Prem Kahani : बाबतपुर एअरपोर्ट से निकल कर मैं ने कैब बुक की. ‘विजय होटल’ में मैं ने अपना रूम बुक किया हुआ था. जब होटल बुक करने का समय आया था, मुझे नहीं पता क्यों मेरे हाथों ने ‘विजय होटल’ ही टाइप किया. मुझे नहीं पता क्यों ऐसा हुआ. ऐसा भी नहीं है कि मैं जानती नहीं कि मैं विजय होटल ही क्यों रुकी हूं. मैं ने यहां पिछली बार क्याक्या खाया था, मुझे तो यह भी याद है. किस के साथ खाया था, यह भी याद है. उस ने ब्लैक टीशर्ट पहनी हुई थी, यह भी याद है. मैं ने पिंक सूट पहना था, यह भी याद है. अरे, नहीं अभी आंखें नम नहीं होनी चाहिए, सालों हो गए. रोने की कोई बात नहीं है. मैं सब भूल चुकी हूं. मैं ने हमेशा की तरह दिल को समझया तो दिल हंस पड़ा कि चल, झूठी. रातदिन परेशान करती है, झूठ बोलती है कि सब भूल गई.
बनारस की 1-1 गली, महल्ला, दुकान, होटल सब तो देख रखा है. यहीं पैदा हुई हूं, पलीबढ़ी हूं, जीवन के 25 साल यहां बिता कर मुंबई पहुंची हूं. कैब से बाहर देखते हुए किसी मूवी की तरह यहां बीते पिछले साल नजरों के आगे किसी रील से भागे चले जा रहे हैं. 10 साल बाद बनारस आई हूं. मम्मीपापा रहे नहीं, अकेली संतान थी. उन के जाने के बाद क्या करने आती. उन का घर किराए पर एक अच्छे परिवार को दिया हुआ है. मेरे अकाउंट में टाइम से किराया आ जाता है. मैं ने अपनी जौब मुंबई जौइन की तो वहीं घर ले लिया. यह मुझे अब अपना शहर नहीं लग रहा है, यह उस का शहर है. मन हो रहा है कि यतिन को फोन करूं और उसे तंग करूं कि बताओ, तुम्हारे शहर में कौन आया है?
दुनिया में एक अकेली लड़की के लिए मातापिता के बिना जीना, खुद को संभालना, उस पर यह कम्बख्त इश्क. उफ… बहुत ही डैडली कौंबिनेशन है. वजूद की धज्जियां बिखर जाती हैं. पीछे बैठेबैठे भी पता रहता है कि कैब ड्राइवर बीचबीच में आप पर नजर डाल रहा है. मैं ने बड़ी होशियारी से अपनी आंखें साफ कीं. हम लड़कियां इस हुनर में कमाल हैं, हम न चाहें तो कोई भी हमारे दुख का अंदाजा नहीं लगा सकता. हर नारी में एक अभिनेत्री छिपी होती है. मैं अपने मन में आए इस विचार पर खुश हुई.
यतिन क्या कर रहा होगा? क्या शाम को शुभी की शादी में आएगा? आज शुभी की शादी है. सुनील की बहन शुभी जो हम सब से छोटी थी. सुनील के पेरैंट्स नहीं हैं. शुभी हम सब को अपने बच्चों जैसी प्रिय थी. सुनील के बुलावे पर सब दोस्त आज शुभी की शादी में आ रहे हैं. सब अपने परिवार के साथ होंगे, मैं ही अकेली आई हूं. मैं ने शादी नहीं की, अब तो 35 की हो रही हूं, कर नहीं पाई.
यतिन के बाद मन को कोई भाया ही नहीं. धोखेबाज यतिन, मतलबी यतिन, कायर यतिन. मैं ब्राह्मण, वह कायस्थ. पेरैंट्स ने घुड़की दी तो मेरे साथ किए इश्कमुहब्बत के सब वादे भूल गया. शादी कर के बच्चे पैदा कर के ऐश कर रहा है. कायर कहीं का. अड़ नहीं सकता था? डरपोक. मैं ने उसे हमेशा की तरह जीभर कर कोसा. फिर दिल से कहा अच्छा ही है, मुंबई में अकेली मस्त जी रही हूं पर दिल ने फिर तुरंत कहा कि चल ?ाठी.
पौन घंटे में मैं होटल पहुंच गई. काफी अच्छी सड़कें बन गई हैं. होटल पहुंच कर मैं ने सुनील को फोन किया. उस ने अपनेपन वाले गुस्से से कहा, ‘‘घर होते हुए होटल में रुकने की तेरी हिम्मत कैसे हुई कोमल? तू होटल से अभी निकल और सीधे घर आ.’’
