“रिया की माँ आज दिल्ली से राम नाथ जी का phone आया था .उन्होंने रिया के लिए बहुत ही अच्छा लड़का बताया है ,” दयाशंकर जी ने चहकते हुए कहा.
सरिता जी रसोई से बहार निकलकर आई और उत्सुकता से पूछा ,”क्या करता है लड़का..?कैसा है देखने में….?नाम क्या है….?
“सारे सवाल एक ही बार में पूछ लोगी ,अरे सांस तो ले लो जरा …….,”,दयाशंकर जी ने हँसते हुए कहा .
लड़का तो इंजिनियर है और नाम है ‘अविनाश ‘.बस मुझे एक चीज़ की चिंता है की हम इतना दहेज़ कैसे दे पाएंगे?उन्होंने 15 लाख रूपए कैश बोले है .
सरिता जी ने कहा कि पहले लड़का देख लें ,कुंडली मिला लें ,फिर देखते हैं .आखिर हमारी गुडिया(रिया) से बढ़कर कुछ है क्या ?कहीं न कहीं से इंतज़ाम कर लेंगे.वैसे भी मेरे पास थोड़े जेवर पड़े है ,मैं इस बुढ़ापे में अब क्या करूंगी उनका. और जो आपने FD करा रखी थी हम दोनों के नाम से उसे भी तुडवा देंगे.बस हमारी गुडिया खुश रहे हमें और क्या चाहिए?
जब रिया शाम को कॉलेज से लौट कर आई तब उसके छोटे भाई ने उसे सारी बात बताई .रिया अपने पापा के पास गयी और गुस्साते हुए बोली की मुझे नहीं करनी ये शादी. मै अभी आपको छोड़कर कहीं नहीं जाउंगी.क्या मैं आप लोगों को बोझ लगती हूँ?जो आप मुझे पराये घर भेज रहे हो.
दयाशंकर जी ने उसके सर पर हाँथ फेरते हुए कहा,”नहीं मेरी गुडिया …ऐसा सोचना भी मत !बेटी तो पराई होकर भी परायी नहीं होती.एक बेटी ही तो है जिसकी याद माँ बाप के मरते दम तक उनके साथ रहती है.बेटे तो भाग्य से होते हैं पर बेटियां तो सौभाग्य से होती है.
रिया अपने पापा के गले लग गयी और बोली बस अब रहने दीजिये ,मुझे रुलएंगे क्या.?
इसी तरह कुछ महीने बीत गए .रिया का B.TECH भी कम्पलीट हो गया.अविनाश अपने घरवालों के साथ रिया को देखने उसके घर गया.सभी को रिया बहुत पसंद आई.रिया और रिया के माता-पिता को भी अविनाश अच्छा और सुलझा हुआ लगा.शादी की बात पक्की हो गयी.शादी की डेट 6 महीने बाद की निकली.
रिया के माता-पिता और भाई दिन रात शादी की योजना बनाते रहते.जैसे तैसे करके दहेज़ की रकम भी जुटा ली गयी थी.पर ये तो रिया ही जानती थी की इस रकम को जुटाने के पीछे उसके घर वालों ने अपने कितने सपने कुर्बान किये है.
रिया इस शादी से खुश तो थी पर कहीं न कहीं दहेज़ वाली बात उसके मन में चुभ रही थी.वो अनमने मन से अपने पापा के पास गयी और बोली,”पापा ये दहेज़ क्यूँ मांगते है लोग ?क्या बेटी होना कोई अभिशाप है ?एक तरफ तो लड़की अपने सारे रिश्ते नाते ,अपनी सारी यादों को दिल में समेट कर अपने पिता के घर को छोड़ कर किसी अनजान घर में अनजान लोगों के बीच जाती है ,उसपर भी ऊपर से ये दहेज़ !
पापा मुझे समाज के इस प्रथा से तो शिकायत है ही मुझे आप से भी एक शिकायत है.
दयाशंकर जी थोड़ा ठहरे फिर बोले,”क्या हुआ गुडिया ?मुझसे क्या शिकायत है.”?
