Kitchen Garden: सर्दियां हर घर में ताजा और पौष्टिक सब्जियों की चाह बढ़ा देती हैं. बाजार की महंगी या बासी सब्जियों पर निर्भर रहने के बजाय आज कई गृहणियां घर पर ही अपना छोटा-सा किचन गार्डन तैयार कर रही हैं. इन्हीं में से एक हैं रीना, एक जागरूक और समझदार गृहिणी, जिन्होंने बढ़ते दामों और कम गुणवत्ता वाली सब्जियों से परेशान हो कर अपने घर की बालकनी और गमलों में सब्जियां उगाने का निर्णय लिया.
बीते 2 सालों में इस का परिणाम इतना अच्छा रहा कि अब उस का परिवार रोजाना और्गेनिक, ताजा और स्वादिष्ठ भोजन का आनंद लेता है. आप भी थोड़े से प्रयास और सही जानकारी के साथ अपना किचन गार्डन तैयार कर सकती हैं.
क्या उगाएं
किचन गार्डन में वही पौधे लगाएं जो जल्दी बढ़ते हों और रोजमर्रा की रसोई में उपयोग होते हों. जैसे टमाटर, हरीमिर्च, पालक, मेथी, धनिया, मूली और गाजर. हर्ब्स में तुलसी, पुदीना, लेमनग्रास और धनिया बेहतरीन विकल्प हैं.
लौकी और कद्दू जैसी बेल वाली सब्जियां ट्रेलिस के सहारे आसानी से उगती हैं. गोभी और ब्रोकली भी कम जगह में अच्छे परिणाम देती हैं.
स्थान और रोशनी का चयन
पौधों को प्रतिदिन 3–5 घंटे की धूप और पर्याप्त हवा की आवश्यकता होती है. सर्दियों में अत्यधिक ठंड से बचाने के लिए पौधों को रात में कवर करें. यदि घर में प्राकृतिक रोशनी कम है, तो ग्रो लाइट का उपयोग लाभदायक है.
