Famous couples : आज के समय में सोशल मीडिया, ग्लैमर वर्ल्ड, फिल्मी पार्टी, फंक्शन, पेपराजी और सोशल मीडिया के चलते ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़े लोग चाह कर भी लोगों की नजरों से बच नहीं पाते. इस के बावजूद भी लाइफ या रील लाइफ हरकोई अपनेआप को ज्यादा से ज्यादा दिखाने में जुटा है.
अगर बौलीवुड की बात करें तो हीरो हो या हीरोइन, फिल्म ऐक्टर हो या टीवी ऐक्टर सोशल मीडिया में चर्चा में बने रहने के लिए कई बार पैसे दे कर भी पेपराजी और मीडिया के लोगों को एअरपोर्ट, होटल या जिम के बाहर अपनेआप को कवर करने के लिए बुलाते हैं.
दरअसल, आजकल शो बिजनैस का जमाना है. इस के लिए बौलीवुड या टीवी ऐक्टर जब कहीं पब्लिक प्लेस पर पहुंचते हैं तो कई बार उन के रियल लाइफ पार्टनर या परिवार वाले भी साथ रहते हैं, जो कि ऐक्टर के साथसाथ वे खुद भी कमरे में कैद हो जाते हैं। इसी वजह से कई सारे हीरो या हीरोइन के रियल लाइफ पार्टनर भी अपने लुक्स पर ध्यान दे कर अपटूडेट बने रहते हैं ताकि अपने ऐक्टर पति या पत्नी के साथसाथ वे भी चर्चा में बने रह सकें.
गोविंदा से ले कर शाहरुख और अमीर खान तक कई सारे ऐक्टर्स को फिल्मी पार्टी प्रमोशन के दौरान अपने जोड़ीदार के साथ देखा जाता है.
आज ही सब्सक्राइब करें सरिता
आपके लिए स्पेशल छूट

लेकिन एक सच यह भी है कि जो ऐक्टर रियल लाइफ जोड़ी के साथ पार्टी फंक्शन में ज्यादा दिखाई देते हैं उन ऐक्टरों के फिल्मी कैरियर पर इस का बुरा प्रभाव पड़ता है, जैसे गोविंदा, शाहिद कपूर, अभिषेक बच्चन आदि कई हीरो हैं जो फिल्मी कैरियर में बुरे दौर से गुजर रहे हैं। वहीं ऐश्वर्या राय बच्चन, बिपाशा बसु की बतौर हीरोइन छवि पूरी तरह ठंडी पड़ गई हैं क्योंकि ये भी अपने पति के साथ ज्यादा सोशल जगहों पर नजर आती हैं.
जबकि अगर पिछले हीरोज की बात करें तो बहुत सारे हीरोज अपनी पत्नी को फिल्मी चकाचौंध से दूर रखते थे.
देव आनंद, राजकुमार, राजेंद्र कुमार, शशि कपूर, शम्मी कपूर, राज कपूर, मनोज कुमार वगैरह ऐक्टरों की पत्नियों को कम ही लोगों ने देखा था। इसी तरह माला सिन्हा, वैजयंती माला, वहीदा रहमान आदि हीरोइनों के पति भी न के बराबर पार्टी फंक्शन में नजर आते थे.
अगर आज की भी बात करें तो अनिल कपूर, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, जौन अब्राहम आदि कई सारे ऐक्टर्स अपने लाइफ पार्टनर के साथ किसी पार्टी फंक्शन में ज्यादा नजर नहीं आते.