रिया ने कहा ,”जब मैं छोटी थी और खेल- खेल में कहीं छिप जाती थी तब तो आप जमीन आसमान एक कर देते थे और आज आप मुझे किसी अनजान के हाथों में सौप रहे है……………
पापा आपको याद है जब मैं एक बार आँगन में आपके साथ खेल रही थी तब मैंने आँगन में लगे हुए एक पेड़ को देखकर कहा था की पापा इसे यहाँ से हटाकर अपने बागीचे में लगा लेते है तब आपने कहा था की बेटी ये 4 साल पुराना पेड़ है ,इसका नयी जगह,नयी मिटटी में ढल पाना मुश्किल होगा .आज मैं आपसे पूछती हूँ एक पौधा और भी तो है आपके आँगन का जो 22 साल पुराना है ,क्या वो नयी जगह ढल पायेगा?
दयाशंकर जी की आँखों में आंसू आ गए ,उनका गला रुंध गया .उन्होंने भरे हुए गले से कहा ,”बेटी जब तुमने मुझसे एक चिड़िया को देखकर कहा था की पापा मुझे भी पंख चाहिए ,मैं भी उड़ना चाहती हूँ.तब मैंने तुमसे कहा था न की तुम तो बिना पंखों के एक दिन उड़ कर परदेश चली जाओगी .बेटी यही जीवन का सत्य है .माँ बाप चाह कर भी अपनी बेटी को हमेशा के लिए अपने पास नहीं रख सकते और बेटी यह शक्ति सिर्फ एक औरत में ही होती ,जो खुद को नए माहौल में ढाल सकती हैं ,अनजाने लोगों को भी अपना बना सकती है.ताउम्र उनके लिए जीती है .एक माँ एक बहन और एक पत्नी बनकर.वो बेटियाँ ही तो होती है जिनके हाथों में अपने दोनों घरों की लाज होती है.
यह कहते हुए दयाशंकर जी रो पड़े और उन्होंने रिया को अपने गले से लगा लिया.
शादी का दिन आ चुका था.दरवाज़े पर बारात खड़ी थी .सब बारातियों की आवभगत में लगे हुए थे.रिया शादी के लाल जोड़े में तैयार अपने कमरे में बैठी थी .वो अपने बचपन के खिलौने को देख रही थी तभी रिया के पापा ने आकर उससे कहा चलो गुडिया जयमाल का समय हो गया है ,मै तुम्हे लेके चलूँगा .पर रिया के हाथों में उसके बचपन की गुडिया देखकर वो थोड़ा मुस्कुराये और बोले ,”गुडिया तुम्हे पता है ,मुझमे और तुममे एक चीज़ कॉमन है.रिया ने कहा ,”कौन सी ?
उसके पापा ने कहा की तुम्हे अपनी गुडिया से बहुत प्यार है और मुझे अपनी गुडिया से……..
रिया अपने पापा के गले लग गयी.तभी दयाशंकर जी ने कहा चलो गुडिया देर हो रही है.फिर वो दोनों नीचे आ गए.
धीरे-धीरे करके सारी रश्मे पूरी हो गयी .अब रश्मों का सबसे कठोर समय आया …. कन्यादान का समय.जिससे हर माता-पिता को डर लगता है.
जब पंडित ने उन्हें कन्यादान के लिए बुलाया तो उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई उनके जिस्म से उनकी जान मांग रहा हो.वो अन्दर ही अन्दर सोच रहे थे की जिस नन्ही सी गुडिया हो अपने हाथों में खिलाया,जिसकी उंगली पकड़ कर चलना सिखाया ,आज कन्यादान करते समय उसी गुडिया से अपना हाथ छुडाना पड़ेगा.
पर रस्मे तो निभानी ही पड़ती हैं न …ये सोचकर वो आगे बढे .
रिया के माता पिता जब कन्यादान के लिए आये तब रिया अपने माता-पिता को देख कर सोचने लगी की की इन्हें अपने आंसुओ से कितना लड़ना पड़ा होगा.
जब कन्या दान पूरा होने के बाद माता पिता अपना हाथ हटाने लगे तब रिया बहुत रोने लगी और बोली ,”पापा क्या आज से आपने सचमुच मुझको छोड़ दिया………………
रिया की बाते सुनकर दयाशंकर जी से रहा नहीं गया और वो बदहवास रोने लगे .उस समय तो क्या लड़के वाले और क्या लड़की वाले,सभी की आँखों में ही आंसू थे.
सरिता जी ने दयाशंकर जी को संभाला और उन्हें वहां से ले गयी.
सारी रश्में पूरी हो चुकी थी.अब आया सबसे कठिन पल …विदाई का ….
