‘‘हमारी बहू के कदम तो बड़े ही शुभ हैं. घर में पड़ते ही सभी की किस्मत चमक उठी,’’ सीमा आंटी यह बात अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों को दिन में कम से कम 10 बार तो जरूर सुनाती थीं.
1 महीना हो गया था सोहन और गौरी की शादी हुए. सोहन ने भी क्या किस्मत पाई थी, जो गौरी जैसी सलीकेदार, पढ़ीलिखी दुलहन मिली. सोहन खुद कई बार फेल होने के बाद बड़ी मुश्किल से 12वीं कक्षा पास कर पाया था. ऐसे लड़के को भला कौन सी नौकरी मिलने वाली थी? यह तो सिफारिश से चिपकाने के लायक भी नहीं था.
मनोज अंकल कमिश्नर के सैक्रेटरी के पद पर थे. उन्होंने बहुत कोशिशों के बाद गांव में रास्ता बनवाने का ठेका अपने बेटे को दिलवाया तो कहने को सोहन कमाऊ बेटा हो गया. लेकिन ठेकेदारी से हाथ में थोड़ाबहुत पैसा क्या आ गया, सोहन लड़कियों के साथ गुलछर्रे उड़ाने लगा.
मनोज अंकल व सीमा आंटी को उस की चिंता होने लगी. उन्होंने सोचा, वैसा ही किया जाए जैसा हमारे समाज में ज्यादातर मांबाप करते हैं. उस की शादी कर दी जाए तो घर के खूंटे से बंधा रहेगा. लेकिन जानपहचान में, रिश्तेदारी में कोई भी अपनी लड़की सोहन को देने के लिए राजी नहीं था
तब मनोज अंकल ने गांव से दूर गौरी नाम की लड़की ढूंढ़ी, क्योंकि इतनी दूर सोहन के गुणों के बारे में कोई नहीं जानता था. गौरी के पिता उस गांव के वैद्य थे. जड़ीबूटियों से लोगों का इलाज करते थे. लोग उन की बड़ी इज्जत करते थे.
सोहन हर लिहाज से नालायक वर था सिवा एक चीज के और वह थी उस की खूबसूरती. उस का बोलचाल का तरीका भी एकदम भिन्न था. उस के तौरतरीके इतने अच्छे थे कि सामने वाला धोखा खा जाए और गौरी के पिता भी धोखा खा गए.
सोहन के व्यक्तित्व और मनोज अंकल के रुतबे से गौरी के पिताजी इतने प्रभावित हो गए कि इन लोगों के बारे में ज्यादा खोजबीन करने की सोची ही नहीं. मनोज अंकल व सीमा आंटी भी बिना दहेज के चट मंगनी और पट ब्याह कर के बहू को घर ले आए.
सचाई कितने दिनों तक छिपती और कैसे छिपती? महीने भर के अंदर ही गौरी को सारी असलियत का पता चल गया. सोहन कहने भर को ठेकेदार है और ऊपर से अनपढ़ टाइप. उधर छोटे से गांव में रहने वाली गौरी ने दूर शहर जा कर एम.ए. की डिगरी हासिल की थी. वह भी दिखने में बहुत खूबसूरत थी और एकदम सलीकेदार थी.
गौरी जान गई कि इस शादी में उस के साथ धोखा हुआ है. मगर मांपिताजी से कैसे कहे? कब कहे? जब भी फोन पर उन से बात होती है घर का कोई न कोई सदस्य सामने जरूर मौजूद रहता है.
सीमा आंटी ने अपनी चालाकी का जाल बिछाना शुरू किया. वे बहू के बारे में सभी से अच्छीअच्छी बातें करतीं, उस की तारीफों के पुल बांधतीं, गुणों के कसीदे पढ़तीं. मनोज अंकल के वेतन में बढ़ोतरी हुई तो सीमा आंटी ने इस का भी श्रेय बहू को दिया कि हमारी बहू इतनी किस्मत वाली है कि उस के आते ही हमारी आमदनी बढ़ गई. साक्षात लक्ष्मी है हमारी बहू.
मनोज अंकल की सिफारिश पर सोहन को एक बड़ा ठेका मिल गया. यह भी बहू के शुभकदमों का कमाल था. एक शुभ काम वाकई में हुआ. वह यह कि मनोज अंकल की छोटी बेटी पूजा की शादी तय हो गई. पूजा दिखने में बहुत ही साधारण और मर्दाना व्यक्तित्व की मालकिन थी. पढ़ीलिखी थी, मगर कोई सलीका नहीं.
पूजा की शादी तय होना वाकई में अजूबा था. वर इतना अच्छा मिला कि पूछिए मत. इंजीनियर पिता का इकलौता लड़का. दिल्ली में नौकरी कर रहा था. मांपिताजी मुंबई में रहते थे. शादी के बाद पूजा को सासससुर का कोई झंझट नहीं. उन की सारी फैमिली एकदम खुले विचारों वाली थी.
