Drone Parenting: आज के समय में पेरैंटिंग पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो गई है. बच्चों की पढ़ाई, उन की सेहत, दोस्ती, स्क्रीन टाइम, खानपान और यहां तक कि उन के मूड तक पर मातापिता लगातार नजर रखते हैं.
बच्चे घर के किसी कमरे में हों, स्कूल में हों या दोस्तों के साथ बाहर मातापिता का ध्यान अकसर उन्हीं पर टिका रहता है. यही आदत धीरेधीरे ‘ड्रोन पेरैंटिंग' का रूप ले सकती है.
ड्रोन पेरैंटिंग का नाम उस ड्रोन कैमरे से आया है, जो ऊपर से लगातार हर गतिविधि पर नजर रखता है. इसी तरह कुछ मातापिता भी अपने बच्चों की जिंदगी में इतनी बारीकी से नजर रखने लगते हैं कि बच्चे के पास अपनी दुनिया बनाने और अपने फैसले लेने की जगह कम पड़ने लगती है.
हर समय बच्चे पर नजर
बच्चा क्या कर रहा है, किस से बात कर रहा है, स्कूल में किस के साथ बैठा, उस ने खाना पूरा खाया या नहीं, होमवर्क कब किया, मोबाइल पर कितनी देर रहा वगैरह सवालों का जवाब जानना मातापिता की चिंता का हिस्सा हो सकता है.
चिंता तब समस्या बनती है, जब बच्चे की जिंदगी का लगभग हर छोटाबड़ा फैसला मातापिता की निगरानी में होने लगें.
आज तकनीक ने यह निगरानी और आसान कर दी है. फोन की लोकेशन देखना, मैसेज चैक करना, स्कूल की हर गतिविधि पर अपडेट लेना या बच्चे के सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार नजर रखना, इन सब के पीछे मातापिता का उद्देश्य अकसर सुरक्षा ही होता है. लेकिन सुरक्षा और जरूरत से ज्यादा निगरानी के बीच एक बहुत महीन रेखा है.