‘‘सुनील, अब तो मैं थक गई हूं फ्रेश हो कर आराम करने भी लेट गई, शाम को मिलते हैं. थोड़ा सो लूं. असल में मैं कल भी औफिस से घर बहुत लेट आई थी. सौरी, शाम को आती हूं.’’
सुनील अब इतना ही बोला, ‘‘अच्छा, ठीक है, आराम कर ले. शाम को आ जाना विपिन और सुधा भी परिवार के साथ आए हैं. मैं ने तुम लोगों के रुकने का इंतजाम एकसाथ कर दिया था. सामने वाला फ्लैट खाली था, वहीं रुक रहे हैं खास दोस्त.’’
सुनील मेरा बहुत ही खास दोस्त रहा है. इतने सालों में मैं सब से ज्यादा उसी के संपर्क में हूं. वह अपनी पत्नी नीला और बेटे पार्थ के साथ मेरे पास मुंबई भी घूम गया है. न पूछूं तो भी यतिन के हालचाल दे ही देता है. उसे पता है मैं जीवन में कहां अटकी रह गई हूं.
फिर बोला, ‘‘ठीक है, अब आराम कर ले.’’
फोन रख कर मैं ने रूम का जायजा लिया, ठीक है, रूम का करना क्या है, कल वापस चली जाऊंगी. मैं ने कपड़े बदले, कोरोना टाइम ने आदत डाल दी है कि अब भी कहीं से आओ तो कपड़े बदल कर ही बैड पर लेटना है. मैं ने सुनील से झूठ बोला था कि मुझे सोना है. इस शहर में भला इश्क के मारों को नींद आ सकती है?
2 बज रहे थे. मैं ने अपना शोल्डर बैग उठाया, होटल से बाहर निकली और सीधे संजय नगर की तरफ चल पड़ी पैदल. मुंबई में इतने साल बिताने के बाद अब इतनी दूरी दूरी नहीं लगती. पैदल चलने की जगह मिले तो चलना अच्छा लगता है. पर दुनिया में इतनी भीड़ क्यों बढ़ती जा रही है. कौटन मिल एरिया में पहुंच कर मेरे कदम सुस्त हो गए, उदासी वाली सुस्ती थी. वह रहा पहली फ्लोर पर मेरा घर. सामने ही. अंदर नहीं जाऊंगी. मम्मीपापा याद आते हैं. दिल और उदास होगा. मैं थोड़ी देर आसपास देखती रही. सब नए चेहरे ही आतेजाते दिख रहे थे. चौराहे का गुलमोहर का पेड़ नहीं बदला था. मैं ने उस के पास जा कर उसे छुआ. एक दिन यतिन और मैं तेज बारिश में यहीं खड़े हुए थे. मैं ने फिर दूर की बिल्डिंग पर नजर डाली. हां, यहीं रहता है वह. इसी पेड़ के नीचे खड़े हो कर वह मेरे कालेज जाने का इंतजार करता था.
दिल अजीब सा घबराया, तो मैं तेज कदमों से वहां से निकल गई. पैदल चलतेचलते मैदागिन आई. काफी भीड़ थी. अक्तूबर का महीना था. मैं ने इधरउधर चलते हुए चारों तरफ नजर दौड़ाई. हां, यही है. राधा मिष्टान्न भंडार. हमारा हर तीसरे दिन खानेपीने का यही अड्डा था. अब तो बैठने की जगह साफसुथरी लग रही है. मैं चुपचाप एक चेयर पर बैठ गई. एक लड़का और्डर लेने आया कि क्या चाहिए, मैडम? मैं ने कहा कि 1 लस्सी.
1 कचौरी जलेबा. वह चला गया. मेरे अंदर जैसे आंसुओं का एक सैलाब सा उमड़ने को आया जिसे मैं ने रोक लिया. मैं कितनी अकेली हूं. यह मेरा शहर था. यतिन के कारण मेरा सबकुछ छूट गया. प्रेम कितना कष्ट, कितना अकेलापन दे देता है.
जल्द ही लड़का मेरा और्डर ले आया. कचौरी जलेबा यतिन की पसंद है. मैं लस्सी पीती थी. मु?ो भूख लगी थी. मैं धीरेधीरे खातीपीती रही. आसपास के लोगों की नजरों में वही शाश्वत भाव थे, अकेली लड़की. कैसे आराम से खा रही है. मुंबई की एक बात अच्छी है कि वहां लोग किसी भी अकेली लड़की को ऐसे बैठे देख कर हैरान नहीं होते. अब 3 बज रहे थे. मैं फिर चल पड़ी. गोदौलिया तक चलती रही, फिर काशी विश्वनाथ की गलियों में घूमती रही.
