Pre-Wedding Weight Loss: शादी  का दिन बहुत स्पैशल होता है और उस दिन हर दुलहन परफैक्ट दिखना चाहती है. बात खूबसूरती की हो, मेकअप की हो या लहंगे की उसे सब फिट चाहिए. कई दुलहनें पतली दिखने के लिए महीनों पहले डाइटिंग करने लग जाती हैं. मगर इन दिनों वैडिंग इंडस्ट्री एक अनोखी चुनौती से जूझ रही है खासकर अमेरिका में अब शादियों के बाजार में एक नया चलन देखने को मिल रहा है जहां दुलहनों को अपनी मनपसंद ड्रैस खरीदने के साथसाथ एक लीगल पेपर पर भी साइन करने पड़ रहे हैं. यह पेपर इस बात को क्लीयर करता है कि फ्यूचर में वैडिंग गाउन की फिटिंग को ले कर होने वाली किसी भी समस्या के लिए स्टोर जिम्मेदार नहीं होगा.

बड़ी मुशीबतें

दुलहनें अब शादी से 3-4 महीने पहले 10 से 15 किलोग्राम तक वजन घटा रही हैं. इस से लहंगे और गाउन की फिटिंग आखिरी वक्त तक फाइनल नहीं हो पा रही. अब हर 1-2 हफ्तों में कपड़े ढीले होने लगे.

पहले दुलहनें अपनी शादी से 5-6 महीने पहले ड्रैस चुन लेती थीं और फिटिंग का काम इत्मीनान से होता था. लेकिन अब वजन तेजी से घटने के कारण हर 2 से 3 हफ्ते में कपड़े ढीले होने लगते हैं जिस से टेलर और डिजाइनरों के लिए ड्रैस को सही फिटिंग देना एक बड़ी मुसीबत बन गया है. इन दवाओं का इस्तेमाल सिर्फ इसलिए शुरू किया गया है ताकि मोटी दुलहनें भी अपनी शादी के दिन फिट दिख सकें.

पतला दिखने की चाहत

वैडिंग अलबम में पतला दिखने की चाहत अब सेहत पर भारी पड़ रही है. वैडिंग प्लानिंग प्लेटफौर्म ‘जोला’ के एक नए सर्वे में 11,500 से ज्यादा जोड़ों से पूछा गया कि क्या आप वजन घटाने की दवा ले रहे हैं? नतीजा चौंकाने वाला था. इस साल शादी करने वाला हर 10 में से 1 जोड़ा जीएलपी-1 दवा यानी ओजैंपिक, वायगोवी जैसा इंजैक्शन ले रहा है. इतने ही जोड़े इसे लेने का प्लान बना रहे हैं. सब से खतरनाक यह कि जो ले रहे हैं उन में आधे से ज्यादा ने सिर्फ शादी के लिए यह दवा शुरू की. जीएलपी-1 डायबिटीज और मोटापे के मरीजों के लिए डाक्टर की परची पर मिलने वाली दवा है. यह भूख कम करती है, पेट जल्दी भर जाता है पर शादी के लिए बिना बीमारी के लेना मतलब सेहत के साथ खिलवाड़ है.

इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें

‘नैशनल फैमिली हैल्थ सर्वे-5’ के अनुसार, 24% भारतीय महिलाएं अब अधिक वजन वाली या मोटापे से ग्रस्त हैं जो 2015-16 में 20.6% ही था. अप्रैल 2026 की रिपोर्ट्स के अनुसार भारत में शहरी दुलहनों के बीच ‘मुंजारो ब्राइड्स’ का चलन बढ़ गया है जहां वे शादी से पहले तेजी से वजन घटाने के लिए दवाइयों और इंजैक्शन का उपयोग कर रही हैं.

फिटनैस ट्रेनर्स की मानें तो शादी के लिए जल्दबाजी में वजन घटाना खतरनाक है. 1 महीने में 2-3 किलोग्राम से ज्यादा वजन घटाना सेहत के लिए ठीक नहीं होता. दुलहनों को 6 महीने पहले से डाइट प्लान शुरू करना चाहिए.  पतले फिट शरीर पर लहंगा खूबसूरत लगता है मगर इस के लिए सेहत से खिलवाड़ उचित नहीं. पिचके गाल और कमजोर दुलहन से बेहतर है हैल्दी और कौन्फिडैंट दुलहन. याद रखें शादी के फोटो 30-40 साल चलते हैं लेकिन दवा का साइड इफैक्ट जिंदगीभर तकलीफ देता है. अगर शादी से पहले वजन घटाना ही है तो किसी ऐंडोक्राइनोलौजिस्ट और डाइटिशियन से मिल कर 6 महीने का प्लान बनाएं. शौर्टकट जान पर भारी पड़ सकती है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...