इस के पीछे की क्या खास वजह है? क्या कारण है कि जब हीरो या हीरोइन अपने लाइफ पार्टनर को फिल्मी पार्टी फंक्शन में साथ ले कर शिरकत करते हैं, तो उन के कैरियर पर इस का बुरा प्रभाव पड़ता है? क्या वजह है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग अपने लाइफ पार्टनर को फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध से दूर रखते हैं और पार्टी में साथ ले कर नहीं आते? पेश हैं, इसी सिलसिले पर एक नजर :
जब हीरोज अपनी रियल वाइफ के साथ पब्लिक प्लेस पर पहुंचते हैं
16 से 25 साल तक की हीरोइन के साथ फिल्मों में डांस, रोमांस, इंटिमेट और किसिंग सीन करने वाले बौलीवुड हीरो जब अपनी बराबर की उम्र की पत्नी के साथ किसी फिल्मी पार्टी फंक्शन में पहुंचते हैं, तो उन के चाहने वाले फैंस स्पैशली लड़कियां और औरतें उस हीरो को इतना अच्छा रिस्पौंस नहीं देते जितना कि उन को उस वक्त मिलता है जब वे अकेले होते हैं या अपनी किसी हीरोइन के साथ होते हैं। इसलिए पुराने जमाने के हीरो जैसे धर्मेंद्र, शशि कपूर, राजकपूर, देव आनंद या अगर आज की बात करें तो अनिल कपूर, आयुष्मान खुराना, मनोज बाजपेयी, इमरान हाशमी आदि कई हीरोज अपनी पत्नियों के साथ फिल्मी पार्टी फंक्शन में कम ही दिखाई देते हैं। इस के पीछे खास वजह यह है कि जिस तरह जब कोई हीरो फिल्म के सेट पर होते हैं, तो सभी की नजरें उन पर होती हैं.
इसी तरह जब कोई हिट हीरो किसी फिल्मी पार्टी फंक्शन में आता है तब भी सब की नजर उस ऐक्टर की हर ऐक्टिविटीज पर होती है। ऐसे में अगर वह पत्नी के साथ होता है तो वह हीरो जरूरत से ज्यादा अलर्ट रहता है, जिस की वजह से वह खुल कर नहीं सामने आ पाता और साथ ही उस को अपनी पत्नी को ले कर डर होता है कि कोई लेडी फैन या हीरोइन कोई ऐसीवैसी हरकत न कर दें जो उस की वाइफ को पसंद न आए और झगड़े का कारण बने.
इन सब वजहों से जो हीरो अपनी पत्नी के साथ फिल्मी पार्टी या फंक्शन में शिरकत करते हैं उन का कैरियर ढलान पर आ टिकता है.
आजकल सोशल मीडिया के जमाने में तो कलाकारों को और ज्यादा ट्रोल होने का डर रहता है. पत्नी के साथ आए हुए हीरो पति की हालत कुछ ऐसी होती है जैसे पुलिस के साथ आए मुजरिम की होती है. लिहाजा गोविंदा हो या शाहिद कपूर, शाहरुख खान हो या रितिक रोशन, लाइफ पार्टनर के साथ सोशल फंक्शंस में आने के बाद उन के कैरियर पर बुरा असर पड़ता है.
यही वजह है कि कई सारे हीरोज अपनी प्राइवेट लाइफ को पब्लिक में लाना पसंद नहीं करते क्योंकि रील लाइफ और रियल लाइफ में बहुत फर्क होता है, जिस के चलते अगर पत्नियां हीरोज की रील लाइफ में घुसने लगती हैं तो हीरो का न सिर्फ कैरियर खराब होता है, बल्कि उस की प्राइवेट लाइफ में भी पंगे शुरू हो जाते हैं.
मशहूर हीरोज की पत्नियों में असुरक्षा की भावना
आजकल जिस तरह से शादी से ज्यादा तलाक हो रहे हैं, ऐसे माहौल में नामीगिरामी पैसे वाले हीरोज की पत्नियों को असुरक्षा की भावना से ग्रस्त होना लाजिमी है क्योंकि पत्नियों को अपने पतियों पर कम ही विश्वास होता है। उन को हमेशा यह डर बना रहता है कि उन के हीरो पति की कोई प्रेमिका या दूसरी पत्नी न बन जाए जो मालदार पति को उड़ा कर ले जाए. यह भी एक वजह है कि हीरोज की पत्नियां या तो अपनेआप को ज्यादा एटिट्यूड में दिखाने की कोशिश करती हैं या शक के चलते अपने खुफिया जासूसों के तहत जो सेट पर या सोशल जगहों पर मौजूद होते हैं उन के जरीए अपने पति पर नजर रखती हैं.