बनारस काफी बदल गया है, कुछ विकास तो दिख रहा है. सड़कें अच्छी बन गई हैं, शहर कुछ सुंदर तो लग रहा है. अपना भी लगता अगर मम्मीपापा होते या यतिन ही. यतिन, मैं तुम्हें माफ नहीं करूंगी. तुम ने मु?ो इस दुनिया में तनहा कर दिया है. मैं कैरियर में इतनी सफल. देशविदेश घूमती हूं पर तुम्हें भुला नहीं पाई और तुम यहां अपना संसार सजा कर बैठे हो. बेवफा इंसान.
मैं हर उस गली में घूमी जहां मैं यतिन के साथ घूमा करती थी. 6 बजे मैं दशाश्वमेध घाट जा कर नीचे जाने वाली सीढि़यों के एक कोने में बैठ गई. यतिन और मेरा कोना. मैं और यतिन कई बार यहां सुबह ही कालेज जाने से पहले आते थे, यहां बैठते थे. यतिन के मुंह से अख्तर शीरानी का यह शेर जरूर निकलता था:
‘‘हर एक को भाती है दिल से फिजा बनारस की,
वो घाट और वो ठंडी हवा बनारस की,
तमाम हिंद में मशहूर है यहां की सहर
कुछ इस कदर है सहर खुशनुमा बनारस की.’’
अपना बैग अपनी गोद में रख कर मैं ने दीवार से सिर लगाया और बस अब मेरा धैर्य चुक गया, हिम्मत टूट गई. मेरी आंखों से आंसू बह निकले, मेरी हिचकियां बंध गईं. इस समय मेरे औफिस का कोई भी कलीग मु?ो देखता तो यकीन न कर पाता कि यह मैं हूं.
औफिस में हरदम खिलखिलाती, कर्मठ, जोशीली, ऐक्टिव, एडवैंचरस लड़की घाट पर यों बैठ कर लुटीपिटी रो रही है. हां, अंदर से मैं ऐसी ही हूं, अकेली, दुखी, निराश. मन करता है पति हो, बच्चे हों, एक दुनिया हो पर यतिन का क्या करूं जो दूर रह कर भी मेरे साथ हरदम
रहता है. उस का प्रेम दिल में ऐसी धूनी रमा कर बैठा है कि हिलने को तैयार नहीं. कितना जिद्दी होता है प्रेम.
शादी में जाना है, टाइम हो रहा है, तैयार होना है, सोच कर मैं वहां से होटल आ गई.
दोस्तों के फोन पर फोन आने शुरू हो गए थे. मैं ने आ कर शौवर लिया. अब थकान थी, मन हुआ सब छोड़ कर थोड़ी देर सो जाऊं. शुभी की शादी न होती तो आती भी न. दिल भारी था पर तैयार होना ही था. यतिन की पसंद की गुलाबी रंग की प्लेन शिफौन साड़ी खरीद कर लाई थी. साथ में नाखुक सा डायमंड सैट पहना, खुद को शीशे में देखा तो अच्छा लगा, कुछ देर देखती रही, आंखें बंद कीं, कल्पना की जैसे यतिन ने पीछे से आ कर गरदन चूम ली हो. होंठों पर एक मुसकान आ गई तो आंखें खोलीं. कहीं कोई न था. हम सब दोस्त सोशल मीडिया पर भी एकदूसरे से जुड़े हैं,. बस मैं और यतिन नहीं जुड़े. सुना है वह सोशल मीडिया पर है ही नहीं. इसलिए मुझे नहीं पता कि अब वह कैसा दिखता होगा. मैं तैयार हो गई तो सुनील ने मेरे लिए अपनी कार भेज दी. थोड़ी दूर के एक होटल में ही शादी थी. दोस्तों को देख कर दिल भर आया. सब बहुत प्यार से मिले. सब बहुत अच्छे लग रहे थे. उम्र थोड़ा असर दिखा रही थी पर सभी अच्छे लग रहे थे. शुभी को तो मैं ने देर तक गले से लगाए रखा. हंसीमजाक का दौर शुरू हुआ तो माहौल खिल उठा. हम सब पासपास के सोफों पर बैठ गए. सुनील और नीला काफी व्यस्त थे.
मैं ने कहा, ‘‘तुम हम लोगों की चिंता मत करो. हम घर के ही लोग हैं, दूसरे मेहमानों को देखो.’’
दिल जिसे ढूंढ़ रहा था. उस का कहीं अतापता ही नहीं था. किसी से पूछा भी नहीं गया. दोस्त तो दोस्त हैं, समझ गए.
मीना ने पूछा, ‘‘किसी का इंतजार कर रही हो क्या?’’
मैं हंस पड़ी पर चुप रही. उस ने मुझे एक तरफ देखने का इशारा किया. देखा, यतिन मेरी पसंद की ब्लैक शर्ट, क्रीम ट्राउजर में चला आ रहा था. उस के साथ उस की पत्नी थी जिस ने साथ चल रहे बेटे का हाथ पकड़ रखा था. यतिन की गोद में एक छोटी गोलमटोल प्यारी सी बच्ची थी. परफैक्ट फैमिली पिक्चर चली आ रही थी. यतिन मेरे सामने आ कर खड़ा हो गया. उस की गहरी आंखों में बेचैनी का एक समुंदर जैसे उमड़ा चला आ रहा था.
