Hair Serum: आप के चारों ओर लोग हेयर सीरम के गुणों की बात करते नहीं थकते, क्योंकि आज हर यूथ इसे हेयरवाश के बाद इसे नियमित रूप से लगाना पसंद करते हैं. हेयर सीरम से केश सिल्की और खूबसूरत बन जाते हैं, जिस से बिना किसी हेयरस्टाइल के आप खूबसूरत लगने लगते हैं.
असल में स्किन सीरम की तरह हेयर सीरम को ऐक्टिव इनग्रेडिऐंट के साथ फौर्मूलेट किया जाता है, ताकि यह आप के बालों की गहराई में जा सके. हेयर सीरम बालों में फ्रिज को कंट्रोल करने, हेयरस्टाइल को सैट करने और बाहरी प्रदूषण से सुरक्षित रखने के लिए प्रयोग किया जाता है.
हेयर औयल, जहां स्कैल्प को अंदरूनी पौष्टिकता देता है, वहीं सीरम ऊपरी स्तर पर काम करता है. इस के अलावा हेयर सीरम मुख्य रूप से सिलिकन बेस्ड प्रोडक्ट्स हैं, जो आप के बालों पर कोटिंग कर, उन के फ्रिज को स्मूद करते हैं. इसलिए आप को अपने बालों के प्रकार को ध्यान में रखते हुए हेयर सीरम का सही प्रयोग करना चाहिए.
औयली हेयर
जिन लोगों के बाल औयली होते हैं, उन के बारे में अमूमन कहा जाता है कि उन्हें हेयर सीरम का प्रयोग नहीं करना चाहिए, जबकि ऐसा बिलकुल नहीं है. औयली हेयर वाले भी अपने बालों पर हेयर सीरम लगा सकते हैं, लेकिन उन्हें लाइट फौर्मूला वाले हेयर सीरम का इस्तेमाल करना चाहिए. इन लोगों को ग्रेप सीड, एलोवेरा जैसे लाइट इनग्रेडिऐंट वाले हेयर सीरम का इस्तेमाल केशों पर करना चाहिए.