सुमन आंटी 7वें आसमान पर थीं, ‘‘देखो, मेरी बहू के कदम पड़ते ही हमारी किस्मत तो सच में चमक गई. कितना अच्छा दामाद मिल गया. इतने भले लोग तो ढूंढ़ने पर भी नहीं मिलेंगे. क्या किस्मत पाई है हमारी पूजा बेटी ने,’’ सीमा आंटी अपने समधियों के गुण गाते नहीं थकती थीं.
सोहन और गौरी की शादी के 4 महीने बाद ही बड़ी धूमधाम से पूजा की शादी हो गई. पूजा अपने पति के साथ दिल्ली चली गई. बहू और बेटी का तीज का पहला त्योहार आया. सीमा आंटी ने जोरशोर से तैयारी शुरू कर दी.
‘‘हम तो पूजा को यहीं बुला लेंगे. उस का पहला त्योहार है न. 8-10 दिन हमारे साथ रहेगी. उस के सासससुर को भी न्योता भेजेंगे. 2-3 दिन के लिए वे लोग भी आ जाएंगे. समधियों को खुश रखना जरूरी है न?’’
एक दिन सीमा आंटी अपनी पड़ोसिन से कह रही थीं.
‘‘तो क्या गौरी भी अपने मायके जाएगी? उस का भी तो पहला त्योहार है,’’ पड़ोसिन ने खोजबीन शुरू की.
‘‘घर की बहू है. समधी लोग आएंगे तो घर की बहू का घर में होना जरूरी है. फिर वैसे भी उस छोटे से गांव में जा कर
क्या त्योहार मनाना?’’ सीमा आंटी ने सफाई दी.
‘‘उस का भी तो मन होगा मायके जाने का?’’ पड़ोसिन सीमा आंटी को कहां छोड़ने वाली थी.
‘‘इतने लोग आने वाले हैं, घर का काम कौन करेगा?’’ सच बात आंटी की जबान पर आ ही गई.
त्योहार सिर्फ बेटी के लिए था, बहू ने तो नौकरानी का दर्जा पाया था.
गौरी ने अपना मन मार कर सब का स्वागत किया. ढेर सारे पकवान बनाए. ननद के सासससुर, ननदोई खुश हो कर चले गए. गौरी समझ गई साल के सारे त्योहार, जो उस के भी पहले त्योहार होंगे, खुशी मनाने के बजाय काम करने में ही बीतेंगे.
पूजा 8 दिन और रही. उस के तौरतरीके, रंगढंग इस कदर बदल चुके थे कि
सामने वाला पहचान न पाए. जींस, शौर्ट कुरता, स्कर्ट, टौप व अलगअलग फैशन के जूते पहनती. मनोज अंकल व आंटी को यह सब बहुत अच्छा लगता था.
‘‘हमारी बेटी की किस्मत तो देखो, उस के सासससुर ने उसे सब कुछ पहनने की इजाजत दे रखी है. कहते हैं लड़कियों को तो नौकरी करनी चाहिए. जाते ही हमारी पूजा नौकरी ढूंढ़ेगी,’’ सीमा आंटी अपनी पड़ोसिन से कह रही थीं.
पड़ोसिन क्या कहती? वह तो हर रोज गौरी को सिर पर पल्लू लिए रसोई में खाना बनाते देख रही थी. सीमा आंटी खुद तो स्लीवलैस ब्लाउज पहनती थीं, तरहतरह की लिपस्टिक लगाती थीं, मगर बहू फुलस्लीव ब्लाउज पहने और बिना मेकअप के रसोई में पसीने में नहाती दिखाई देती.
सोहन, जो गौरी का पति था, अपनी कमाई बाहर उड़ाता था. जो पति अपनी पत्नी की कदर नहीं करता, उस का सम्मान नहीं करता उस की इज्जत बाकी घर वाले भी नहीं करते. वह घर वालों के लिए महज नौकरानी बन कर रह जाती है.
गौरी देखने में बहुत सुंदर थी. अगर बहू बनठन कर रहे तो अपनी बेटी फीकी पड़ जाएगी, इस ईर्ष्या से सीमा आंटी बहू को संवरने नहीं देतीं. उस के लिए बेढंगे ब्लाउज सिलवा कर लातीं.
‘‘हम तो पुराने खयालात के लोग हैं,’’ कह कर बहू पर पाबंदियां लगाती रहतीं.
गौरी ने एक बार दबे मुंह कह दिया, ‘‘पूजा के तो सारे शौक पूरे होते हैं. हमें तो नौकरानी बना कर लाया गया है.’’
गौरी के मांपिताजी को कभी न्योता नहीं गया, न गौरी को मायके भेजा गया. पूजा 6 महीने में चौथी बार मायके आ गई. आंटी का सोशल वर्क यानी किट्टी पार्टी, क्लब जाना, महिला मंडल जाना, पिक्चर देखने जाना बढ़ गया.
