Deepika Padukone : जहां एक ओर भेड़चाल में चलते हुए लोग अपनी राय और पसंद कायम कर लेते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो सही को सही और गलत को गलत कहने की ताकत रखते हैं.
अपनी नापसंदी का सुबूत जहां कुछ लोग शब्दों के बाण चला कर भलाबुरा कह कर अपनी नाराजगी का सुबूत देते हैं, वहीं कुछ लोग बिना कुछ कहे, बिना कोई कमेंट किए भी अपनी नापसंदी का इजहार कर देते हैं.
ऐसा ही कुछ हाल ही में बौलीवुड की जानीमानी हस्ती दीपिका पादुकोण ने शांत रह कर बिना कोई कमेंट किए और सोशल मीडिया पर बिना कोई पोस्ट डाले यह साबित कर दिया कि जो चीज उन्हें पसंद नहीं उस पर वे कोई कमेंट भी नहीं करतीं, भले ही फिर इस में उन का पति ही शामिल क्यों न हों.
पति की सफलता से दूरी
इसी बात का जीताजाता उदाहरण हाल ही में दीपिका पादुकोण के पति रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के दौरान देखने को मिला. दीपिका जहां हमेशा अपने पति की सफलता में पति रणवीर को प्रोत्साहित करने के लिए आगे रहती हैं, वहीं वे इस बार पति की ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बावजूद कहीं नजर नहीं आईं.

दूसरी तरफ ‘धुरंधर’ के डाइरैक्टर आदित्य धर की ऐक्ट्रैस पत्नी यामी गौतम अपने पति की सफलता पर फूली नहीं समाईं और वे हर जगह ‘धुरंधर 2’ की सफलता पर खुश होती और अपने पति सहित सभी को बधाई देती नजर आईं.
इस के विपरीत दीपिका पादुकोण ने फिल्म और रणवीर सिंह को ले कर सोशल मीडिया पर कोई भी बधाई नहीं दी और न ही कोई पोस्ट डाली. इस के बाद सोशल मीडिया पर उन के प्रशंसकों के और कई लोगों के कमेंट्स और रिएक्शन आने शुरू हो गए जिस में कई लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया कि कहीं दीपिका और रणवीर के बीच कुछ खटपट तो नहीं चल रही क्योंकि आजकल बौलीवुड में शादी से ज्यादा तलाक हो रहे हैं.
कुछ खटपट तो नहीं
कुछ ने यहां तक भी कमेंट्स किए कि कहीं दीपिका फिल्म ‘धुरंधर 2’ में दिखाई गई मौजूदा सरकार की तारीफ और गलत फैक्ट्स के चलते नाखुश हो कर फिल्म से जुड़ी हर बात से दूर तो नहीं हैं?
जेएनयू मामला
गौरतलब है कि 2020 में दीपिका फिल्म ‘छपाक’ की शूटिंग के दौरान दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्व विद्यालय में हिंसा में हुई छात्रों के प्रदर्शन में गुप्त रूप से शामिल हुई थीं. ऐसे में कुछ लोगों ने दीपिका को मौजूदा सरकार से दूरी बनाए रखने के चलते पति की फिल्म से भी दूरी बनाए रखने की एक वजह यह भी बताई. हालांकि ‘धुरंधर 2’ फिल्म पर कोई बात न करते हुए दीपिका पति रणवीर के साथ लंच पार्टी में फैमिली के साथ नजर आईं, जिस के बाद रणवीर दीपिका की अलगाव की खबरों पर कम से कम ब्रेक लग गया.

सफलता पर चुप्पी
दीपिका पादुकोण की तरह ही बौलीवुड की कई जानीमानी हस्तियों सलमान, शाहरुख, आमिर खान आदि बौलीवुड स्टार्स की एक खास टोली ने भी फिल्म की सफलता को ले कर चुप्पी साध रखी है. दूसरी तरफ रजनीकांत सहित कई साउथ के कलाकारों ने फिल्म की तारीफ की है.
रणवीर सिंह की इतनी बड़ी कामयाबी पर दीपिका ने कहीं भी फिल्म ‘धुरंधर 2’ या अपने पति रणवीर सिंह की जरा सी भी तारीफ क्यों नहीं की? इस की वजह तो वे खुद ही बता सकती हैं. लेकिन दीपिका जो तभी बोलती हैं जब जरूरत हो, लिहाजा उन्होंने इस बात पर भी चुप्पी साध रखी है. शायद वे इस बारे में बात करना जरूरी नहीं समझतीं.
