Couple Goals : अफयेर होना आजकल काफी आम है. कई लोग तो शादी से पहले ही अपने प्रेम संबंधों को शारीरिक संबंध तक ले कर चले जाते हैं और बाद में कई बार किसी वजह से ऐसे लोगों की शादियां उन के प्रेमी या फिर प्रेमिका से नहीं हो पाती. ऐसे में जो भी पार्टनर उस इंसान को मिलता है, तो क्या उस से अपने पुराने संबंधों के बारे में जिक्र करना चाहिए...
हाल ही में टीसीएस के रिक्रूट मैनेजर मानव शर्मा की आत्महत्या का मामला काफी सुर्खियों में रहा. इस केस में पूरा विवाद ही पत्नी के शादी से पहले का अफयेर था जिस के बारे में निकिता ने खुद अपने पति को यह बात बताई थी. लेकिन पति को यह बरदाश्त नहीं हुआ और वह निकिता से तलाक लेना चाहता था लेकिन वह तलाक देना नहीं चाहती थी. इस के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि मानव ने आत्महत्या कर ली.
सिक्के का दूसरा पहलू
इस कहानी का सच क्या है यह तो तफ्तीश में सामने आ ही जाएगा. लेकिन इस से एक सवाल जरूर उठ खड़ा हुआ है कि क्या शादी से पहले के अफयेर के बारे में पार्टनर को सबकुछ बताना चाहिए या नहीं?
इस बारे में सब की अपनी अलगअलग राय हो सकती है. जहां आकाश का इस बारे में कहना है कि यह तो पतिपत्नी के संबंधों और आपस की बौंडिंग पर निर्भर करता है कि क्या और कितना बताया जा सकता है, वहीं सुषमा का कहना है कि कुछ सच छिपाने में ही समझदारी है वरना रिश्ते में विश्वास और प्यार खत्म हो जाता है. बस, ध्यान रखना चाहिए कि इस तरह की गलतियां दोबारा न हो.
