Health Problems

मैं 32 वर्षीय कामकाजी महिला हूं. पिछले 2 वर्षों से मैं नियमित रूप से ऐक्सरसाइज कर रही हूं, लेकिन मेरा वजन कम नहीं हो रहा है. मैं जानना चाहती हूं कि खानपान की वजन कम करने में क्या भूमिका है?

वजन कम करने में खानपान की सब से महत्त्वपूर्ण भूमिका है. आप कितनी भी ऐक्सरसाइज कर लें, लेकिन अगर आप अपनी कैलोरी इनटेक को नियंत्रित नहीं रखेंगी तो वजन कम कर पाना संभव नहीं होगा. दिन में 3 बार मेगा मील खाने के बजाय 6 बार मिनी मील खाएं. गेहूं के बजाय मल्टीग्रेन आटे का सेवन करें. हरी सब्जियां जैसे पालक, मेथी और सरसों खूब खाएं. 1 दिन में 600 ग्राम हरी सब्जियां खाने की कोशिश करें.

जितनी बार भोजन करें उतनी बार आप की थाली में एक ऐसा पकवान जरूर हो, जिस में प्रोटीन हो. चावल, चौकलेट, कौफी, चिप्स, मिठाई तथा फास्ट फूड के स्थान पर सादा, सुपाच्य तथा संतुलित भोजन लें. भोजन को खूब चबाचबा कर खाएं तथा हमेशा कुछ न कुछ खाते रहने से परहेज करें. रात का खाना सोने से 2 घंटे पहले कर लें.

 

मुझे फल खाने बहुत पसंद हैं, लेकिन मुझे डायबिटीज है. ऐसे में क्या मुझे इन्हें खाना बंद कर देना चाहिए?

यह एक सामान्य लेकिन पूरी तरह से गलत धारणा है. जिन्हें डायबिटीज है वे सामान्य लोगों की तरह सभी फल खा सकते हैं लेकिन उन्हें केवल मात्रा का ध्यान रखना है. आप रोज 150-200 ग्राम फल बिना किसी परेशानी के खा सकती हैं. जिन्हें डायबिटीज है, उन्हें ऐसे फल खाने चाहिए जिन का ग्लाइसेमिक इंडैक्स कम हो जैसे सेब, संतरा, पपीता, नाशपाती, अमरूद, अनार. अंगूर, आम, चीकू, पाइनऐप्पल से परहेज करना चाहिए, लेकिन अगर बहुत मन करे तो कभीकभार बिलकुल थोड़ी मात्रा में इन्हें ले सकती हैं. आप कभीकभी 1 छोटा केला भी खा सकती हैं, लेकिन बड़े आकार का केला न खाएं.

 

मैं 45 वर्षीय कामकाजी महिला हूं. मुझे पिछले कुछ महीनों से उच्च रक्तदाब की शिकायत हो गई है. क्या मुझे नमक खाना पूरी तरह बंद कर देना चाहिए?

नहीं, आप को बिलकुल ऐसा नहीं करना चाहिए. शरीर के सुचारु रूप से काम करने के लिए उचित मात्रा में नमक का सेवन जरूरी है. आप का रक्तदाब सामान्य से अधिक रहने लगा है, इसलिए आप को नमक का सेवन थोड़ा कम कर देना चाहिए. जिन्हें हाइपरटैंशन है, नमक का अधिक मात्रा में सेवन उन के रक्तदाब को खतरनाक स्तर तक बढ़ा देता है.

नमक में सोडियम होता है जो रक्तनलिकाओं को कड़ा और संकरा कर देता है. इस से हृदय को शरीर में रक्त पंप करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है, जिस से हृदय रोगों, स्ट्रोक और गुरदे की बीमारियां होने की आशंका बढ़ जाती है. अगर आप नमक का सेवन पूरी तरह बंद कर देंगी तो आप का रक्तदाब खतरनाक स्तर तक कम हो जाएगा और शरीर के दूसरे अंगों की कार्यप्रणाली भी प्रभावित होगी.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...