Gut Health : पहले भारत में लोग अपनी सेहत को तब ही गंभीरता से लेते थे जब कोई बीमारी हो जाती थी. लेकिन अब लोगों की सोच बदल रही है. आज लोग समझने लगे हैं कि असली सेहत सिर्फ बाहर से नहीं, बल्कि शरीर के अंदर से शुरू होती है, खासकर पेट (Gut) की सेहत से.
आजकल गैस, एसिडिटी, कब्ज और अपच जैसी समस्याएं बहुत आम हो गई हैं. लेकिन अब इन्हें छोटी समस्या नहीं माना जा रहा क्योंकि ये धीरेधीरे पूरे शरीर को प्रभावित कर सकती हैं.
भारत में बदलती लाइफस्टाइल और पेट की सेहत
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बदलते खानपान का असर सीधे हमारे पेट पर पड़ रहा है. लोग ज्यादातर :
-फास्ट फूड.
-पैकेज्ड और प्रोसेस्ड खाना.
-मीठा खाना खाने लगे हैं, जिस से पेट के अच्छे बैक्टीरिया कम होने लगते हैं.
इस के कारण लोगों में :
-पाचन की समस्या.
-बारबार थकान.
-शरीर में कमजोरी जैसी परेशानियां बढ़ रही हैं.
पेट को दूसरा दिमाग क्यों कहा जाता है
हमारा पेट सिर्फ खाना पचाने का काम नहीं करता, बल्कि यह हमारे पूरे शरीर से जुड़ा होता है. इसलिए इसे दूसरा दिमाग भी कहा जाता है.
पेट की सेहत का सीधा असर हमारे :
-मूड पर.-तनाव पर.
-सोचनेसमझने की क्षमता पर पड़ता है.
अगर पेट में अच्छे बैक्टीरिया संतुलित नहीं रहते, तो व्यक्ति को चिंता, चिड़चिड़ापन और मानसिक थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
पुराने भारतीय खानपान का महत्त्व
प्रांशुल अग्रवाल ( Founder, LivLively) कहते हैं कि भारत में पहले से ही पेट की सेहत का ध्यान रखा जाता था. हमारे पारंपरिक भोजन बहुत प्राकृतिक और फायदेमंद होते थे. जैसेकि दही, छाछ, कांजी, इडली और डोसा. ये सभी फर्मेंटेड फूड हैं, जो पेट में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाने में मदद करते हैं.
इस के अलावा रागी, ज्वार और अन्य मोटे अनाज भी पेट के लिए बहुत अच्छा माने जाते हैं.
पेट और इम्युनिटी का गहरा रिश्ता
हमारी इम्युनिटी का बड़ा हिस्सा पेट से जुड़ा होता है. अगर पेट स्वस्थ है, तो शरीर कई बीमारियों से लड़ने में सक्षम रहता है. जैसे :
-एक स्वस्थ गट शरीर को मजबूत बनाता है.
-पोषक तत्त्वों को सही तरीके से एब्जौर्ब करता है और हानिकारक बैक्टीरिया से बचाता है. लेकिन अगर पेट असंतुलित हो जाए, तो शरीर में सूजन और कई बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
रोजमर्रा की आसान आदतें जो पेट को स्वस्थ रखें
गट हैल्थ को सुधारने के लिए बहुत बड़े बदलाव की जरूरत नहीं होती. छोटीछोटी आदतें बहुत बड़ा फर्क डाल सकती हैं :
-घर का ताजा और सादा खाना खाना.
-फाइबरयुक्त फल और सब्जियां शामिल करना.
-खाना धीरेधीरे और ध्यान से खाना.
-पर्याप्त पानी पीना.
-रोज ऐक्सरसाइज करना.
-तनाव कम करने के लिए गहरी सांस लेना.
इन आदतों से पाचन बेहतर होता है और शरीर हलका महसूस करता है.
स्वास्थ्य की नई सोच
आज दुनिया धीरेधीरे इलाज से हट कर रोकथाम (prevention) की तरफ बढ़ रही है. यानि अब लोग बीमारी होने से पहले ही अपनी सेहत का ध्यान रख रहे हैं. गट हैल्थ इसी सोच का सब से बड़ा हिस्सा बन रहा है.
इसलिए पेट की सेहत सिर्फ पाचन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी ऊर्जा, मूड, इम्युनिटी और पूरी लाइफस्टाइल को प्रभावित करती है.
जब हम अपने पेट की देखभाल करते हैं, तो हम असल में अपनी पूरी जिंदगी की देखभाल करते हैं.
