Parivarik Kahani: मोबाइल पर नीरा से विभू ने कहा, ‘‘मैं तुम्हें लेने आ रहा हूं.’’ बिना किसी पूर्व सूचना के कैसे आ रहे हैं? जरूर कोई खास बात होगी. यह सोच कर नीरा ने डा. स्वाति को अपने केबिन में बुला कर बाकी मरीजों को उस के हवाले किया और खुद नीचे कारिडोर में पहुंच गई. विभू नीचे गाड़ी में बैठे उस की प्रतीक्षा कर रहे थे.
‘‘भैया का फोन आया था अस्पताल से, अम्मां को हार्ट अटैक हुआ है. तुरंत पहुंचने को कहा है,’’ वह बोले.
विभू की आवाज के भारीपन से ही नीरा ने अंदाजा लगाया कि अपने घर से अलगाव के 3 सालों के लंबे अंतराल से मन में दबी उन की भावनाएं इस पल जीवंत हो उठी हैं.
पति के बगल में बैठी नीरा की आंखों की पलकें बारबार गीली होने लगीं. पलकों की ओट में दुबकी तमाम यादें उभर आईं.
आंखों के सामने वह मंजर सजीव हो उठा, जब शादी के अगले ही दिन अपने खानदानी पलंग पर परिजनों के बीच बैठी अम्मां ने नीरा के पीहर से आए दहेज की बेहूदा नुमाइश की थी.
बड़ी भाभी के पिता का सूरत में कपड़े का बड़ा व्यापार था. दहेज में हीरेजवाहरात के साथ लाखों की नगदी भी लाई थीं.
‘दानदहेज चाहे न देते, बरात की आवभागत तो सही तरीके से करते,’ मझली भाभी अपने पीहर का गुणगान ऊंचे स्वर में करने लगी थीं.
विभू ने उसे बताया था कि मझली भाभी इकलौती बेटी हैं, सिरचढ़ी भी हैं. आजकल अपने भाई के साथ साझेदारी में मझले भैया को ठेकेदारी का काम खुलवाने की फिराक में हैं.
‘बेशक शिक्षा और स्वास्थ्य के आधार पर भैया का चयन अच्छा है. बस, डर इस बात का है कि पढ़ीलिखी ज्यादा है. ऊपर से है भी छोटे घर की. पता नहीं, हमारे घर से तालमेल बना पाएगी या नहीं,’ उमा दीदी ने लंबी सांस खींचते हुए कहा था.
इस घर के तीनों बेटों में से विभू ही ऐसे थे जिन्होंने इंजीनियरिंग तक शिक्षा प्राप्त की थी. दोनों बड़े भाइयों ने जैसेतैसे ग्रेजुएशन किया. पापा ने उन्हें गद्दी पर बिठा दिया और धनाढ्य परिवारों की 8वीं और 10वीं पास लड़कियों से छोटी उम्र में उन का ब्याह भी करवा दिया.
दोनों बहुओं के यहां से अम्मां को दानदहेज मिलता रहता. लेकिन जब तीसरी के समय उन की उम्मीदों पर पानी फिरा तो अलाव सी वह सुलग उठी थीं.
अम्मां ने ढेरों उदाहरण पेश किए तो विभू भी अपना आपा खो बैठे थे.
‘अम्मां, नीरा के पिता सरकारी दफ्तर में अफसर हैं. सीमित आमदनी में से नीरा को डाक्टर बनाया. फिर भी जो कुछ उन से बन पड़ा, दिया तो है. खाली हाथ तो विदा किया नहीं है.’
‘जुम्माजुम्मा 2 दिन की पहचान नहीं और लगा बीवी की तरफदारी करने. थोड़े दिनों बाद तेरे ही सिर पर चढ़ कर बोलेगी.’
अम्मांजी की गंभीर आवाज और अभिजात दर्प से भरे व्यक्तित्व की छाप नीरा आज तक कहां मिटा पाई?
सुहागरात को फूलों से महक रहे कमरे में रेशमी, मखमली चादर पर पति के आगोश में लेटी नीरा गीली लकड़ी की तरह सुलगती रही थी. यह सच है कि विभू ने नीरा से और नीरा ने विभू से प्रेम किया था, पर विवाह का प्रस्ताव विभू की ओर से ही आया था.
बड़ी ही विचित्र परिस्थिति में दोनों की भेंट हुई थी. नीरा उन दिनों सरदार पटेल अस्पताल में इंटर्नशिप कर रही थी. विभू को इसी अस्पताल में मेंटेनेंस का चार्ज मिला हुआ था. दोनों की भेंट कौफी हाउस में ही होती थी.
धीरेधीरे दोनों एकदूसरे के प्रति आकर्षित हुए और कब प्रेम का पौधा अंकुरित हुआ, पुष्पित हुआ, पता ही नहीं चला.
