Naked Flying: आजकल युवाओं के बीच नेकेड फ्लाइंग खूब पौपुलर हो रहा है. मगर इस के शाब्दिक अर्थ पर न जाएं, क्योंकि कोई भी बिना कपड़े के कहीं जा नहीं सकता. दरअसल, यह एक ट्रैवल ट्रेंड है, जिस का मतलब है बिना ज्यादा सामान के यात्रा करना, न्यूनतम सामानों के साथ यात्रा या हलके वजन की यात्रा के समान साथ ले जाना होता है, जहां यात्री केवल वही चीजें ले कर जाते हैं, जो उन के लिए बेहद जरूरी हैं, जैसेकि एक छोटा बैग या जेब में रखने लायक सामान. इस का मकसद है यात्रा को तनावमुक्त और आरामदायक बनाना, साथ ही समय और पैसे भी बचाना.
आज दुनियाभर के ज्यादातर लोगों को घूमने का शौक होता है. घूमने से मन को शांति मिलती है. घूमने से न केवल नई जगहों को देखने, उन की संस्कृति जानने और मौजमस्ती करने का मौका मिलता है, बल्कि यह आप की लाइफ को कई तरह से बेहतर बना सकता है. ट्रैवलिंग करने से मैंटल और फिजिकल हैल्थ दुरुस्त रहता है.
बिना झंझट ट्रैवलिंग
इस प्रकार की यात्रा में कपड़े पैक करने से ले कर खानेपीने का समान रखने जैसी कई चीजें शामिल होती हैं, जो किसी भी यात्रा को आसान और मजेदार बनाती है. नेकेड फ्लाइंग में कोई व्यक्ति बिना किसी झंझट में पड़ कर भी ट्रैवल कर सकता है. यह बिना सामान और हैवी लगेज के ट्रैवल करने की कला है. इस में आप बस ऐसी चीजों को ले जा सकते हैं, जो पौकेट में आसानी से फिट हो जाएं. जैसे मोबाइल, चार्जर, वालेट. इस से आप पैसे भी बचा सकते हैं.
