Expensive weddings : सैलिब्रिटीज से ले कर ईशा अंबानी की शादी की शानशौकत देख हर किसी की आंखों में चमक आ गई थी. डैस्‍ट‍िनेशन वैडिंग का भी खूब चलन बढ़ गया है. इसी क्रम में आज चर्चा उस शादी की भी है, जिस की जगमगाहट देख न सिर्फ हिंदुस्‍तान बल्‍क‍ि पूरे फ्रांस की आंखें चौंध‍िया गई थी यह शादी थी दुनिया के सब से अमीर लोगों में शुमार लक्ष्‍मी मित्तल की बेटी वनीशा मित्तल और दिल्‍ली के बिजनैसमेन अमित भाटिया की.

फ्रांस की राजधानी पेरिस को ऐसे सजाया गया था, जैसे शहर ही दुलहन हो. स्टील टाइकून लक्ष्मी निवास मित्तल की बेटी तब 23 साल की थीं. शादी के लिए पेरिस के वौक्स ले वियोकोमटे महल को चुना गया था. 6 दिनों तक चले वैडिंग इवेंट में फ्रांस की सरकार भी मित्तल साहब को पूरा सपोर्ट दे रही थी.

उस दौर में लक्ष्‍मी निवास मित्तल ने बेटी की शादी में 240 करोड़ रुपए खर्च किए थे. हालांकि दुखद यह भी रहा कि शादी के 10 साल बाद 2014 में वनीशा का तलाक हो गया. यानि की मित्तल का अपनी बेटों की शादी में इतना मोटा पैसा खर्च करना भी उन की बेटी की शादी को बचा नहीं पाया.

कुछ ऐसा ही बहुत से लोगों के साथ हो रहा है या आजकल का यही चलन है

अभी हाल ही में आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र स्थित शहर की पौश कालोनी निवासी जूता उद्यमी की बेटी की शादी खंदारी क्षेत्र निवासी जूता उद्यमी परिवार के बेटे से डेढ़ साल पहले हुई थी. 2 करोड़ रुपए में रिश्ता तय किया गया था. शादी में करीब 1.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए. हीरे के जेवर, सोना और 40 लाख रुपए नकद दिया. ससुरालियों का कहना था कि शादी में कम से कम 5 करोड़ खर्चे की उम्मीद थी. उन के हिसाब से शादी हलकी रही.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और इंदौर के संगीतकार पलाश मुछाल की हाई प्रोफाइल शादी आखिरकार टूट गई. जानकर हैरान होंगे कि शादी से ठीक पहले रिश्ते टूटने की यह एकमात्र घटना नहीं है.

पिछले कुछ समय में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं. अकेले इंदौर में 40 दिन में 150 से अधिक शादी ऐनवक्त पर टूटीं. एक खबर से पता चला कि 25 से ज्यादा वैडिंग प्लानर, 20 से अधिक होटल व मैरिज गार्डन संचालकों से बात की तो पता चला इंदौर शहर में 1 नवंबर, 2025  से 8 दिसंबर, 2025  के बीच 40 दिनों में 3 हजार से ज्यादा शादियां हुईं, इन में 150 से अधिक ऐनवक्त पर टूट गईं.

प्रमुख सैलिब्रिटीज तलाक 2025-2026

स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल : भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी बीते महीने सुर्खियों में छाई रही थी. उन की सगाई से ले कर प्री वैडिंग की सभी तसवीरें वायरल हुई थीं, लेकिन लोगों को झटका तब लगा जब 23 नवंबर, 2025 से 1 दिन पहले दोनों की शादी पोस्टपोन होने की खबर सामने आई. काफी समय तक तो कपल ने कुछ नहीं कहा, लेकिन बाद में उन्होंने खुद अपनी शादी टूटने की खबर को कन्फर्म किया.

एआर रहमान और सायरा बानू : नवंबर, 2024 में संगीत की दुनिया के दिग्गज एआर रहमान ने अपनी पत्नी सायरा बानू से 29 साल की शादी के बाद अलग होने का फैसला किया. यह 2024 के अंत की सब से चौंकाने वाली खबरों में से एक थी.

युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा : साल 2025 में क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा का तलाक काफी चर्चा में रहा. 2020 में हुई इस शादी का अंत महज 4 साल बाद ही हो गया.

तमन्ना भाटिया और विजय वर्मा : हालांकि इन्होंने शादी नहीं की थी, लेकिन 2025 की शुरुआत में बौलीवुड के इस सब से चर्चित कपल का ब्रेकअप हो गया, जिस से उन के फैंस काफी निराश हुए.

अदिति शर्मा और अभिनीत कौशिक : शादी के 4 महीने बाद ही टीवी ऐक्ट्रैस अदिति शर्मा ने पति अभिनीत कौशिक से तलाक की अरजी डाल दी थी. अभिनीत ने अदिति पर आरोप लगाते हुए उन के कोस्टार समर्थ गुप्ता के साथ ऐक्ट्रैस के अफेयर का आरोप लगाया था. अदिति ने बाद में पूरी कहानी बताते हुए कहा था कि अभिनीत ने उन्हें घर से बाहर निकालने की धमकी दी थी. हालांकि, अदिति की यह शादी ज्यादा मीडिया में चर्चित नहीं हुई.

लता सभरवाल और संजीव सेठ : टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में पतिपत्नी का रिश्ता निभाने वाली ऐक्ट्रैस लता सभरवाला की संजीव सेठ से लवस्टोरी फिल्म के सेट पर शुरू हुई थी. दोनों की दोस्ती हुई और वह प्यार में जल्द बदल गई, जिस के बाद इस कपल ने 2010 में धूमधाम से शादी की और उन का एक बेटा हुआ. हालांकि, शादी के 16 साल बाद लता सभरवाल ने संजीव से तलाक की घोषणा कर दी.

मलयालम ऐक्ट्रैस मीरा वासुदेवन ने इस साल अपने पति सिनेमैटोग्राफर विपिन पुथियांकम से तलाक की घोषणा की. उन की शादी केवल लगभग 1 साल चली थी. दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘कुडुम्बविलक्कु’ के सेट पर हुई थी, जो वक्त के साथ प्यार में बदल गई.

उन्होंने पिछले साल मई में कोयंबटूर में शादी की. यह उन की तीसरी शादी थी. सोशल मीडिया पर अलग होने की घोषणा करने के बाद मीरा ने विपिन के साथ साझा की गई सभी तसवीरें और वीडियो डिलीट कर दिए थे. इन में उन की शादी की तसवीरें भी शामिल थीं.

सेलिना जेटली और पीटर हौग : 2025 में अभिनेत्री सेलिना जेटली ने भी अपने पति पीटर हौग से 15 साल की शादी के बाद तलाक की अरजी दाखिल की.

बिजनैस और स्पोर्ट्स वर्ल्ड श्रीधर वेंबु (जोहो) जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबु और उन की पत्नी प्रमिला श्रीनिवासन का तलाक का मामला 2026 में अदालती काररवाई और कानूनी विवादों के कारण काफी सुर्खियों में है.

हार्दिक पांड्या और नताशा स्टेनकोविक : जुलाई, 2024 में इस कपल ने आधिकारिक तौर पर अपने अलग होने की पुष्टि की थी.

अब सवाल यह उठता है कि शादी में किया गया इतना खर्च क्या शादी को मजबूत बनता है? अगर नहीं, तो फिर उत ने खर्च की जरूरत ही क्या है? क्या शादी में की गयी फुजूलखर्ची सुखी वैवाहिक जीवन की गारंटी है?

शादी में की गई फुजूलखर्ची सुखी वैवाहिक जीवन की गारंटी नहीं, बल्कि कई बार बरबादी की शुरुआत साबित होती है. जब शादी पर करोड़ों खर्च होते हैं, तो दोनों परिवारों और जोड़ों की एकदूसरे से अपेक्षाएं बहुत ज्यादा बढ़ जाती हैं. वे जीवनसाथी को एक इंसान के बजाय एक ‘स्टेटस सिंबल’ की तरह देखने लगते हैं.

मामूली गलतियों को भी लोग बरदाश्त नहीं कर पाते क्योंकि उन के मन में यह भाव रहता है कि इतना खर्च करने के बाद भी हमें यह मिला?

