Men's Makeup: कई बार ऐक्टर्स की इंटरव्यू के दौरान उन्हें पत्रकार तक पहुंचने में समय लगता है. पता चलता है कि उन्हें मेकअप लेने में देर हो गई, क्योंकि वे बिना मेकअप के आम जनता के आगे आना पसंद नहीं करते, फिर चाहे वे लिजेंड ऐक्टर अमिताभ बच्चन हों या शाहरुख खान, हमेशा मेकअप के साथ आम लोगों के बीच में दिखाई पड़ते हैं.
यह तो हुई कलाकारों की बात, आम जीवन में भी आज के लड़के मेकअप लेने से पीछे नहीं हटते, इस की वजह उन का हैंडसम या स्मार्ट दिखने के अलावा प्रभावशाली व्यक्तित्व का होना भी वे मानते हैं, जो उन के दैनिक जीवन में उन्हें अच्छा एहसास कराता है.
लड़कों में मेकअप ट्रेंड है पौपुलर
यह सही है कि मेकअप आमतौर पर करना लड़कियों का काम माना जाता है, मगर बदलते समय के साथ लड़कों में भी मेकअप का ट्रेंड बढ़ा है. अलगअलग तरह के परफ्यूम के अलावा अब लड़के मेकअप के सामान भी यूज करने लगे हैं.
मेकअप आर्टिस्ट ओजस राजानी कहती हैं कि लड़कों में मेकअप ट्रेंड आजकल काफी बढ़ा है, क्योंकि उन सभी पर हमेशा परफैक्ट दिखने का दबाव है. इस की वजह वे खुद में आत्मविश्वास का बढ़ना मानते हैं, क्योंकि किसी भी जौब में अगर आप क्लीन और फ्रेश दिखते हैं, अगर पर्सनैलिटी अच्छी है, तो उस लड़के को जौब पर रखने की कोशिश की जाती है, खासकर कारपोरेट वर्ल्ड, होटल्स, बैंक्स, कौल सेंटर्स, मार्केटिंग फील्ड्स आदि कई स्थानों पर अच्छी तरह से खुद को ग्रूम किए हुए लड़के ही अकसर जौब के हकदार होते हैं, क्योंकि वहां कस्टमर हैंडलिंग का काम होता है, जहां एक हैंडसम लड़के के पास कोई भी ग्राहक जाना पसंद करता है.
