Sister Relationship: बचपन में छोटी बहन को स्कूल पहुंचाने वाली बड़ी बहन कब उस की हमउम्र बन जाती है, पता ही नहीं चलता. मां की डांट से बचाने वाली, कौपीकिताब संभालने वाली बड़ी बहन धीरेधीरे राजदार, सलाहकार और दोस्त में बदल जाती है. रात को लाइट औफ करने से पहले कई अनकही बातें बहन के कानों तक पहुंच ही जाती हैं.
बिना संकोच का भरोसा
पहली बार ब्रा खरीदनी हो, अचानक पैड की जरूरत पड़ जाए, कुरते पर दाग तो नहीं है या मुंह से बदबू तो नहीं आ रही ऐसे सवाल दुनिया से नहीं पूछे जा सकते. पर बहन से सबकुछ पूछा जा सकता है. यही सहजता इस रिश्ते की ताकत है. 2 बहनें हों तो वार्डरोब से ले कर ड्रैसिंगटेबल तक शेयर कर ली जाती है. कभी दीदी का टौप छोटी पहन लेती है, कभी छोटी की स्कर्ट दीदी की ड्रैस बन जाती है.
दीदी का बैग ले कर छोटी अपनी सहेलियों में अमीरी की शान बताती है और दीदी छोटी की ज्वैलरी पहन कर प्रशंसा बटोर लेती है. नया फैशन सीखना हो, कोई हेयरस्टाइल ट्राई करना हो या साड़ी में पिन लगानी हो बहनें एकदूसरी की पक्की मददगार होती हैं.
जमाने की नजर में रिश्ता
जमाने में जो उपमाएं दी जाती हैं वे बहनों के रिश्ते को कम महत्त्व देती हैं. मामा की जगह पर है चांद, चंदा मामा. ऊंचा, चमकदार और सब का प्यारा, वहीं मौसी का सिंबल है बिल्ली, बिल्ली मौसी. साधारण और कमतर. साइकोलौजिकल अंतर दिखता है न. समाज भाईबहन के रिश्ते को तो गौरव और महत्त्व देता है, पर बहनबहन के रिश्ते को उतनी गंभीरता से नहीं देखता.
बहनों का क्या है, साथसाथ बड़ी होंगी, शादी के बाद अलगअलग घर की हो जाएंगी और अपनीअपनी गृहस्थी में डूब कर एकदूसरे को भूल जाएंगी. प्राय: यही सोच रहती है.
भाईबहन के रिश्ते को महत्त्व देने के लिए रक्षाबंधन और भाईदूज जैसे त्योहार हैं. उन में भी भाई अपरहैंड है, बहन कमजोर. बहन राखी बांधती है और दूज का तिलक भी भाई के माथे पर सजता है. ‘भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना…’ जैसे गाने बहनबहन के प्रेम के लिए नहीं बने.
बचपन से बराबरी तक
बहनों के रिश्ते में चोरीछिपे कुछ भी करना अबाऊ नहीं होता. बौयफ्रैंड के बारे में तो बिलकुल भी नहीं. बौयफ्रैंड को ले कर बहन की ऐक्सैपटैंस मम्मीपापा से अधिक जरूरी है.
वे यह मानती हैं कि बौयफ्रैंड ने बहन का टैस्ट पास कर लिया तो पेरैंट्स का ऐग्जाम तो पास कर ही लेगा. आखिर बहन ही तो होती है जो मम्मीपापा के सामने बहन के बौयफ्रैंड की इमेज बनाती है.
मौडर्न एज में तो बहनों का रिश्ता और भी मजबूत हो गया है.दोस्तों के बीच कोई झगड़ा हो गया हो, सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग हो रही हो, ब्रेकअप हो गया हो बहन को सब से पहले पता चलता है.
थेरगांवकर फैमिली में मम्मी कई दिनों से देख रही थीं कि नमिता चुपचुप है. वे उसे डाक्टर के पास ले जाना चाहती थीं पर छोटी बहन शमिका ने मम्मी को रोका. उसे पता था कि नमिता अपनी रिलेशन में खटपट का सामना कर रही है. सोशल मीडिया के इस जमाने में बहनबहन के बीच कुछ भी हिडन नहीं रहता. वे सब जानती भी हैं और एकदूसरे को संभालती भी हैं.
सुरक्षा और सलाह
पुरानी सोच कहती थी कि भाई रक्षा करता है. आज बहनें साबित कर रही हैं कि सुरक्षा कोई फिजिकल ताकत नहीं बल्कि मानसिक सहारा है. प्रौब्लम आने पर वे एकदूसरे की डिफैंस बन जाती हैं, एडवाइजर भी. परिवार के बाकी सदस्य भी जानते हैं कि किसी भी मुश्किल में बहन बहन का साथ नहीं छोड़ेगी.
भाईभाई वर्सेस बहनबहन
भाईभाई के रिश्ते में प्यार तो होता है लेकिन उस में समाज और खानदान का दबाव भी जुड़ा रहता है. कौन अधिक कमा रहा है, किस की नौकरी ऊंची है, किस का घर ज्यादा शानदार- ऐसा कंपैरीजन अकसर होने लगता है.
शादी के बाद अकसर भाईभाई का रिश्ता थोड़ा फौर्मल भी हो जाता है. अगर उन की पत्नियां आपस में घुलनेमिलने वाली न हों तो 2 भाई एकदूसरे से दिल की बातें शेयर करना कम कर देते हैं.
हिस्ट्री की बात करें या आज की: रौयल घरानों की राजनीति से ले कर देश के बड़ेबड़े इंडस्ट्रियल घरानों तक, भाईभाई के बीच कंपीटिशन और सुपीरिएरटी की बात हो साफ दिखाई देती है. महलों से ले कर पैट्रोल, प्लास्टिक और टैलीकौम ऐंपायर्स तक का बंटवारा होते हम सब ने देखा है.
बहनबहन का रिश्ता इस से बिलकुल अलग है. इस में मुकाबला कम है, साझेदारी अधिक है. कपड़े, किताबें, ज्वैलरी, मेकअप ही नहीं बल्कि उन के डर और सपने भी एकजैसे हैं. समाज उन्हें वंश का वारिस नहीं मानता, इसलिए उन में स्पर्धा का बो झ कम होता है. यही वजह है कि उन का रिश्ता और ज्यादा आत्मीय और खुला होता है.
भाईभाई के बीच अकसर ईगो की टकराहट दिखती है, वहीं बहनबहन के बीच संपैथी और अंडरस्टैंडिंग होती है.वे एकदूसरे को क्रिटिसाइज भी करती हैं तो उस में भी इंपू्रवमैंट का भाव होता है.
बहनबहन का रिश्ता प्रेम का सब से सच्चा रूप है. इस में न दादागीरी है, न डौमिनेशन. इस में खुलापन है, सा झेदारी है. बहनबहन का रिश्ता बराबरी की पाठशाला है.
लेखक- स्मृति मेहता
Sister Relationship