रिया सब से लिपट कर बहुत रो रही थी आखिरकार उसके बचपन की यादों का घरौंदा जो छूट रहा था.रिया ने अपने भाई की तरफ देखा वो कोने में खड़ा सुबक-सुबक कर रो रहा था.उसे चुप करने वाला भी कोई नहीं था.
रिया अपने भाई के पास जाकर उसे च्गुप करने लगी और बोली तुम कहते थे न की मै जब चली जाउंगी तब तुम मुझे याद भी नहीं करोगे.लो अब मैं जा रही हूँ.
उसका भाई रिया से चिपककर बोला …………नहीं दीदी मत जाओ मैं कैसे रहूँगा तुम्हारे बिना.दोनों भाई बहन काफी देर तक एक दूसरे को दिलासा देते रहे.
सबसे मिलने के बाद रिया अपने पिता के पास गई .उसके पिता यहां वहां मुंह घुमा रहे थे .वो खुद को कमजोर नहीं दिखाना चाहते थे,रिया उनसे चिपट कर बहुत रोइ सहसा उनको भी रुलाई छूट गई और वह भी मेरी गुड़िया…….. मेरी गुड़िया………. कहकर बहुत रोए .उसके बाद वो रिया को गाडी में बैठने के लिए ले जा रहे थे.रिया सजाई गई गाड़ी के नजदीक आ गई.
वहीं पास में उसका पति अविनाश अपने दोस्तों से बातें कर रहा था. उसके दोस्त ने कहा ,”अविनाश यार सबसे पहले घर पहुंचते ही होटल चलकर बढ़िया सा खाना खाएंगे, यहां तेरी ससुराल में खाने का मजा नहीं आया.
तभी पास में खड़ा अविनाश का छोटा भाई राकेश बोला,” हां भैया पनीर कुछ ठीक नहीं था और रसमलाई में तो रस ही नहीं था ,यह कहकर वो खूब ठहाके लगाकर हंसने लगा.
रिया ये सब सुन रही थी .पर उसे विश्वास था की अविनाश इन सबको समझाएगा.लेकिन…………………………
लेकिन अचानक उसके कानो में अविनाश की आवाज़ पड़ी.वो कह रहा था ,” अरे हम लोग रास्ते मे जब रुकेंगे तब तुम लोगों को जो खाना है खा लेना, मुझे भी यहां खाने में मजा नहीं आया ,रोटियां तक गर्म नहीं थी “.
अब तक तो रिया सब बर्दास्त कर रही थी लेकिन जब उसने अपने होने वाले पति के मुंह से यह शब्द सुना तो जो रिया गाड़ी में बैठने जा रही थी ,वो वापस मुड़ी ………….. गाड़ी के दरवाजे को जोर से बंद किया और घूंघट हटा कर अपने पापा के पास पहुंची .
उसने अपने पापा का हाथ अपने हाथ में लिया और बोली पापा ,”मैं इनके साथ पूरी जिंदगी नहीं बिता सकती . मैं ससुराल नहीं जा रही हूं. मुझे यह शादी मंजूर नहीं है. यह शब्द उसने इतनी जोर से कहे कि सब लोग हक्के बक्के रह गए .सब उसके नजदीक आ गए. रिया के ससुराल वालों पर तो जैसे पहाड़ टूट पड़ा. मामला क्या था किसी को समझ में नहीं आ रहा था?
तभी रिया के ससुर राधेश्याम जी ने आगे बढ़कर रिया से पूछा,” लेकिन बात क्या है बहू? शादी हो गई है विदाई का समय है अचानक क्या हुआ क्यों तुम शादी को नामंजूर कर रही हो ?
अविनाश भी हक्का-बक्का रह गया उसने रिया के पास आकर कहा कि अब तक तो सही था अब तुम ऐसे क्यों कह रही हो , आखिरी वक्त पर ऐसा क्या हुआ कि तुम ससुराल जाने को मना कर रही हूं?
रिया ने अपने पिता का हाथ पकड़ रखा था. रिया ने अपने ससुर से कहा ,” पिताजी मेरे पापा ने अपने सपनों को मारकर हम दोनों भाई –बहन को पढ़ाया लिखाया व काबिल बनाया है. आप जानते हैं कि एक पिता के लिए एक बेटी क्या मायने रखती है.हो सकता आप ये ण समझ सके क्योंकि आपकी कोई बेटी नहीं है.
