Controversial item songs : जहां एक ओर पूरा देश इराक और ईरान के युद्ध और भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की किल्लत से ले कर बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, औरतों पर अत्याचार आदि से परेशान है, वहीं भारत की मीडिया और कुछ दिग्गज लोग इस बात से चिंता में हैं कि संजय दत्त और नोरा फतेही का आइटम डांस, जो अश्लीलता से भरा नंगा नाच जैसा है वह कैसे रिलीज कर दिया गया, जिस के सिर्फ डांस स्टेप्स और डांस मूवमेंट ही खराब नहीं थे, बल्कि गाने के बोल भी अश्लीलता से भरपूर थे, ऐसे में यह गाना मार्केट में कैसे आ गया?
ऐसे में, सवाल यह उठता है कि हमारे देश में आजकल जहां आएदिन दिनदहाड़े महिलाओं के साथ अश्लीलता की सीमा से बाहर दिल दहलाने वाली हरकतें होती रहती हैं उस पर कोई भी प्रतिक्रिया न दे कर नोरा फतेही और संजय दत्त के डांस को ले कर सभी पगलाए हुए क्यों हैं?

मसाला चाहिए सिर्फ
अगर प्रैक्टिकली देखने जाएं तो दोनों ही ऐक्टर हैं और वे वही करते हैं जो डाइरैक्टर बोलता है. लेकिन लोगों को इस से क्या मतलब, उन को तो दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए मसाला चाहिए.
ऐसे में, ट्रोलर और सब्सक्राइबर की चाह रखने वाली यूट्यूब मीडिया को एक गरम मसाला न्यूज मिल गई, जिस पर मीडिया के खास लोगों ने न सिर्फ कई सैलिब्रिटीज की प्रतिक्रिया लेनी शुरू दी, बल्कि इस बात का बतंगड़ बना कर नेता से अभिनेता तक सभी की राय लेने से नहीं चूके.
