प्यार का प्रतीक माने जाने वाले गुलाब से न सिर्फ आप अपने प्रियतम को प्रपोज कर सकती हैं बल्कि आप इस से अपना रंगरूप भी निखार सकती हैं. इस संबंध में जानें एल्पस ब्यूटी क्लीनिक ऐंड एकैडमी की डायरैक्टर भारती तनेजा से.
1. गुलाब की पत्तियों को कुछ घंटे तक धूप में सुखा कर पानी में उबाल लें. जब पानी आधा रह जाए तब इसे छान कर एक बोतल में रख लें. इस प्राकृतिक टोनर को फ्रिज में रखें और दिन में 2 बार रूई की मदद से स्किन टोन करें.
2. होंठों की रंगत को गुलाबी करने के लिए मलाई में गुलाब की पंखडियां मिलाएं और इस पेस्ट को लिप पैक की तरह अपने होंठों पर रात में सोने से पहले लगाएं. सुबह उठ कर लिप्स को पानी की मदद से साफ करें. इस पैक में शामिल मलाई से लिप्स पोषित होंगे तो वहीं गुलाब की लालिमा से खिल भी उठेंगे.
3. गुलाब की पत्तियों का प्रयोग नहाने के पानी में भी किया जा सकता है. इस के लिए नहाने के पानी में रात भर गुलाब की पत्तियां डाल दें और सुबह इस से एरोमैटिक बाथ करें. ऐसा करने से पूरा दिन फ्रैशनैस बनी रहेगी और आप से भीनीभीनी खुशबू भी आती रहेगी.