साल बीत गया. गौरी मां बन गई. एक नन्हे से प्यारे बेटे को जन्म दिया.
‘‘कसबे में बच्चा कैसे होगा?’’ कहकर सीमा आंटी ने उसे ससुराल में रोक लिया था.
‘‘वहां की औरतों के भी बच्चे होते हैं. इतनी ही सुविधाएं वहां भी मौजूद हैं,’’ गौरी ने अपना पक्ष रखने की कोशिश की थी मगर
उस की कौन सुनता? सोहन तो गौरी का कभी था ही नहीं, जो उस के पक्ष में बोलता. न गौरी मायके गई, न उस के मांपिताजी को न्योता गया.
40 दिन तक गौरी को जिस्मानी आराम तो मिल गया, मगर उस का मन रोता रहा. 40 दिन होते ही सीमा आंटी पुण्य कमाने 20 दिन की तीर्थ यात्रा पर चली गईं. बहू के लिए 40 दिन का आराम बहुत है. बहू कमर कस कर काम पर लग गई.
भाभी की मदद करने पूजा आ गई. वह बच्चे ले कर कमरे में लेटी रहती और गौरी किचन में खड़ी उस की फरमाइशें पूरी करती.
‘भाभी आज मालपूए बनाओ’, ‘भाभी आज कचौडि़यां खाने को मन कर रहा है.’
घर के कामों में गौरी इस कदर उलझ गई कि बच्चे को वक्त पर दूध भी न पिला पाती. उस का दूध सूख गया. बच्चा कमजोर होता चला गया.
20 दिन बाद वापस आ कर सास ने बहू को खूब सुनाया, ‘‘कैसी मां हो, बच्चे को वक्त पर दूध भी नहीं पिलाया. हमारे पोते को दुबला कर दिया. बच्चे को देखने के लिए पूजा तो थी, तुम्हें क्या काम था?’’
गौरी क्या बताती? 2 महीने बाद बच्चे का नामकरण करना तय हो गया. सभी रिश्तेदार आए, पूजा के सासससुर आए. उन्होंने गौरी से पूछा, ‘‘तुम्हारे मांबाबूजी नहीं आए?’’
गौरी ने जवाब दिया, ‘‘बुलाएंगे तभी तो आएंगे.’’
पूजा के ससुरजी से रहा न गया. उन्होंने मनोज से पूछा, ‘‘गौरी के मांबाप तो कभी दिखे नहीं.’’
सीमा आंटी ने बखूबी जवाब दिया, ‘‘अजी, पहले से ही इतने सारे मेहमान आए हैं और लोग कहां समाएंगे?’’
‘‘बच्चे के नामकरण पर बहू अपनी सास को तोहफा देती है, ऐसा हमारे यहां रिवाज है,’’ सीमा आंटी की जेठानी ने आग में घी डालने का काम शुरू किया, ‘‘अरे, बहू तो आप के लिए कोई तोहफा लाई ही नहीं. क्या सिखा कर भेजा है इस के मांबाप ने?’’
गौरी कहां से तोहफा लाती? उस के पास पैसे कहां थे. सोहन ने कभी उस के हाथ में पैसे दिए ही नहीं. फिर उस की मां उसे कब सिखातीं? शादी को सवा साल से ऊपर हो गया था, मां से मिलना नहीं हुआ था. मां यह सब कब सिखातीं?
इस शादी में उस के और उस के परिवार के साथ धोखा ही हुआ था. ऐसा निठल्ला पति और पाबंदियों में दबा कर रखने वाले सासससुर पा कर उस के हिस्से में काम और ताने ही आए थे.
पूजा के सासससुर को मनोज अंकल व सीमा आंटी का गौरी के प्रति रवैया काफी अच्छा नहीं लगा. पूजा की सास से रहा न गया. वे उठ खड़ी हुईं और बोलीं, ‘‘उस की मां न आ सकीं तो क्या हुआ? मैं हूं न, यह मेरी बेटी है, सास का सगुन मैं दूंगी,’’ और उन्होंने अपनी सोने की अंगूठी उतार कर थाली में रख दी.
सब के मुंह बंद हो गए. सीमा आंटी चुप रह गईं. समारोह खत्म होने के बाद सीमा आंटी अपनी जेठानी से कह रही थीं, ‘‘देखिए, मेरी बेटी के सासससुर कितने भले लोग हैं. ऐसे सासससुर किसीकिसी को ही मिलते हैं. उन्होंने तो दूसरे की बेटी को भी अपनी बेटी मान लिया. क्या किस्मत पाई है मेरी बेटी पूजा ने.’’
बगल में खड़ी पड़ोसिन मन ही मन सोच रही थी कि आंटी 1 बार सिर्फ 1 बार गलती से ही सही, अपनी बहू की किस्मत पर गौर कीजिए.