अम्मां को जिस दिन इस प्रेम कहानी के बारे में पता चला, उन्होंने हंगामा ही खड़ा कर दिया था. शानशौकत, धनदौलत, मोटरगाड़ी के रंग में रंगी अम्मां को नीरा जरा नहीं भाई थी. एक तो विजातीय, दूसरे, डाक्टर और घराना भी कोई खास नहीं.
नीरा भी बारबार विभू से यही दोहराती रही थी, ‘मैं, एक मध्यवर्गीय परिवार की साधारण सी कन्या हूं. तुम्हारे संभ्रांत परिवार की कसौटी पर, कहीं भी खरी नहीं उतरती.’
पर विभू हर बार यही कहते, ‘‘तुम से लगाव मानसिक स्तर पर है. दानदहेज, रुपएपैसे तो हाथ का मैल है, नीरा. मैं ने तुम्हारे रूपलावण्य से नहीं, शिक्षा, संस्कार और गुणों से प्रेम किया है. तुम सही मानों में मेरी जीवनसंगिनी साबित होगी, ऐसा मेरा विश्वास है.’
अम्मां ने लाख पटकनी दी पर विभू टस से मस नहीं हुए थे. नीरा से विवाह नहीं तो आजन्म कुंआरे रहने की बात उन्होंने जैसे ही मां से कही, अम्मां ने बेमन से हथियार डाल दिए थे.
ब्याह का दूसरा दिन था. फेरा डालने की रस्म पूरी करने के लिए भाई रोहित उसे लेने आया. अम्मां ने एक नजर फल और मिठाई के टोकरों पर डाल कर मुंह दूसरी ओर फेर लिया था.
‘यह सब क्यों भिजवा दिया समधिनजी ने?’ वह उफनती हुई बोलीं, और फिर उसी टोकरी में से कुछ फल, थोड़ी सी मिठाई और एक सस्ती सी कमीज अलमारी में से निकाल कर उन्होंंने रोहित की गोद में रखी. तभी रसोई के दरवाजे पर खड़ी मझली भाभी की कुटिल हंसी में डूबी आवाज आई, ‘बहन की ससुराल से मिली चीज का चाव तो होता ही है, भाई को. कहीं आनाजाना हो तो पहनना.’
संभ्रांत परिवार से आई इन औरतों का दर्प, कहीं भीतर तक नीरा को साल गया था. अपमान की यह पहली किरच थी. फिर तो दिनरात, जानेअनजाने, कई किरचें छलनी करती गई थीं उसे.
ब्याह को कुछ ही दिन हुए थे. विभू और नीरा देर रात गए हनीमून से लौटे थे. सफर की थकान और एकदूसरे के प्रेम में पगे जोड़े की सुबह कब हुई, पता ही नहीं चला. दूर किसी मिल का भोंपू चीखा तो नीरा की नींद भंग हुई. अस्तव्यस्त सी उठी तो किसी ने जोर से दरवाजा खटखटा दिया. सामने अम्मां खड़ी थीं. उन की आंखें क्रोध बरसा रही थीं. कमरे में आते ही विभू पर बरसीं.
‘पूरा दिन बहू की ही गोद में बैठा रहेगा. अब यह यहीं रहेगी, कहीं नहीं जाएगी. जब जी चाहे इस की गोद में बैठ लेना. पर इस से यह कह कि थोड़ाबहुत घरगृहस्थी का भी बोझ संभाले.’
अम्मां आंधी की तरह आई थीं, तूफान की तरह निकल गईं. नीरा संकोच से घिर गई. इस घर की सभी महिलाएं 8 बजे से पहले उठती ही कब हैं?
पत्नी की उदासी पोंछने का प्रयास करते हुए विभू बोले, ‘कई बार एक बात की चिढ़ दूसरी बात पर निकलती है. देखना, देरसबेर तुम्हें अम्मां जरूर अपना लेंगी. मां का दिल है, कोई संकरी गली नहीं.’
सुबहसुबह नीरा चौके में चली तो गई, पर कभी दूध का गिलास, कभी फू्रट जूस, कभी शहदबादाम कटोरी में लिए उस के आगेपीछे घूमती अपनी मां का चेहरा आंखों के सामने घूम गया था. कोई सब्जी कटवाने भी पास नहीं फटका था. विभू ने उसे पहले ही बता दिया था कि बहाने बनाने में दोनों भाभियों को महारत हासिल है.
नीरा ने पूरी टेबिल पकवानों से सजा दी थी.
शाम को घर लौटते समय उमा दीदी के मुंह से अनायास ही निकल गया, ‘नीरा, बहुत अच्छा पकाती हो. पहली बार पीहर में छक कर खाया. दोनों भाभियों ने तो कभी पानी का गिलास भी ढंग से नहीं दिया.’
