Personal Grooming: 5 साल पहले सातारा के एक गांव से जौब करने आई निशा को मुंबई की ऊंचीऊंची बिल्डिंग्स और रास्ते बहुत पसंद लगे थे, लेकिन यहां के लोगों के बात करने के तरीके और हावभाव निशा को अपने गांव से बहुत अलग लगा, क्योंकि यहां कोई किसी से अचानक बात नहीं करता. वह जहां रह रही है, वहां भी उस के साथ रहने वाली लड़कियां औफिस से आ कर सीधे अपने कमरे में चली जाती हैं.
एक बार तो वह जब ड्रैस पहन कर औफिस गई, तो सब उसे अजीब नजरों से घूरने लगे. बाद में उसे समझ में आया कि उस का पहनावा सब को अजीब लगा था, जिसे उस के पास बैठने वाली एक कलीग ने बताया. निशा को मुंबई पसंद है, लेकिन वहां टिके रहने और लोगों से जानपहचान बनाने के लिए खुद की ग्रूमिंग करनी पड़ी.
निशा ने औनलाइन सर्च किया और 3 महीने की ग्रूमिंग क्लासेज जौइन भी किया, जहां उसे नए व्यक्ति से बातचीत करने के तरीके, पोशाकों का चयन और कई सारी बातों को समझाया गया.
आज वह अपने बारे में बहुत कुछ समझ चुकी है और अपने माहौल में पूरी तरह से फिट हो चुकी है. साथ ही अब वह जौब को ऐंजौय कर रही है.