इस के अलावा अगर कोई रिपोर्टर हीरो से पत्नी के सामने उस के अफेयर को ले कर सवाल पूछ ले तो उस हीरो की पत्नी भड़क कर पीटने को भी तैयार हो जाती है। फिर चाहे कृष्णा अभिषेक की पत्नी कश्मीरा हो या गोविंदा की पत्नी सुनीता या फिर कोई और हीरो की बीवी.
ऐसी ही कई वजहों से हीरो की रियल लाइफ वाइफ सोशल या पब्लिक प्लेटफौर्म पर अपने पति के लिए घातक साबित होती हैं.
हीरोइन के सोशल प्लेटफौर्म पर पति को साथ ले कर घूमने के माइनस पौइंट
बौलीवुड हीरोइन के हजारोंलाखों फैन होते हैं जो उन की एक झलक देखने के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं, ऐसे में जब कोई हीरोइन अपने लाइफ पार्टनर के साथ पब्लिक प्लेस पर आती है तो हीरोइन से ज्यादा उन के पति को टैंशन होती है। जैसे अभिषेक बच्चन जहां ऐश्वर्या की खूबसूरती के चलते पब्लिक में एकदम सख्त ऐक्सप्रेशन के साथ नजर आते हैं, ऐश्वर्या के साथ फोटो खिंचवाने में भी आनाकानी करते हैं। वहीं अमिताभ बच्चन जया भादुड़ी के स्वभाव के चलते जया के साथ हमेशा घबराए रहते हैं कि कहीं जया के चक्कर में पब्लिक प्लेस में उन की बेइज्जती न हो जाए। वहीं अभिषेक को टैंशन रहता है कि कहीं कोई गलत इंसान उन की पत्नी और बेटी को छेड़ न दे.
खुले विचारों के शाहरुख खान जहां अपनी पत्नी गौरी और बेटी सुहाना को डिजाइनर कपड़ों के नाम पर ऐक्सपोज करने वाले कपड़ों के साथ खासतौर पर बेटे आर्यन के साथ किसी फिल्मी पार्टी के फंक्शन में पहुंचते हैं, तो बेटे आर्यन के चेहरे पर 12 बजा रहता है और वे बेहद गंभीर मुद्रा में दिखाई देते हैं। इस परेशानी के साथ कि कहीं उन की बहन या मां को कोई गलत कमेंट कर के ट्रोल न कर दें।
इन सभी वजहों से जब हीरोइनें अपने पति के साथ पार्टी या फिल्मी फंक्शन में पहुंचती हैं तो फुल टैंशन में रहती हैं यह सोच कर कि पति के सामने कहीं उन की बेइज्जती या पति की बेइज्जती न हो जाए।
इन बातों से यही निष्कर्ष निकलता है कि फिल्मी सैलिब्रिटीज जो रील और रियल लाइफ दोहरी जिंदगी जीते हैं, उन को अपनी पर्सनल और प्राइवेट लाइफ में सुकून और शांति के लिए अपने लाइफ पार्टनर को ग्लैमर दुनिया की चकाचौंध से दूर रखना चाहिए। अगर ये स्टार्स अपने लाइफ पार्टनर को साथ ले कर जाना भी चाहते हैं तो प्राइवेट फंक्शंस में ले कर जाएं, जहां उन के अपने दोस्त और रिश्तेदार हों और कोई जज करने वाला या नजर रखने वाला या यों कहिए बदनाम करने वाला न हो क्योंकि अगर वे अपने लाइफ पार्टनर को पब्लिक प्लेस पर साथ ले कर जाएंगे, तो न तो वे सहज रह पाएंगे और न ही उन का पार्टनर। दोनों के बीच टैंशन बना रहेगा, जिस से न सिर्फ दिमाग की शांति भंग होगी, बल्कि काम का भी हरजा होगा और लोकप्रियता में गलत असर पड़ेगा.
आज अगर बौलीवुड सैलिब्रिटीज अपनी प्राइवेट लाइफ सुकून और शांति से जीना चाहते हैं तो अपने परिवार के लोगों को सोशल मीडिया और ग्लैमर वर्ल्ड से दूर रखें, इसी में उन की भलाई है.
