अरे, रोमा क्या हुआ तुझे? इस उम्र में ही आंटी नजर आने लगी हो. चेहरे पर झुर्रियां तो आंखों के नीचे काले घेरे. ऐसे ही सवालों से कहीं आप का भी न हो सामना, इस के लिए जरूरी है कि आप समय के साथ चलें. आप का खानपान तो सही होना ही चाहिए, साथ ही ऐंटीऐजिंग टिप्स पर भी ध्यान देना जरूरी होगा, जिन के बारे में बता रही हैं मशहूर ब्यूटी ऐक्सपर्ट और एल्प्स की ऐग्जिक्यूटिव डायरैक्टर इशिका तनेजा.
ऐंटीऐजिंग सीटीएमपी: 40 साल के बाद त्वचा ड्राई हो जाती है. ऐसे में क्लींजिंग के लिए नरिशिंग क्लींजिंग मिल्क या फिर क्लींजिंग क्रीम का इस्तेमाल करें. ये त्वचा को रूखा किए बिना डीप क्लीन करते हैं. बढ़ती उम्र की निशानियों में आम समस्या ओपन पोर्स यानी खुले रोमछिद्रों की होती है. समय के साथ ओपन पोर्स बढ़ जाते हैं, जिस के चलते स्किन पर ऐजिंग दिखती है. इन पोर्स को कम करने के लिए क्लींजिंग के बाद टोनिंग जरूर करें. ध्यान रहे कि अलकोहल युक्त टोनिंग प्रोडक्ट त्वचा से नमी चुरा लेता है, इसलिए इस से बचने के लिए लाइकोपिन युक्त टोनर्स का इस्तेमाल करें. नमी की कमी से चेहरे पर झुर्रियां दिखती हैं. इस की रोकथाम के लिए त्वचा पर मौइश्चराइजर जरूर लगाएं. धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना न भूलें.
