Monsoon Special 2025: सीजन बदलने के साथ हाउसवाइफ के किचन से जुड़े बहुत से काम बढ़ जाते हैं. हर मौसम के हिसाब से किचन में मसालों, दालसब्जियों को अपडेट करना, किचन की सफाई करना जैसे ऐसे बहुत से काम हैं जिन्हें गिना नहीं जाता. ये तो बस औरतों के काम हैं और इन में वक्त ही कितना लगता है, यह सोच कर कोई उन की मदद के लिए आगे नहीं आता. बड़ी बात तो यह कि औरतें ही औरतों के कामों को नकार देती हैं कि आखिर वे करती ही क्या हैं.
अब वक्त आ गया है लेडीज अपने काम में अपने पति को इनवौल्व करने का. आखिर कब तक बिस्तर पर लेटे या सोफे पर बैठे बारिश की 2 बूंदें पड़ते ही चायपकौड़ों का और्डर पास करते रहेंगे और आप अकेली झलती रहेंगी हर सीजन की तैयारी?
मौनसून के साथ आती है नमी, सीलन, फफूंदी और किचन में बिन बुलाए मेहमान तिलचट्टे और कीड़ेमकोड़े. दालें सीलन से खराब न हों, मसाले महकते रहें, सब्जियां सड़ें नहीं, इन सब का इंतजाम करना कोई आसान काम नहीं.
अब जब पति को क्रिकेट के मौसम में चाय टाइम पर चाहिए तो क्या उन्हें यह नहीं पता होना चाहिए कि चायपत्ती किस डब्बे में और इलायची कहां है?