रिया रोती हुई बोली जा रही थी……………
आप जानते हैं कि मेरी शादी के लिए और शादी में बारातियों की आवभगत में कोई कमी ना रह जाए इसलिए मेरे पापा पिछले 6 महीने से रात को 2:00 से 3:00 तक शादी की तैयारियों की योजना बनाते रहते थे. खाने में क्या बनेगा ?रसोईया कौन होगा ? पूरी शादी भर वो सबके सामने हाथ जोड़ जोड़ कर खड़े थे जैसे एक बेटी को जन्म देकर कोई पाप कर दिया हो.
बाबु जी जरा सोचिये की वो चीज़ जो आपको पसंद है ,अगर आपसे कोई मांग ले तो आप हिचकिचाने लग जायेंगे,पर एक पिता का जिगर तो देखिये ,जो अपने जिगर का टुकड़ा सौंप देते हैं.
जिस दहेज़ को मांगने में लोगों को कुछ मिनट ही लगते है उसी रकम को जुटाने के लिए एक पिता दिन रात मेहनत करता है.मेरे पति को रोटी ठंड लगी……………उनके दोस्तों को पनीर में गड़बड़ लगी……………..
मेरे देवर को रसमलाई में रस ही नहीं मिला. पर क्या इनको पता है की यह सिर्फ खाना नहीं है ,ये किसी पिता के अरमान व जीवन का सपना होता है .मेरे माता-पिता ने कितने सपनों को मारा होगा..बेटी की शादी में बनने वाले पकवान में स्वाद कई सपनों के कुचलने के बाद आता है. उन्हें पकने में सालों लगते हैं .
पर इनका खिलखिला कर हंसना मेरे पिता के सम्मान को ठेस पहुंचाने की समान है.रिया हाफ रही थी .
रिया के पिता ने रोते हुए कहा ,”लेकिन बेटी इतनी छोटी सी बात!”
रिया ने उनकी बात बीच में काटी और बोली ये छोटी सी बात नहीं है पिताजी ..
मेरे पति को मेरे पिता की इज्जत नहीं है . आपने तो दिल खोलकर अपनी हैसियत से बढ़कर खर्च किया है. आप अपने दिल का टुकड़ा अपनी गुड़िया रानी को विदा कर रहे हैं .आप कितनी रात रोएंगे क्या मुझे पता नहीं .
वो लगातार रोती जा रही थी.
तभी रिया के ससुर ने आगे आकर रिया के आसू पोछे और कहा,”वाकई में किसी ने सच ही कहा है की हर बेटी के भाग्य में तो पिता होता है ,पर हर पिता के भाग्य में तुम्हारे जैसी बेटी नहीं होती’.बेटा तो तब तक अपना होता है जब तक उसे पत्नी नहीं मिलती,लेकिन बेटियां तो मरते दम तक साथ निभाती है…..अब मैंने जाना की भगवन ने मुझे बेटी क्यों नहीं दी.क्यूंकि मेरे नसीब में तो तेरे जैसी बेटी थी.”
रिया के ससुर ने रिया का हाथ पकड़ कर बोला ,”बेटी मेरे बच्चो को माफ़ कर दे.और मुझे मेरी बेटी लौटा दे.तुझे लिए बगैर मैं यहां से खाली हाथ नहीं जाऊंगा.”ये कहकर उनकी आँखों में आंसू आ गए.
रिया अपने ससुर को रोते देख कर उनके गले लग गयी और बोली नहीं पिताजी आप मत रोइए.
रिया के ससुर ने कहा ,”पिताजी नहीं बेटी ,’……………………..पापा’
अविनाश ने भी आकर दयाशंकर जी से माफ़ी मांगी .दयाशंकर जी ने उसे गले लगा लिया.
दयाशंकर जी ऐसी बेटी पाकर गौरव की अनुभूति कर रहे थे.रिया अब राजी खुशी अपने ससुराल रवाना हो गई थी और छोड़ गई थी आंसुओं से भीगी अपने मां पिताजी की आंखें. अपने पिता का वो आंगन जिसमें कल तक वो चहकती रहती थी.आज इस आंगन की चिड़िया उड़ गई थी .अब वो किसी दूसरी देश में और किसी पेड़ पर अपना घरौंदा बनाएगी.
विदाई के समय एक लड़की इसलिए नहीं रोती कि वो अपने माँ बाप से दूर जा रही है बल्कि वो इसलिए रोती है की उसके माँ बाप उसके बिना अकेले रह जायेंगे
