Intimate Hygiene: इंटीमेट हाइजीन को हर मौसम में अच्छी तरह से बनाए रखना बहुत आवश्यक है, यह न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए, बल्कि समग्र स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है. इंटीमेट हाइजीन को ठीक से फॉलो न करने पर बैक्टीरिया और फंगल इन्फेक्शन हो सकते हैं, जो जलन, खुजली और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं. खराब इंटीमेट हाइजीन से मूत्र पथ के संक्रमण (UTI) और अन्य बीमारियां हो सकती हैं.
स्वच्छता बनाए रखने से बदबू और बेचैनी से बचा जा सकता है. इस बारें में विरार, नोवा आईवीएफ फर्टिलिटी की आईवीएफ एक्सपर्ट डॉ. ज्योत्सना पालगामकर कहती है कि हमारे यहाँ प्रमुख रूप से तीन मौसम की मार सबको झेलनी पड़ती है और हर मौसम में इंटीमेट हाइजीन को बनाए रखना जरूरी होता है. इंटीमेट हाइजीन को कभी भी निग्लेक्ट नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि बार – बार वेजाइनल इन्फेक्शन से आज की लड़कियों को आगे चलकर प्रेग्नेंसी में भी खतरा हो जाता है. कुछ सुझाव निम्न है.
मॉनसून में इंटीमेट हाइजीन
मॉनसून में इंटीमेट हाइजीन को बनाए रखना काफी मुश्किल होता है. इस मौसम में इसकी समस्या अधिक बढ़ने लगती है, क्योंकि इस समय वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होती है, जिससे यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन की समस्या, महिलाओं में अधिक हो जाती है. गर्मी और पसीने की वजह से बेक्टेरिया के पनपने से वेजाइनल इन्फेक्शन का खतरा अधिक बढ़ जाता है.
