं दूसरी तरफ ऐसे भी कई उदाहरण हैं जहां पत्नी के बड़ी उम्र के होने के बाद शादियां कामयाब रहीं, जैसे प्रियंका चोपड़ा और निक जोन्स की शादी. मिस वर्ल्ड रही बौलीवुड ऐक्ट्रैस प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकन सिंगरऐक्टर निक जोन्स से 2018 में शादी की थी. निक और प्रियंका की उम्र में 10 साल का फासला है. ये ऐज गैप उस वक्त चर्चा का विषय बन गया था. लेकिन आज भी उन की जोड़ी हिट है. निक द्वारा प्रियंका का हाथ मांगने की भी दिलचस्प कहानी है.
प्रियंका की मां मधु चोपड़ा की मानें तो निक जोन्स ने प्रियंका से शादी करने के लिए उन के सामने प्रपोजल रखा था. टीवी इंटरव्यू में वे कहती हैं, ‘‘जब निक पहली बार भारत आए तो उन्होंने और प्रियंका ने महसूस ही नहीं होने दिया कि उन के बीच कुछ चल रहा है. निक मु झे लंच पर ले गए, जहां उन्होंने मु झ से पूछा कि मैं प्रियंका के लिए किस तरह का लड़का चाहती हूं. तब मैं ने पूरी लिस्ट सुनानी शुरू कर दी और उन्होंने बस मेरा हाथ थाम लिया और कहा, ‘‘मैं वो लड़का हूं, क्या मैं वह व्यक्ति बन सकता हूं? मैं प्रौमिस करता हूं कि आप की लिस्ट में जो कुछ भी शामिल है वह अनटिक नहीं रहेगा. मैं निक की बातों से प्रभावित हुई और बहुत खुशी महसूस हुई और मैं ने भी हां कर दी.’’
भारतीय क्रिकेटरों की जोडि़यां भी हैं मिसाल
कम उम्र के लड़कों से शादी करने में केवल फिल्म ऐक्ट्रैस ही आगे नहीं है भारतीय क्रिकेटरों ने भी अपने से बड़ी उम्र की लड़कियों से शादी कर के मिसाल कायम की है. भारत के क्रिकेटर रोबिन उथप्पा अपनी पत्नी शीतल गौतम से 4 साल छोटे हैं. रोबिन उथप्पा ने 3 मार्च, 2016 को शीतल गौतम से शादी की थी. रोबिन उथप्पा ने काफी लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी का फैसला किया था. रोबिन और शीतल बैंगलुरु के एक ही कालेज में पढ़ाई करते थे. शीतल इस कालेज में रोबिन उथप्पा की सीनियर थीं. 7 साल तक दोनों ने एकदूसरे को डेट किया था. रोबिन की वाइफ शीतल गौतम पूर्व में टैनिस खिलाड़ी रह चुकी हैं. उथप्पा क्रिश्चियन परिवार से आते हैं, जबकि शीतल गौतम का हिंदू धर्म से तअल्लुक हैं. ऐसे में इन दोनों ने 3 मार्च, 2016 को पहले ईसाई धर्म के अनुसार शादी की और फिर एक हफ्ते बाद 11 मार्च, 2016 को दोनों ने हिंदू रीतिरिवाज से शादी की थी.
दिग्गज भारतीय लैग स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले और चेतना कुंबले की शादी 1 जुलाई, 1999 को हुई थी. चेतना कुंबले अपने पति अनिल कुंबले से 7 साल बड़ी हैं. अनिल कुंबले की पत्नी का भी अपने पहले पति के साथ तलाक हुआ था. चेतना नाम की इस महिला के साथ कुंबले ने 1999 में शादी की थी. अब यह कपल एकदूसरे के साथ लंबे समय से खुशी से रह रहा है.
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और संजना गणेशन की शादी 15 मार्च, 2021 को हुई थी. संजना गणेशन अपने पति जसप्रीत बुमराह से
1 साल और 7 सात महीने बड़ी हैं. बुमराह और संजना ने गोवा में शादी की थी. शादी में इस जोड़े का परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे.
ऐक्ट्रैस की शदियां भी कम उम्र के ऐक्टर्स से कम उम्र के लड़कों से शादी करने वालों की लिस्ट में मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय भी शामिल हैं. ऐश्वर्या ने भी अपने से 3 साल छोटे अभिनेता अभिषेक बच्चन के साथ शादी रचाई थी.
2007 में दोनों शादी के बंधन में बंधे. तब ऐश की उम्र 34 साल थी और अभिषेक की उम्र 31 साल थी यानी कपल को शादी के पूरे 15 साल हो चुके हैं. वे एक प्यारी सी बेटी आराध्या बच्चन के मातापिता भी बन चुके हैं.
बौलीवुड फिल्मों को बहुत पहले छोड़ चुकीं नम्रता शिरोडकर ने साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू से शादी की है. नम्रता पति महेश से बड़ी हैं. दोनों की उम्र में 4 साल का अंतर है. महेश बाबू और नम्रता ने अपनी शादी का फैसला करने से पहले
5 साल तक डेट किया था. दोनों 10 फरवरी, 2005 को शादी के बंधन में बंधे थे और अब उन के 2 बच्चे हैं गौतम और सितारा.
बौलीवुड के सब से चहेते और हौट कपल्स की लिस्ट में बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर का नाम भी शुमार है. बिपाशा अपने पति करण सिंह ग्रोवर से उम्र में पूरे 6 साल बड़ी हैं. बिपाशा ने टीवी के मशहूर अभिनेता करण से शादी रचाई थी. इस जोड़े ने 2016 में शादी की थी. बिपाशा और करण भी एक बेटी के मातापिता बन चुके हैं. उन की बेटी का नाम देवी है. बिपाशा अकसर देवी के क्यूट वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं.
कैटरीना ने अपना हमसफर बस एक झटके में ही चुन लिया था. जहां सभी पहले यह कयास लगाते थे कि सलमान खान के साथ कैटरीना की शादी होगी, लेकिन सभी खबरें तब अफवाह बन कर रह गईं जब कैटरीना ने विक्की कौशल से शादी कर ली. कैटरीना की उम्र 40 साल और विक्की कौशल की उम्र 35 साल है यानी कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की उम्र के बीच 5 साल का अंतर है. दोनों 2021 में शादी के बंधन में बंध गए थे. इन की जोड़ी को देख कर साफ पता चलता है कि उन्हें अपने ऐज गैप से कोई फर्क नहीं पड़ता है यानी अगर दिल राजी तो सब राजी.
