Perfume Guide: परफ्यूम कोई साधारण चीज नहीं होती. यह आप की मौजूदगी को यादगार बना सकता है. जब कोई आप के पास से गुजरता है और एक हलकी सी खुशबू उस के जेहन में रह जाती है तो समझिए आप ने अपने व्यक्तित्व की एक छाप छोड़ दी है. लेकिन इस असर के लिए सिर्फ अच्छी खुशबू होना काफी नहीं, उसे सही तरीके से लगाना भी आना चाहिए.
परफ्यूम लगाने का सब से अच्छा तरीका यह है कि उसे सीधा त्वचा पर लगाया जाए न कि सिर्फ कपड़ों पर. शरीर के जिन हिस्सों में नब्ज चलती है जैसे कलाई, गरदन, कान के पीछे या कुहनियों के अंदरूनी हिस्से वहां परफ्यूम लगाना ज्यादा असरदार होता है क्योंकि वहां की गरमी खुशबू को धीरेधीरे फैलने में मदद करती है.
परफ्यूम नहाने के बाद लगाना सब से अच्छा होता है लेकिन त्वचा पूरी तरह सूखी होनी चाहिए. बहुत सी महिलाएं परफ्यूम लगाने के बाद कलाई रगड़ती हैं जो एक आम गलती है. इस से खुशबू के ऊपरी नोट्स उड़ जाते हैं और उस का असर कम हो जाता है. बस स्प्रे कीजिए और उसे अपनेआप सूखने दीजिए.
मात्रा का भी ध्यान रखना जरूरी
2 से 4 स्प्रे पर्याप्त होते हैं. बहुत ज्यादा परफ्यूम लोगों को असहज कर सकता है जबकि हलकी और संतुलित खुशबू लंबे समय तक आकर्षित करती है.