कहने लगा, ‘‘कैसी हो, कोमल? इन से मिलो, यह मीता, बेटा यश और बेटी समृद्धि.’’
मैं बुरी तरह चौंकी. मैं उस से हंसहंस कर कहा करती थी कि जब हमारी शादी हो जाएगी. हम अपने बच्चों का नाम यश और समृद्धि रखेंगें. भरापूरा घर लगा करेगा.
मीता ने मुसकराते हुए हायहेलो किया. मीता भी मुझे अच्छी लगी. फिर वह सब से मिला. वह सब से हंसबोल रहा था पर उस की नजरें मुझ पर टिकी थीं. मीता को भी यहां कई लोग जानते थे. मैं उस के बच्चों के नाम पर अटक गई थी. मैं ने उस की पसंद का, उस ने मेरी पसंद का रंग पहना था. वह कोशिश कर रहा था कि उस की बेटी उस की गोद से थोड़ी देर उतर जाए. मीता भी कोशिश कर रही थी कि उसे गोद में ले ले. फिर सब इस बात पर हंसने लगे.
यतिन बताने लगा, ‘‘यह मुझे छोड़ती ही नहीं है. जितनी देर घर पर रहता हूं मुझसे पूरी ड्यूटी करवाती है.’’
यतिन जितनी भी बातें कर रहा था, मुझे लग रहा था कि वह मुझे बताना चाहता है, मुझसे अपनी बातें करना चाहता है पर सीधे कर नहीं पा रहा है. फिर वह बच्ची को वहां घूम रहे वेटर्स से एक गिलास जूस ले कर पिलाने लगा. यश और बच्चों के साथ मस्त हो गया. मीता मुझसे 3 सोफे दूर ही बैठी हुई थी. स्नैक्स चलते रहे. अचानक यतिन उठ कर खानेपीने के स्टाल्स का एक चक्कर लगा कर आया और मु?ा से आ कर कहने लगा, ‘‘टमाटर चाट भी है, जाओ, खा लो.’’
मेरा दिल जैसे थमने को हुआ. उफ, यह आज भी नहीं भूला कि टमाटर चाट मुझे इतनी पसंद थी कि मैं रोज खा सकती थी. मैं ने उस की आंखों में देखा, जबां चुप भी रहे तो भी आंखें कितनी बातें कर सकती हैं, यह मैं ने इस पल जाना. और जो उस की नजरों ने कहा, मेरा बेचैन दिल शांत होता चला गया. हां, वह भी मुझे भूल नहीं पाया था. उसे भी मैं याद आती हूं, मेरी 1-1 बात उसे आज भी याद है.
फिर बोला, ‘‘कल शाम को कितने बजे की फ्लाइट है?’’ मैंने कुछ नहीं कहा. थोड़ी हैरान थी कि उसे पता है कि मैं कल ही जा रही हूं. मेरी खबर रखता है.
‘‘आज दिनभर क्या किया?’’
‘‘सब पुरानी जगहों पर अकेले घूमी?’’
‘‘मुझे भी बुला लिया होता.’’
‘‘आदत है मुझे.’’
‘‘इसी बात का तो दुख है.’’
आज मैं उसे नए रूप में देख रही थी, अपनी पत्नी और बच्चों का ध्यान रखते हुए एक पुरुष के रूप में. अपनी प्रेमिका से बरसों बाद मिलने पर एक बेचैन से प्रेमी के रूप में. शादी के प्रोग्राम चलते रहे थे. पर हम दोनों लगातार एकदूसरे को जीभर कर देख रहे थे. चलते हुए मीता ने कहा, ‘‘आप अभी हैं तो घर हो कर जाना.’’
‘‘नहीं, मैं तो कल ही जा रही हूं,’’ कह मैं यतिन को परिवार के साथ जाते देख रही थी.
अचानक वह पत्नी को वहीं छोड़ कर जल्दीजल्दी चल कर वापस आया, पूछा, ‘‘अब कब आओगी?’’
मेरा मन हुआ मैं उस से लिपट कर रो पड़ूं सब भूल जाऊं. मगर मैं ने बस ‘न’ में गरदन हिला दी. वह सुस्त कदमों से लौट गया. कैसे कहूं यतिन तुम्हारे शहर में आना इतना आसान नहीं है. कदमकदम पर यादें बिखरी हैं जिन्हें समेटने में मेरा दिल लहूलुहान हुआ चला जा रहा है. इस बार मेरे दिल ने मुझे ‘चल झूठी’ नहीं कहा.