शादी एक बंधन है नकि कोई इवेंट

ऐसी हाई प्रोफाइल शादियों में सारा ध्यान इस पर होता है कि लहंगे का डिजाइन कैसा है, फोटोग्राफी कैसी हो रही है और खाना कितना महंगा है. पूरा ध्यान इस पर होता है कि दुनिया क्या कहेगी? सजावट कैसी है, लाइटें कैसी हैं.

इस शोरशराबे में 2 लोगों के बीच का संवाद, उन की भावनाएं और एकदूसरे को समझने की प्रक्रिया कहीं खो जाती है. इवेंट में उन 500 लोगों को खुश करने की कोशिश होती है जिन्हें शायद आप की खुशी से कोई सरोकार न हो जबकि बंधन सिर्फ 2 लोगों के बीच का वादा है, जो एकदूसरे की कमियों को स्वीकार करने के लिए किया जाता है. महंगे लहंगे और फाइवस्टार वैन्यू खुशी तो दे सकते हैं, लेकिन आपसी समझ और सम्मान नहीं.

परफैक्ट दिखने का दबाव

जब करोड़ों रुपए खर्च होते हैं, तो उम्मीदें भी करोड़ों की हो जाती हैं. लोग पार्टनर को एक इंसान के बजाय एक स्टेटस सिंबल की तरह देखने लगते हैं. छोटी सी चूक या असहमति भी बहुत बड़ी लगने लगती है क्योंकि उस रिश्ते पर भारी निवेश किया गया होता है.

फाइनैंशियल स्ट्रैस होती हैं हाई प्रोफाइल शादियां

कई बार लोग समाज में अपनी साख दिखाने के लिए कर्ज ले कर आलीशान शादियां करते हैं. जब उत्सव खत्म होता है, तो कर्ज का बोझ और ईएमआई के तनाव से दांपत्य जीवन में शुरुआत से ही कड़वाहट आने लगती है.

दिखावे पर खर्च किए गए लाखों रुपए अकसर एक दिन के आयोजन तक सीमित रहते हैं और बाद में परिवार पर बोझ बनते हैं. यह दिखावा पैसे वाले लोग भी करते हैं और जिन के पास ज्यादा पैसा नहीं है वे भी इस तरह का दिखावा करते हैं जबकि असली खुशी आपसी समझ, विश्वास और प्यार में होती है, नकि महंगी सजावट या बड़े मैन्यू में.

सुखद वैवाहिक जीवन के लिए बचत को भविष्य की जरूरतों और सुरक्षा में लगाना बेहतर होता है.

परिवारों का ईगो क्लैश

ऐसी शादियों में 2 व्यक्तियों से ज्यादा 2 परिवारों के स्टेटस का मिलन होता है. अगर दोनों पक्ष बहुत प्रभावशाली हैं, तो आपसी विवादों में ‘ईगो’ आड़े आ जाता है. झुकने या समझौता करने को अकसर अपनी शान के खिलाफ मान लिया जाता है.

इस तरह जिन के पास कुछ नहीं है वे भी शादियों पर ज्यादा खर्च करते हैं चाहे इस के लिए उन्हें कर्ज ही क्यों न लेनी पड़े और जिन के पास पैसा है तो वो बेहिसाब खर्च करते ही हैं जोकि अनावश्यक है.

लेकिन इतना पैसा खर्च कर के की गई शादी भी टिक जाएगी और दूल्हादुलहन खुश रहेंगे इस बात की कोई गारंटी नहीं होती है. इस तरह जब करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी रिश्ता कुछ ही महीनों या सालों में खत्म हो जाता है, तो यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर कमी कहां रह गई. यह भावनात्मक सुरक्षा और एकदूसरे का साथ देने का वादा है, जो बैंक बैलेंस से नहीं, बल्कि नीयत से निभाया जाता है.

शोध बताते हैं कि जो जोड़े सादगी से शादी करते हैं, वे अकसर अधिक खुश रहते हैं. इस का कारण यह है कि उन का ध्यान बाहरी दुनिया को प्रभावित करने के बजाय अपने आपसी संबंधों को मजबूत करने पर होता है. ‎

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...