Twins: सिमरन के 2 जुड़वा बेटे हैं। 1 मिनट के अंतर पर पैदा हुए दोनों बेटों में एक की ग्रोथ दूसरे से कम है, मसलन ढाई साल का एक बच्चा पूरी बातें कर लेता है, जबकि दूसरा बीचबीच में कभी 1-1 शब्द बोलता है. इस से बच्चों के पेरैंट्स हमेशा चिंता में रहते हैं कि आखिर दोनों की ग्रोथ एकजैसी होगी या नहीं? क्या डाक्टर से परामर्श ले लेनी चाहिए या नहीं? इस पर वे सोचतेसोचते डाक्टर के पास गए, जहां उन्हें स्पीच थेरैपी करने के बारे में कहा गया, ताकि उस के बोलने की आदत बने. अब दूसरा बच्चा भी कुछ बोलने और समझने लगा है, जो तकरीबन 1 साल बाद हो पाया.
असल में जुड़वा बच्चों के विकास में अंतर हो सकता है और यह गर्भावस्था के दौरान ही शुरू हो सकता है. इस के कारण निम्न हैं :
- प्रत्येक जुड़वा बच्चे को गर्भ में रक्त और पोषक तत्त्वों की अलगअलग मात्रा मिलती है, भले ही वे आनुवंशिक रूप से समान हों. यह विकासात्मक भिन्नता, जिस का बाद में स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ सकता है, जन्म के समय के वजन में अंतर और जीवनभर अन्य विकास संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती है.
- ऐसा देखा गया है कि गर्भाशय में प्रत्येक जुड़वा बच्चे को रक्त और पोषण की अलगअलग मात्रा मिल सकती है, जो जुड़वा बच्चा कम पोषक तत्त्व प्राप्त करता है, उसे विकास संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.