उस पल नीरा ने कनखियों से अम्मां के चेहरे के उतरतेचढ़ते भावों को पढ़ने का प्रयास किया. शायद प्रशंसा के दो बोल उन के मुंह से भी फूटें पर ऐसा कुछ नहीं हुआ.
एक दिन फोन पर पापा बोले, ‘नीरा, बेटी, कब से ज्वाइन कर रही हो? कल ही डा. अस्थाना मिली थीं. तुम्हारे बारे में पूछ रही थीं.’
‘सोच रही हूं पा…पा…’ उस ने धीरे से कहा. बाकी के शब्द उस के गले में ही अटक कर रह गए थे.
‘डाक्टर हो. इस तरह घर बैठने से प्रैक्टिस छूट जाएगी,’ इतना कह कर उन्होंने फोन काट दिया था. इतने में विभू कमरे में आ गए थे. साथ में बड़े भैया भी थे. बोले, ‘किस का फोन था?’
‘समधीजी का,’ अम्मां बोलीं, ‘बेटी को नौकरी पर जाने के लिए भड़का रहे थे.’
नीरा सोचती रह गई थी कि इन्हें कैसे पता चला पापा का फोन था?
‘वैसे विभू की बहू को नौकरी करने की क्या सूझी?’ बड़े भैया ने अम्मां से ऐसे पूछा मानों कोई अनहोनी होने जा रही हो.
‘बेटा, मध्यवर्गीय परिवार की बेटी है. समधीजी की आमदनी से तो घर भर ही चलता होगा. अगर परिवार के सभी सदस्य न कमाएं तो गुजारा कैसे हो? जिन्हें घर से बाहर निकलने की आदत होती है, उन्हें घर तो काटने को दौड़ेगा ही.’
रात को खाने की मेज पर नीरा की पेशी हुई. परिवार के सभी सदस्यों के बीच सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया कि नीरा नौकरी कर सकती है पर घर की व्यवस्था चरमरानी नहीं चाहिए.
उस दिन विभू को घर में अपना कद छोटा दिखाई दिया था. इस घर के सभी लोग क्यों उस की पत्नी को नीचा दिखाने पर तुले हैं. महज इसलिए क्योंकि वह पढ़ीलिखी है और दहेज में तगड़ी रकम नहीं लाई है? और फिर कौन सी व्यवस्था की बात की जा रही है? सुबह देर से उठना, देर रात तक जागना, 24 घंटे टीवी पर बेसिरपैर के चैनल बदलना, अंगरेजी धुन पर बच्चों का नाचना और घर से बाहर निकल कर ट्यूशन पढ़ना, चौका महाराजिन के सुपुर्द कर गहने बनवाना, गहने तुड़वाना, क्या यही सब?
उस के बाद पाबंदियों की लंबीचौड़ी फेहरिस्त पकड़ा दी गई.
अगली सुबह 5 बजे उठ कर नीरा ने दौड़भाग कर काम निबटाया. सासजी रक्तचाप और आर्थराइटिस की मरीज थीं. ऐसे समय में काम वाली की भी छुट्टी कर दी जाएगी यह उम्मीद नहीं थी उसे.
शाम को पसीने से तरबतर वह जैसे ही अस्पताल से घर में घुसी, चाय का पानी चढ़ा कर सीधे अम्मां के कमरे में पहुंची. अस्पताल में क्याक्या हुआ, वह खुद ही हंसहंस कर बताती रही. पर अम्मां ने उस की बातों में किसी प्रकार की कोई दिलचस्पी नहीं ली.
मानव स्वभाव ही ऐसा है कि वह प्यार के बदले प्यार और आदर के बदले आदर चाहता है. नीरा भी घरबाहर, दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही थी. फिर भी घर के सभी सदस्य उस से दूरी बनाए हुए थे.
एक बरस में वह गर्भवती हो चुकी थी. उन्हीं दिनों, डाक्टरों की कानफे्रंस में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक उपस्थित रह कर जब लौटती तो थकावट से उस का बुरा हाल हो जाता. धीरेधीरे उस का स्वास्थ्य गिरने लगा. आंखों के नीचे काले गड्ढे पड़ने लगे.
एक दिन विभू ने अम्मां से काम वाली के बारे में पूछताछ की तो वह बोलीं, ‘वह तो गांव लौट गई. क्यों?’
असल में अम्मां, इतनी मीनमेख निकालती थीं कि कोई कामवाली 2-3 महीनों से ज्यादा उन के घर टिकती ही नहीं थी. और जब से नीरा ने चौका संभाला है तब से तो वह पूरी तरह से बेपरवाह हो गई थीं. Parivarik Kahani
